Hot News

जमुई वायरल वीडियो मामले में 5 पकड़े गये, मुठभेड़ में नंदन यादव घायल, एसपी ने बतायी पूरी कहानी

जमुई. नाबालिग छात्रा से बदसलूकी से जुड़े वायरल वीडियो मामले में जमुई पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अब तक तीन नाबालिगों को पकड़ा है, जबकि दो को गिरफ्तार किया है. मुख्य आरोपित नंदन यादव और हरेराम यादव को मंगलवार को सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव के समीप नदी किनारे से गिरफ्तार किया गया. पुलिस कार्रवाई के दौरान नंदन यादव के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि भागने के प्रयास में हरेराम यादव भी घायल हो गया. दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

एसपी विश्वजीत दयाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

एसपी विश्वजीत दयाल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 21 सितंबर को नाबालिग छात्रा से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी पुलिस को मिली थी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गयी. सोमवार को पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपितों को गिरफ्तार किया था. उनसे पूछताछ के साथ तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपितों तक पहुंची.

हरेराम ने बतायी नंदन के छिपे होने की जानकारी

एसपी के अनुसार मंगलवार को पुलिस टीम नंदन यादव की गिरफ्तारी के लिए प्रतापपुर गांव के समीप नदी किनारे पहुंची थी. इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम हरेराम यादव बताया.

पुलिस के अनुसार हरेराम ने बताया कि नंदन यादव भी आसपास ही छिपा हुआ है. भागने के दौरान गिरने से हरेराम के पैर में चोट लगी थी. इसके बाद पुलिस टीम नंदन यादव की तलाश में आगे बढ़ी.

पुलिस के अनुसार नंदन ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

एसपी ने बताया कि नंदन यादव को पकड़ने के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस की ओर से एक राउंड जवाबी फायरिंग की गयी. इसमें नंदन यादव के दाहिने पैर में गोली लगी. घायल अवस्था में उसे पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

वीडियो वायरल करने के मामले में भी तीन गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि नाबालिग छात्रा से संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में भी कार्रवाई की गयी है. पुलिस के अनुसार रामाशीष चौधरी द्वारा वीडियो वायरल किया गया था और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब वीडियो बनाने, उसे प्रसारित करने और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

बालू और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े होने की भी जांच

पुलिस के अनुसार नंदन यादव और हरेराम यादव के पूर्व में अवैध बालू एवं शराब कारोबार से जुड़े होने की जानकारी भी मिली है. हालांकि, वर्तमान मामले में उनकी भूमिका और अन्य आरोपितों से संबंध की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है.

एसपी ने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. वायरल वीडियो, उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपितों की भूमिका को जोड़कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आयेगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जायेगी.

ये भी पढ़ें : जमुई एनकाउंटर : कुंदर बराज के पास पुलिस पर हमला कर नंदन यादव ने की थी भागने की कोशिश

The post जमुई वायरल वीडियो मामले में 5 पकड़े गये, मुठभेड़ में नंदन यादव घायल, एसपी ने बतायी पूरी कहानी appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top