India US Trade Deal: हिंदुस्तान और अमेरिका ड्रेड डील को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दोनों देश समझौते के बेहद करीब हैं. उन्होंने कहा कि यह समझौता अमेरिका की पिछली व्यापारिक संधियों से काफी अलग होगा. व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि हिंदुस्तान भी इस समझौते को लेकर इच्छुक है. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो हिंदुस्तान दौरे पर हैं.
हिंदुस्तान से ट्रेड डील पर क्या बोले ट्रंप?
पत्रकारों के सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा- हिंदुस्तान समझौता करना चाहता है. हम समझौता करेंगे. हां, हम इसके काफी करीब हैं. ट्रंप ने दावा तो किया है कि प्रस्तावित व्यापार समझौता अमेरिका की ओर से पहले किए गए समझौतों से बिल्कुल अलग होगा. लेकिन, उन्होंने यह नहीं बताया कि इसमें कौन-सी नई शर्तें शामिल होंगी या इसकी औपचारिक घोषणा कब की जाएगी.
कितने हफ्तों में फाइनल हो सकती है ट्रेड डील?
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी व्यापार वार्ता में प्रगति की जानकारी दी है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि समझौते को अंतिम रूप देने में अब महीनों नहीं, बल्कि कुछ हफ्ते लग सकते हैं. रुबियो ने कहा कि दोनों देशों के बीच ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन चुकी है. कुछ तकनीकी बारीकियों को सुलझाना बाकी है. दस्तावेज की भाषा और शर्तों को लेकर दोनों पक्षों की समझ एक जैसी होनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह खुद इस बातचीत में सीधे शामिल नहीं हैं. व्यापार वार्ता की जिम्मेदारी संबंधित प्रतिनिधियों के पास है.
जयशंकर और रुबियो की मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा?
मंगलवार (20 अक्टूबर) को मुंबई में विदेश मंत्री एस जयशंकर और मार्को रुबियो के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने व्यापार के अलावा रक्षा, तकनीक और ऊर्जा सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की. बैठक में हिंदुस्तान-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर हुई प्रगति का स्वागत किया गया. दोनों देशों ने इसे जल्द पूरा करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई. क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए गए.
रुबियो बोले- हिंदुस्तान और अमेरिका के रिश्ते असाधारण
मुंबई में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की मेजबानी में ‘फ्रीडम 250 रिसेप्शन’ आयोजित किया गया. इसमें एस. जयशंकर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए. कार्यक्रम में मार्को रुबियो ने कहा कि हिंदुस्तान और अमेरिका के बीच हर विषय पर एक जैसी राय होना जरूरी नहीं है. कुछ मुद्दों पर मतभेद हो सकते हैं. लेकिन दोनों देशों के राष्ट्रीय हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में असाधारण तालमेल है. उन्होंने मुंबई को हिंदुस्तान की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बताया. रुबियो ने कहा कि दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय मुलाकातें और अधिक होनी चाहिए.
जामनगर दौरे पर ऊर्जा सहयोग रहेगा अहम मुद्दा
मार्को रुबियो बुधवार (21 अक्टूबर) को गुजरात के जामनगर जाएंगे. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे में ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इससे पहले हिंदुस्तान के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मिल्वॉकी और वाशिंगटन में मुलाकात की थी.
दोनों देशों ने फरवरी में व्यापार समझौते के पहले चरण की रूपरेखा तैयार होने की घोषणा की थी. हालांकि, अमेरिकी टैरिफ नीतियों में बदलाव के कारण आगे बातचीत जारी रही. फिलहाल ट्रंप और रुबियो के ताजा बयानों से संकेत मिल रहा है कि समझौता जल्द पूरा हो सकता है. लेकिन इसकी अंतिम तारीख और शर्तों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है.
Also Read: ‘हिंदुस्तान है रिफाइनिंग सुपरपावर’! आखिर रुबियो ने ऐसा क्यों कहा?
The post हिंदुस्तान-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने कहा- हम बेहद करीब, पिछले समझौतों से बिल्कुल अलग होगी यह डील appeared first on Naya Vichar.

