Hot News

ताजा ख़बर

ताजा ख़बर, बिहार

मंत्री जी के भाई ने पिस्टल की नोंक पर जमीन लिखवाया..’ तेजस्वी यादव ने अपहरण का CCTV फुटेज दिखाया

नया विचार बेतिया – बिहार में बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर दबंग ले गए. उसे एक बड़े होटल में साथ लेकर गए फिर कुछ देर के बाद वापस भेज दिया. इस मामले में जो जानकारी सामने आयी है उसके अनुसार, युवक से जबरन जमीन लिखवाया गया है. हालांकि घटना पुलिस के संज्ञान में आने के बाद प्राथमिकी की प्रक्रिया शुरू हुई है. इधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी बेतिया पहुंचे और प्रेस कांफ्रेंस करके घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने रखा. मंत्री के भाई पर उन्होंने हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने बोला हमला तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर बड़ा हमला बोला है. बेतिया में प्रेस-कांफ्रेंस करके उन्होंने इस मामले को उठाया. तेजस्वी ने कहा कि -‘ मंत्री जी के भाई इसमें साफ-साफ दिखा गया कि होटल वगैरह कहीं ले जाकर पिस्टल के दम पर जमीन लिखवाया’. राजद के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है लेकिन अपराधिक प्रवृति के लोग को गिरफ्तार नहीं किया जाता है. तेजस्वी ने कहा कि इस व्यक्ति पर एक नहीं बल्कि दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं लेकिन ये व्यक्ति खुलेआम घूम रहा है. देखें वीडियो  https://youtube.com/shorts/JzZINPBW7GU?si=MvMr5RjoJIGH1S4U सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना दरअसल, एक युवक को जबरन अपने साथ खींचकर एक दबंग लेकर गए थे. इसका वीडियो फुटेज बाहर आया तो सियासी महकमे में भी हड़कंप मच गया. आरोपी एक नेता के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. दिन दहाड़े पिस्टल की नोक पर अपहरण के इस मामले ने पुलिस महकमे को भी चुनौती दी है. जानकारी के अनुसार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महनागनी के शिवपुजन महतो को अगवा किया गया था. जबरन जमीन लिखवा लेने की चर्चा घटना के सीसीटीवी फुटेज में दिखा है कि हाफ स्वेटर पहने हाथ में पिस्टल लटकाए एक व्यक्ति शिवपुजन महतो को खींचकर ले जा रहा है. उसे अपनी कार में बैठाकर वहां से निकल जाता है. आसपास के लोगों ने जब यह देखा तो हैरान रह गए लेकिन भय से कोई कुछ नहीं बोल सका. बताया जा रहा है कि शिवपूजन को एक होटल में लेकर गए और जबरन उसकी जमीन को लिखवा लिया गया. आरोपी पर केस दर्ज किया गया इधर, बेतिया पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया कि आरोपित के ऊपर केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपित स्व कृष्ण प्रसाद का पुत्र पावर हाउस चौक निवासी रवि कुमार उर्फ पीनू (उम्र 48 वर्ष) है.

ताजा ख़बर, बिहार

हेलमेट नहीं तो अब चालान पक्का, 26 जिलों में AI से होगी नियम उल्लंघन करने वालों की पहचान

नया विचार पटना– बिहार में अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना महंगा पड़ेगा. परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. अब AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से जिलों में हेलमेट न पहनने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान की जाएगी. इसके लिए प्रदेश के 26 जिलों के 72 महत्वपूर्ण चौराहों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे, जिससे ऑटोमेटिक चालान काटा जाएगा. यह व्यवस्था एक अप्रैल 2025 से लागू होगी. सख्ती से लागू होंगे यातायात नियम परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि राज्य के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है. स्मार्ट सिटी वाले चार जिलों में यह व्यवस्था पहले से ही लागू है और व्यापक कार्यक्रम के तहत 9 अन्य जिलों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. ये सीसीटीवी कैमरे न केवल यातायात उल्लंघन करने वालों की पहचान करेंगे, बल्कि कानून-व्यवस्था तोड़ने वालों की भी पहचान करेंगे. सीसीटीवी लगाने के प्रस्ताव पर कैबिनेट से मिल चुकी है मंजूरी परिवहन विभाग की मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में 26 जिलों में सीसीटीवी लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है. इससे निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोग सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति अधिक जागरूक होंगे. हेलमेट नहीं लगाने की वजह से 1389 लोगों की मौत बिहार में वर्ष 2023 में हेलमेट न पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में 1389 लोगों की मौत हुई और 905 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. इन मौतों में 882 दोपहिया वाहन चालक और 507 पीछे बैठे सवार थे, जिन्होंने दुर्घटना के समय हेलमेट नहीं पहना था. सड़क दुर्घटना के आंकड़ों पर गौर करें तो पता चलता है कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा मौतें हेलमेट न पहनने के कारण होती हैं. बिना हेलमेट के सड़क पर वाहन चलाने से सिर में गंभीर चोट लगती है, जो जानलेवा हो सकती है. ऑटोमेटिक कटेगा चालान चौराहों पर लगाए जाने वाले अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) तकनीक से लैस होंगे. ये कैमरे वाहन की नंबर प्लेट को अपने आप स्कैन कर लेंगे. किसी भी तरह के ट्रैफिक नियम के उल्लंघन की स्थिति में सिस्टम अपने आप चालान तैयार कर संबंधित वाहन मालिक के पते पर भेज देगा. कैमरे लगाने का काम पूरा करने के लिए मार्च 2025 का लक्ष्य रखा गया है और एक अप्रैल से ऑटोमेटिक चालान कटने शुरू हो जाएंगे. इन 26 जिलों में सीसीटीवी कैमरे से कटेंगे चालान मधेपुरा, सुपौल, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, समस्तीपुर, मधुबनी, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय, बांका, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बक्सर, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, गोपालगंज, सिवान, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, खगड़िया, मोतिहारी.

ताजा ख़बर, समस्तीपुर

किसानों को दी गई मशरूम की उन्नत खेती की जानकारी 

नया विचार सरायरंजन : प्रखंड के जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत स्थित वार्ड 02 में रविवार को डॉ .रेड्डी फाउंडेशन के सौजन्य से मशरूम की उन्नत खेती का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक अखिलेश कुमार ने उन्नत किस्म के मशरूम की उत्पादन विधि,आवश्यक सामग्री एवं मात्रा,सावधानियां, विपणन तथा उसके उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं किसानों को मशरूम के बीज लगाने में प्रयुक्त होने वाले पॉलीबैग की तैयारी का भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कुल 30 किसानों ने भाग लिया। मौके पर चंद्र किशोर झा, सुनील कुमार झा,पिंकू झा, राज नारायण राय, शिव कुमार,श्रवण महतो,संजय कुमार झा,दिनेश राय, महेश राम,आलोक कुमार, धनेश्वर महतो, विशेश्वर पासवान,नीलम देवी, संजू देवी सहित तीन दर्जन किसान मौजूद रहे।

ताजा ख़बर, सड़क दुर्घटना, समस्तीपुर

सड़क हादसे में बाइक एजेंसी के मैनेजर की मौत

नया विचार सरायरंजन : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर स्थित एनएच 28 पर शुक्रवार की दोपहर सड़क हादसे में घायल एक बाइक एजेंसी के मैनेजर की इलाज के दौरान देर शाम में मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख वार्ड 31 निवासी स्व .शिवनारायण मिश्र के पुत्र सुजीत कुमार (49) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया गया है कि उक्त मैनेजर अपने घर से ताजपुर के लिए चले थे। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर के समीप एनएच 28 पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। नतीजतन वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में घायल मैनेजर को इलाज के लिए समस्तीपुर स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर शाम में उनकी मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के पश्चात उसके स्वजनों को सौंप दिया गया।

ताजा ख़बर, बिहार

शराबबंदी के बावजूद बिहार में सबसे ज्यादा पियक्कड़ पटना में, दरभंगा में सबसे कम शराबी

नया विचार पटना– बिहार में सख्त शराबबंदी के बावजूद शराब पीनेवालों की संख्या लाखों में है. पुलिस थानों में दर्ज आंकड़े बताते हैं कि 2024 में एक लाख से अधिक लोग शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार हुए हैं. 2024 में एक जनवरी से 31 दिसंबर तक राज्य भर में शराब पीने के कारण एक लाख 42 हजार 40 लोग गिरफ्तार हुए. बिहार में शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार होनेवालों में पटना के लोगों की संख्या सबसे अधिक है, जबकि सबसे कम गिरफ्तारी दरभंगा जिले में दर्ज की गयी है. शराबबंदी कानून के तहत यह गिरफ्तारी मद्य निषेध विभाग के माध्यम से विभिन्न जगहों पर छापेमारी और अभियान के दौरान हुई है. सबसे अधिक पटना जिले में 17 हजार 617 लोग शराब पीने के कारण गिरफ्तार हुए. वहीं, दरभंगा में सबसे कम 1182 लोग शराब पीने के जुर्म में गिरफ्तार किए गए हैं. पूरे साल में हुई कुल 8 लाख 9 हजार 941 छापेमारी अवैध शराब बिक्री और सेवन के विरुद्ध एक वर्ष में बिहार के विभिन्न जिलों में 8 लाख 9 हजार 941 छापेमारी हुई थी. इसमें कुल एक लाख 19 हजार 941 केस दर्ज हुए. शराब पीने और बीचनेवाले एक लाख 77 हजार 286 लोगों की गिरफ्तारी हुई. 32 लाख 71 हजार 914 लीटर शराब जब्त की गई. इसमें 26.15 लाख लीटर देसी और 6.56 लाख लीटर विदेशी शराब शामिल है. शराब बनाने में काम आनेवाला 137 करोड़ 4 लाख 95 हजार किलो जावा महुआ जब्त किया गया. अवैध शराब लाने-ले जाने और बिक्री में उपयोग होनेवाले 8 हजार 542 वाहन जब्त किए गए। इनमें 6275 दोपहिया हैं. 642 तीन पहिया और 1490 चार पहिया और 135 ट्रक की जब्ती हुई. दूसरे प्रदेशों से सटे जिलों में अधिक गिरफ्तारी यूपी और बंगाल जैसे प्रदेशों की सीमा से सटे जिलों में शराब पीनेवालों की संख्या अधिक है. नेपाल, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल की सीमा इन जिलों से सटे हैं. पटना के बाद भभुआ में सबसे अधिक 8 हजार 722 लोग शराब पीने के अपराध में गिरफ्तार किए गए. पूर्वी चंपारण में 6584, जमुई में 4078, मधुबनी में 4130, किशनगंज में 2517 और सीवान में 5580 लोगों की गिरफ्तारी हुई. अप्रैल 2022 में शराबबंदी कानून में बदलाव के तहत पहली बार शराब पीकर पकड़े जानेपर 2 से 5 हजार तक जुर्माना देकर सजा से बचने का प्रावधान जोड़ा गया था. इसके पहले शराब पीकर पकड़े जाने पर सीधा जेल जाना पड़ता था. मजिस्ट्रेट के सामने या न्यायालय से शुल्क राशि लेकर जमानत मिल जाता है. 1 अप्रैल 2016 से पूर्णशराबबंदी कानून बिहार में एक अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है. इस कानून के प्रावधानों में 5 बार बदलाव किए जा चुके हैं. राज्य प्रशासन ने 2024 में शराबबंदी कानून को सीसीए के दायरे में लाया है. शराब माफियाओं पर सीसीए लगाने का प्रावधान है. शराब के धंधे में जुटे लोगों की संपत्ति जब्त करने का प्रावधान है.

ताजा ख़बर, समस्तीपुर

सीएम के आगमन को ले वारिसनगर का शेखोपुर तैयार

नया विचार समस्तीपुर –  अगामी 13 जनवरी को जिले में सीएम का प्रगति यात्रा को लेकर वारिसनगर प्रखंड के शेखोपुर पंचायत में तैयारी अंतिम चरण में चल रहाहै। वहीं तैयारी का जायजा लेने शनिवार को भी डीएम रोशन कुशवाहा व एसपी अशोक मिश्रा शेखोपुर गांव स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया। साथ ही सभी पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा की इसमें सभी प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट व कर्मी 13 जनवरी को सुबह आठ बजे अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर हर हाल में आ जाना है। बीडीओ अजमल परवेज ने बताया की डीएम के द्वारा गाड़ी का पार्किंग स्थल, वीआईपी का अलग, भी भी आईपी का अलग, सभी प्रतिनियुक्ति पदाधिकारी का अलग पार्किंग बनाने का निर्देश दिया। बीडीओ अजमल परवेज ने बताया कि मुख्यमंत्री में निर्धारित कार्यक्रम को संपन्न कल्याणपुर सिंगार प्रखंड अंतर्गत मुकापुर रेल गुमटी के पास मंदिर के सामने लगे शिलापट्ट पर आरओबी का शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास उपरांत सड़क मार्ग से 12 बजे दिन में शेखोपुर गांव स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सर्वप्रथम जनप्रतिनिधि लोगो से मुलाकात करेंगे उसके बाद शिव मंदिर के सामने पौधारोपण करेंगे, उसके बाद उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास करेंगे और विभिन्न विभागों का लगाए गए स्टालों का दर्शन करेंगे। साथ ही स्टॉल के पास लाभार्थियों से भी मिलेंगे। उसके उपरांत तालाब में मछली का जीरा छोड़ेंगे और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण करेंगे। कल्याणपुर में यात्रा की तैयारी पूरी प्रखंड के वासुदेवपुर व मुक्तापु में अगामी 13 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। वासुदेवपुर गांव में सीएम के आगमन को लेकर आमस दरभंगा सिक्स लेन पर बने हेलीपेड का काम पूर्ण कर लिया गया। वासुदेवपुर गांव से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर नगर निगम क्षेत्र के मुक्तापुर मोइन का जल जीवन हरियाली के तहत मोइन का जीणर्णोद्धार को लेकर मुख्यमंत्री के द्वारा भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पदाधिकारी के द्वारा हैलीपैड स्थल से लेकर मुक्तापुर मोइन तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैरिकेडिंग कर व्यवस्था चारों ओर चुस्त दुरुस्त की जा रही है। सीएम के कार्यक्रम को लेकर दोनों स्थल पर नियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की देख रेख में जगह जगह जिला पुलिस बल व अन्य जिला के पुलिस पदाधिकारी व स्त्री पुलिस बल सहित अन्य अधिकारी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे. समस्तीपुर स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी रही चौकस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दरभंगा परिभ्रमण के मद्देनजर समस्तीपुर स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी द्वारा डॉग स्क्वायड के साथ स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों, यात्री प्रतीक्षालय, नॉर्थ साइड सर्कुलेटिंग एरिया में गहन चेकिंग अभियान चलाया गया है। इसमें जीआरपी समस्तीपुर इंस्पेक्टर बीडी आलोक और आरपीएफ समस्तीपुर के इंस्पेक्टर वेद प्रकाश वर्मा के साथ सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार, सब इंस्पेक्टर श्याम सुन्दर कुमार, राजेश कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और जवानों ने भी हिस्सा लिया है।

अपराध, ताजा ख़बर

एलएनटी फाइनेंस कर्मी से अपराधियों ने पचास हजार रुपए लूटे

नया विचार प्रतिनिधि,मोरवा : हलई थाना क्षेत्र अन्तर्गत बांगड़ के निकट सुनसान सड़क पर शनिवार की शाम मोटरसाइकिल पर सवार अपराधियों ने एलएनटी फाइनेंस कंपनी के कर्मी से पचास हजार रुपए लूट लिये। इसकी सूचना मिलते ही हलई थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। फाइनेंस कर्मी की पहचान बेगुसराय जिला के मंझौल थाना अंतर्गत पारो गांव निवासी पिंटू कुमार बताया गया है। वह एलएनटी फाइनेंस कंपनी के कौआ शाखा में काम करता है। दिनभर कलेक्शन के बाद वह कौवा शाखा लौट रहा था। पीछा करते हुए एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने रोक कर फैट से मारना शुरू किया। फिर मोटरसाइकिल की चावी छीनकर उसकी डिक्की में रखे पचास हजार रुपए लेकर अपराधी फरार हो गए। वे मफलर से अपना मुंह बांधे हुए थे। स्थानीय लोगों की सहायता से कर्मी द्वारा घटना की सूचना हलई थाना अध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह को दी गई। थानाध्यक्ष द्वारा मौके पर पहुंच कर छानबीन करते हुए कर्मी को थाने पर लाकर पूछताछ की जा रही है। समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।

ताजा ख़बर, बिहार

बीपीएससी छात्रों की मांगों को लेकर जन सुराज का प्रतिनिधिमंडल बिहार के राज्यपाल से मिला

नया विचार पटना –  आज जन सुराज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल, पार्टी अध्यक्ष मनोज हिंदुस्तानी के नेतृत्व में राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचा। राज्यपाल से मुलाकात के बाद मनोज हिंदुस्तानी ने मीडिया से बातचीत की और बताया कि हमने छात्रों के आंदोलन से संबंधित सारी बातों से अवगत कराया उन्होंने हमारी बातों को ध्यान से सुना और हमारे ज्ञापन को शुरू से अंत तक अच्छे से पढ़ा। राज्यपाल ने हमसे सबसे पहला सवाल किया कि प्रशांत जी की तबियत कैसी है। हमने उन्हें बताया कि वह ICU में थे और अभी उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। लेकिन अभी भी उनका अनशन जारी है। यह सुनने के बाद महामहिम राज्यपाल जी ने अपील की, प्रशांत किशोर अपना अनशन तोड़ दें।  उन्होंने आगे कहा जहां तक हमारी और छात्रों की मांगों का सवाल था, राज्यपाल जी ने कहा कि ये मांगे जायज़ लगती हैं और छात्रों के शिष्टमंडल को मुख्यमंत्री से मिलवाया जा सकता है। लेकिन उन्होंने प्रशांत किशोर के स्वास्थ को मद्देनजर रखते हुए उन्हें अनशन तोड़ने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी अध्यक्ष मनोज हिंदुस्तानी, किशोर कुमार, सरवर अली, सीताराम यादव, ललन यादव, एन.पी मंडल, अरविंद सिंह शामिल थें।

ताजा ख़बर, बिहार

जीरो टॉलरेंस पर बिहार पुलिस, 32 लाख रुपये की वसूली मामले में SHO गिरफ्तार, ड्राइवर फरार

  नया विचार सारण– बिहार के सारण जिले में पुलिस महकमे में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है. जिसके बाद सारण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार को 32 लाख रुपये की अवैध वसूली के आरोप में हिरासत में ले लिए है. साथ ही चालक अनिल कुमार सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. क्या है मामला ? दरअसल यह घटना 10 जनवरी 2025 की है, जब रोहन कुमार नामक व्यक्ति 64 लाख रुपए लेकर कारोबार के लिए मुजफ्फरपुर जा रहा था. तभी मकेर थाने की पुलिस गाड़ी ने उसे रेवा घाट के पास रोक लिया और शराब होने की सूचना है कहकर वाहन की जांच करने लगे. जांच के दौरान बैग में रखे रुपए को बैग समेत अपने पुलिस वाहन में रख लिया और फिर उन्हें गांव की ओर ले गए. जहां धमकी देते हुए कहा कि तुम सब को गांजा और शराब के केस में फंसा देंगे और उनसे एक बैग जिसमें 32 लाख रुपए थे, उसे अपने पास रख लिया और एक बैग उन्हें वापस कर दिया. तत्काल कार्रवाई इस घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत इसकी शिकायत की. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा से इसकी जांच कराई. जांच में आरोप सही पाए गए. जिसके बाद सारण पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया है. गिरफ्तार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.

ताजा ख़बर, बिहार

राजगीर के बिहार खेल विश्वविद्यालय को UGC से मिली मान्यता, शुरू होंगे तीन नए कोर्स

नया विचार पटना- राजगीर स्थित बिहार स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से औपचारिक मान्यता मिल गई है. यह उपलब्धि राज्य के स्पोर्ट्स और शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी. यूजीसी से मान्यता मिलने के बाद अब विश्वविद्यालय 2025-26 सत्र के लिए शारीरिक शिक्षा और स्पोर्ट्स विज्ञान में स्नातक और डिप्लोमा/स्नातकोत्तर डिप्लोमा (पीजीडी) जैसे शैक्षणिक पाठ्यक्रम शुरू कर सकेगा. शैक्षणिक सत्र 2025-26 से प्रस्तावित पाठ्यक्रम • स्पोर्ट्स कोचिंग में डिप्लोमा/ स्नातकोत्तर डिप्लोमा (PGD): इस पाठ्यक्रम से छात्रों को दो या तीन प्रमुख स्पोर्ट्सों में विशेषज्ञता हासिल करने का मौका मिलेगा. •योग में डिप्लोमा/ स्नातकोत्तर डिप्लोमा (PGD): यह पाठ्यक्रम योग को प्रोत्साहित करने और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया जाएगा. •4 वर्षीय बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (B.P.Ed.) कोर्स भी शुरू किया जाएगा. जो राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) से अनुमोदन के अधीन होगा. स्पोर्ट्स संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा यूनिवर्सिटी के कुलपति के अनुसार बिहार स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय का उद्देश्य शारीरिक शिक्षा और स्पोर्ट्स विज्ञान के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करना है. यह विश्वविद्यालय न केवल छात्रों को शैक्षणिक योग्यता प्रदान करेगा बल्कि उन्हें स्पोर्ट्सों में भी सशक्त बनाएगा. साथ ही इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से बिहार में स्पोर्ट्स संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और खिलाड़ियों एवं छात्रों को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाले अवसरों के लिए सशक्त बनाया जा सकेगा.

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

Recent news

No Posts Found!

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top