Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

पिकअप की ठोकर से 7 वर्षीय बच्ची की घटना’स्थल पर मौ”त, आक्रोशितों ने किया सड़क जाम

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : घटहो थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के समीप घटहो-कांचा मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह पिकअप की ठोकर से एक बच्ची की घटनास्थल पर मौ’त हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटहो-कांचा मुख्य मार्ग को शव के साथ जाम कर दिया। मृतका की पहचान बहादुरपुर गांव निवासी मो. सज्जाद की पुत्री माहिरा प्रवीण (7) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतका के स्वजनों ने बताया कि उक्त बच्ची दुकान से सामान लेकर वापस घर आ रही थी। इसी दौरान घटहो की ओर से एक तेज रफ्तार में पिकअप कांचा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में पिकअप की चपेट में बच्ची आ गई। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक पिकअप को छोड़कर घटनास्थल पर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। उसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। वहीं मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा दिलाने की प्रशासन से मांग कर रहे थे। वहीं घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही घटहो थानाध्यक्ष रजनीश रंजन पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थानीय समाजसेवियों के सहयोग से आक्रोशित लोगों को समझा बूझाकर शांत कराया और उन्हें उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर करीब 1 घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। उसके बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया। वहीं थानाध्यक्ष रजनीश रंजन ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया गया है। अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। गाड़ी का नंबर बीआर- 33-जीए -1771 बताया गया है। चालक फरार है। वहीं घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।

समस्तीपुर

यतीमखाने के नाम पर चंदा कर रहे मौलाना को ग्रामीणों ने पकड़ा, किया पुलिस के हवाले 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में यतीमखाने के नाम पर चंदा इकट्ठा कर रहे एक मौलाना को ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर पकड़ लिया। बताया गया है कि जब ग्रामीणों ने मौलाना से यतीमखाने का पंजीकरण दस्तावेज मांगा तो वह दिखाने से इनकार करने लगा। इस पर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत मुसरीघरारी थाना व डायल 112 टीम को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौलाना को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चंदा संग्रह से जुड़े दस्तावेजों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। धराए आरोपित की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर निवासी मो. कमरे आलम के रूप में हुई है।

समस्तीपुर

स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को ले भाजपा ने भरवाया संकल्प पत्र

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : सरायरंजन दक्षिणी मंडल में आत्मनिर्भर हिंदुस्तान कार्यक्रम के तहत सोमवार को हर घर स्वदेशी घर घर स्वदेशी के उद्घोष के बीच स्वदेशी वस्तुओं के निर्माण एवं उपयोग करने हेतु प्रधानमंत्री मोदी जी का सपना स्वदेशी अपनाओ को साकार करने के उद्देश्य से सभी कार्यकर्ताओं की बैठक कर स्वदेशी वस्तुओं को उपयोग करने हेतु संकल्प पत्र भरवाया गया। साथ ही पंचायत स्तर पर आम जनमानस के बीच जाकर घर –घर स्वदेशी हर घर स्वदेशी के लिए प्रेरित कर कार्यक्रम को किया जायेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष बबलू झा ने की। साथ ही भाजपा समस्तीपुर दक्षिणी के जिलाध्यक्ष शशिधर झा की भी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को अपने दैनिक जीवन में हिंदुस्तानीय उत्पाद का उपयोग करने की सलाह दी। इस कार्यक्रम में रामसागर सिंह कुशवाहा,पूर्व मंडल अध्यक्ष अमरेश झा, हरिप्रसाद,दुर्गा सिंह,रणजीत राय,शंभु सिंह, सोहन राय, वीरेंद्र राय, मणिकांत झा,प्रदीप महतो सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

समस्तीपुर

तिसवारा चौर में चोरों ने काटे 11 हजार बोल्ट के बिजली तार

करीब 100 से अधिक पोल के काटे तार नया विचार न्यूज़ सरायरंजन :सरायरंजन – ताजपुर एवं हलई थाना क्षेत्र के तिसवारा चौर में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने 11 हजार बिजली की तार पोल पर से काट लिया। चोरों ने चौर में करीब 100 से अधिक पोल से तार काट लिया है। चोरों द्वारा बिजली के तार काटने से किसानों को सिंचाई करने में बाधा उत्पन्न हो गई है। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि चौर में जितने भी पोल पर 11 हजार के तार लगे हुए थे, सभी तार काट लिया है।तार काटने से गेहूं के पटवन में भारी कठिनाई हो गई है। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि वे लोग बिजली के मोटर लेकर चौर खेत में बोरिंग पर आए थे। बोरिंग में पंप लगाए तो पंप चालू नहीं हुआ। इसके बाद पोल पर देखा तो जितने भी पोल और ट्रांसफार्मर पर एग्यारह हजार के तार लगे हुए थे,सभी को चोरों ने काट लिए थे। क्षेत्र के किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से अविलंब बिजली तार लगाकर बिजली चालू करने की मांग की है।

बिहार, समस्तीपुर

जयनगर–समस्तीपुर खंड में ट्रेन की सीटों को क्षतिग्रस्त करने पर रेलवे सख़्त

कम कोचों के साथ ट्रेन चलानी पड़ सकती है, जिससे यात्रियों की भीड़ और उनकी असुविधा बढ़ेगी नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: समस्तीपुर मंडल के जयनगर–समस्तीपुर रेल खंड में परिचालित 55514 ट्रेन की सीटों को क्षतिग्रस्त करने की घटनाएँ लगातार सामने आ रही हैं। विगत दो महीनों में इस प्रकार की घटना दूसरी बार घटित हुई है, जिसे रेलवे अत्यंत गंभीरता से ले रहा है। विदित हो कि इस तरह की सीटों को क्षतिग्रस्त करने से रेलवे को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। क्षतिग्रस्त कोचों को काटकर मरम्मत हेतु कार्यशाला भेजना पड़ता है, जिसकी मरम्मत का व्यय विभाग को अपने संसाधनों से वहन करना पड़ता है। जो कि एक अतिरिक्त व्यय है।यदि ऐसी घटनाएँ जारी रहीं, तो ट्रेनों का नियमित परिचालन प्रभावित होगा तथा कई बार कम कोचों के साथ ट्रेन चलानी पड़ सकती है, जिससे इन ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ और असुविधा बढ़ेगी। इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा: > “रेल संपत्ति को नुकसान पहुँचाना गंभीर अपराध है। ऐसी हरकतें यात्रियों की सुविधा और ट्रेन परिचालन दोनों के लिए नुकसानदेय हैं। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत सख़्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कड़ी सजा और जुर्माने का प्रावधान है। इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” रेलवे, यात्रियों और आम नागरिकों से अपील करता है कि यदि कोई असामाजिक तत्व रेल संपत्ति को नुकसान पहुँचाते हुए दिखाई दे, तो तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को 182 या एकीकृत फोन नंबर 139 पर या ऑन-ड्यूटी रेल कर्मचारी को सूचना दें। संभव हो तो संबंधित व्यक्ति का फोटो लेकर समस्तीपुर मंडल के रेल अधिकारियों या RPF को उपलब्ध कराएँ, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

समस्तीपुर

अभिभावक–प्राध्यापक बैठक में हुई छात्रों के शैक्षणिक, नैतिक एवं व्यक्तित्व विकास पर चर्चा 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयमेंअभिभावक–प्राध्यापक बैठक का सफल आयोजन किया गया। यह बैठक मुख्यमंत्री, बिहार प्रशासन के गुणवत्तापूर्ण एवं कौशल-आधारित तकनीकी शिक्षा के विज़न तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार प्रशासन के दिशा-निर्देशों के आलोक में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार मंडल ने की। इस अवसर पर अभिभावक–प्राध्यापक बैठक समन्वयक राकेश कुमार ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नियमित अभिभावक–प्राध्यापक बैठक का आयोजन कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, उपस्थिति एवं करियर विकास से संबंधित विषयों पर अभिभावकों से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अभिभावक–शिक्षक के बीच निरंतर संवाद से विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक एवं व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने मुख्यमंत्री जी के उस विज़न को रेखांकित किया, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, कुशल एवं रोजगारोन्मुख बनाना राज्य प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें श्री कुमार सागर,डॉ. वैशाली, श्री ज्या हुसैन,श्री नीरज कुमार उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रथम वर्ष के समन्वयक डॉ. प्रमोद कुमार, सभी विभागीय समन्वयक, महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण, मेंटर्स तथा बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, आंतरिक मूल्यांकन, उपस्थिति, अनुशासन, इंटर्नशिप, कौशल विकास एवं भविष्य की करियर योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों ने भी अपने सुझाव साझा किए, जिन्हें महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सकारात्मक रूप से संज्ञान में लिया गया। कार्यक्रम के अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि इस प्रकार की बैठकों से अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यार्थी के बीच समन्वय सुदृढ़ होगा तथा विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकेगा।

समस्तीपुर

जनता की उम्मीदों से ज्यादा विकास कार्यों को दिया जाएगा मूर्त रूप: विजय कुमार चौधरी

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: चुनावी विजय के उपरांत सरायरंजन के विधायक सह बिहार प्रशासन में जलसंसाधन, संसदीय कार्य,भवन निर्माण,सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी रविवार को प्रखण्ड के भगवतपुर, मुसरीघरारी नगर पंचायत के उदाहाट प्रांगण,गंगापुर स्थित पंचायत प्रशासन भवन एवं लाटबसेपुरा पंचायत स्थित दुर्गा स्थान में सभा कर चुनाव में जनता जनार्दन का आशीर्वाद मिलने पर अपनी ओर से आभार व्यक्त करने पहुंचे। नगर पंचायत मुसरीघरारी की सभा का संचालन करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रो. अमरेन्द्र कुमार ने विजय कुमार चौधरी के समक्ष सरायरंजन क्षेत्र को नील बकरी से मुक्त कराने हेतु एक सम्यक योजना बनवाकर कार्यान्वित कराने की मांग जनता की ओर से रखी। इस संबंध में मंत्री ने कहा कि इस पर कार्य हो रहा है और अब जल्द ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक साथ अभियान चला कर और उस अभियान की निरंतरता बरकरार रखते हुए क्षेत्र को नीलबकरी मुक्त किया जायेगा। इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार बिना कुछ मांगे जनता जनार्दन ने जो आशीर्वाद दिया है,उसी प्रकार अब मैं जनता की अभिलाषा से आगे बढ़कर विकास कार्य को मूर्त रूप दूंगा, और वह जल्द ही आप सभी को दिखने लगेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी के बहकावे मे इधर–उधर अपने विचार को बदल लिए थे, और अब हताश एवं लज्जित हैं उनको भी मेरा संदेश है कि मैं रिश्ते को अंतिम दम तक निभाए रखने में विश्वास रखने वाला व्यक्ति हूं,आप आएं और बिना किसी हिचक के फिर से हमसे जुड़ें।साथ ही जिन लोगों ने चुनाव में अपना बहुमूल्य योगदान दिया,यहां तक कि कुछ लोग तो मुझसे भी ज्यादा तत्परता से कार्य करते रहे, उन्हें भी मेरी ओर से विशेष आभार। मैं जीवनभर उनके कार्यों को याद रखूंगा। कार्यक्रम में प्रखंड जदयू अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, इजहार अशरफ,रणजीत पटेल, सरायरंजन उत्तरी भाजपा मंडल अध्यक्ष जय कुमार सिंह,विद्याकर झा, होरिल साह,रामप्रवेश राय, मुकेश सहनी, जगदेव राम, डॉ .रामकिशोर चौधरी, आशुतोष कुमार, अजय कुमार, वीरेंद्र प्रसाद सिंह,विजय कुमार राय, शकीर रजा, सद्दाम हुसैन, अजीत कुमार झा, राहुल झा, भोला सिंह, नाराज झा,डॉ.बलदेव भगत, देवेंद्र प्रसाद चौरसिया, मणि प्रसाद सिंह, अंगद कुमार, विकास कुमार ठाकुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

समस्तीपुर

आनंद मार्ग का मुख्य उद्देश्य है मानवता की सेवा: आचार्य रत्न मुक्तानंद 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के बथुआ बुजुर्ग में रविवार को आनंद मार्ग प्रचारक संघ समस्तीपुर के सौजन्य से अखंड कीर्तन का आयोजन हुआ। इस अवसर पर आचार्य रत्न,मुक्तानंद ने कहा कि आनंद मार्ग प्रचारक संघ द्वारा जिले में विभिन्न आध्यात्मिक, सामाजिक एवं कल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस संगठन का मुख्य उद्देश्य आत्म मोक्ष एवं मानवता की सेवा है। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बाबा नाम केवलम संकीर्तन, सामूहिक ध्यान और योग का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 150 परिवारों को भोजन के उपरांत कंबल दिया गया। कार्यक्रम में आगत अतिथियों को मुख्य आयोजक शशि भूषण प्रसाद एवं ब्रजभूषण प्रसाद द्वारा चादर,माला एवं पाग भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में आचार्य रत्न मुक्तानंद, आचार्य विनीतदेव, आचार्य अनिमा दीदी, अरुण दादा, कमलकांत,नंदकिशोर, प्रमोद प्रसाद, रवींद्र प्रसाद, कीर्ति वर्णवाल, रुबी दीदी, रामदेव साहू,विजय दादा आदि के नाम शामिल हैं।

बिहार, समस्तीपुर

समस्तीपुर मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान लगातार जारी, 5446 मामले में 46.04 लाख का रेल राजस्व 

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर:  समस्तीपुर मंडल द्वारा बिना टिकट/उचित प्राधिकार की यात्रा पर रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं ताकि बिना टिकट/उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों को निरूत्साहित किया जा सके । इसी क्रम में दिनांक 09.12.25 को समस्तीपुर मंडल के विभिन्न खण्डों पर सुबह 6.00 बजे से रात्रि 22.00 बजे तक 16 घंटे तक किला बंदी विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया । इस दौरान अधिकारियों की अलग-अलग टीम, जिसमे लगभग 206 टिकट जाँचकर्मी रेलवे अधिकारी एवं RPF आरपीएफ जवान शामिल थे, स्टेशन एवं ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया जिसमें बिना टिकट/बिना उचित प्राधिकार के कुल 5446 मामलों से जुर्माने के रूप में 46.04 लाख की राशि प्राप्त हुई। इस अभियान के दौरान मंडल के समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, रक्सौल, नरकटियागंज, बापूधाम मोतिहारी, जयनगर, सीतामढ़ी आदि स्टेशनों पर मुख्य रूप से टिकट जांच की गई । इस अभियान में जंक्शन स्टेशन के सभी FOB, प्रवेश/निकास द्वार, प्रतीक्षालय एवं प्लेटफार्मों आदि पर विशेष टिकट चेकिंग दस्ते तैनात किये गये।

समस्तीपुर

उमावि सरायरंजन में आरएसएस की संघ यात्रा पुस्तक वितरित 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। स्थानीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरायरंजन में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूरा होने पर संघ द्वारा प्रकाशित “संघ यात्रा : संगठन व सेवा के 100 वर्ष” पुस्तक का वितरण किया गया। इस अवसर पर आरएसएस के खंड कार्यवाह विजय कुमार चौरसिया ने कहा कि संघ आज विश्व का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन बन गया है। संघ के कार्यों से लोगों में देशभक्ति, निस्वार्थ सेवा एवं अनुशासन का परिचय समाज के मन में स्थापित हुआ है। किंतु अपना देश बहुत विशाल है और कोई एक संगठन इसमें स्थाई परिवर्तन नहीं ला सकता। इसके लिए सज्जन शक्ति की सक्रियता और सहयोग आवश्यक है। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक रवींद्र कुमार ठाकुर ने कहा कि अपनी पवित्र मातृभूमि को पुनः विश्वगुरु बनाने के लिए आज पुरुषार्थ करने का समय है। इसलिए आप सभी लोगों से अपेक्षा है कि इस राष्ट्रकार्य में अपनी रुचि व क्षमता के अनुसार सक्रिय भूमिका निभाएं। मौके पर शिक्षक– शिक्षिकाओं में मदन कुमार भगत, शरत कुमार, धनंजय कुमार सिंह, राकेश कुमार, सुनील कुमार,कुमार संतोषचंद्र, रवि शंकर कुमार,अमित कुमार शर्मा, आरती कुमारी,शकुंतला कुमारी,सोनाली कुमारी सिन्हा,कल्पना कुमारी, संजुली कुमारी,अमित कुमार, मिथिलेश कुमार सिंह, संजीव कुमार, मनीष कुमार, फैसल आलम, के. पी.गिरि,सुबोध कुमार पासवान आदि मौजूद रहे।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top