Hot News

समस्तीपुर

अपराध, समस्तीपुर

झोपड़ी में सो रहे बुजुर्ग दंपति की चाकू से वा”र कर ह”त्या

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर :जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा वार्ड 11 में सोमवार की देर रात झोपड़ी में सो रहे बुजुर्ग दंपति की तेज धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह काफी देर तक दोनों के घर से बाहर नहीं निकलने पर आसपास के लोगों ने झोपड़ी में झांककर देखा तो दोनों के शव जमीन पर पड़े मिले। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान भरपुरा निवासी बंगाली दास (75) और उनकी पत्नी धानो देवी (70) के रूप में हुई है। दोनों सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर अकेले रहते थे। उनके परिवार के अधिकांश सदस्य प्रदेश में रहते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दंपति लंबे समय से इसी झोपड़ी में रहकर किसी तरह अपना जीवन-यापन कर रहे थे।स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह काफी देर तक बुजुर्ग दंपति को घर से बाहर नहीं निकलते देखा तो लोगों को संदेह हुआ। इसी दौरान उनकी झोपड़ी के पीछे की टाटी फटी हुई दिखाई दी। लोगों ने झोपड़ी के अंदर झांककर देखा तो दोनों के शव जमीन पर पड़े थे। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, दोनों की हत्या तेज धारदार हथियार से वार कर की गई है। शरीर के कई हिस्सों पर जख्म के निशान मिले हैं। गर्दन पर भी धारदार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अरविंद प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। एसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं। विभूतिपुर के माकपा विधायक अजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली।विभूतिपुर विधायक अजय कुमार ने कहा कि बुजुर्ग दंपति की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। दोनों अकेले झोपड़ी में रहते थे। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। विधायक ने घटनास्थल पर मौजूद एसपी से निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आग्रह किया।एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि बुजुर्ग दंपति की तेज धारदार हथियार से हत्या की गई है। दोनों अकेले घर में रहते थे। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।

समस्तीपुर

राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2026 के आंतरिक चरण का सफल आयोजन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (जीईसी), समस्तीपुर में ‘असीमो’ तकनीकी संघ के सहयोग से स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2026 के आंतरिक चरण का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच, टीम भावना और समस्या-समाधान की क्षमता को बढ़ावा देना तथा उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए व्यावहारिक समाधान विकसित करने का अवसर प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान एकल बिंदु संपर्क (SPOC) और अन्य वक्ताओं ने विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करने तथा समाजोपयोगी समाधान तैयार करने के लिए प्रेरित किया। आठ घंटे तक लगातार चले इस आयोजन में छात्र टीमों ने निर्धारित समस्या-कथनों पर कार्य करते हुए अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने नवाचार, व्यवहार्यता, तकनीकी प्रभावशीलता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर परियोजनाओं का मूल्यांकन किया तथा उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव दिए। अंत में, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को अगले चरण के लिए चुना गया और महाविद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना की।

समस्तीपुर

श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में शुद्ध इंडिया लिमिटेड के मेस का भव्य उद्घाटन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन (समस्तीपुर) : श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज, एवं अस्पताल के परिसर में शुद्ध इंडिया लिमिटेड द्वारा संचालित होने वाले नए मेस का उद्घाटन अधीक्षक डॉ. (प्रो.) पूनम कुमारी ने फीता काटकर की। इस अवसर पर डॉ. पूनम कुमारी ने कहा कि इस मेस के शुरू होने से अब कॉलेज के छात्र-छात्राओं, नर्सों और स्टाफ को समय पर शुद्ध और पौष्टिक भोजन मिलेगा। इससे सभी को बहुत सुविधा होगी और छात्रों के स्वास्थ्य पर भी अच्छा असर पड़ेगा। कॉलेज प्रशासन इस पहल से बहुत खुश है। वहीं शुद्ध इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि हमारा उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता और संतुष्टि के साथ सभी को घर जैसा भोजन उपलब्ध कराना है। हम पूरी जिम्मेदारी और स्वच्छता के साथ इस मेस का संचालन करेंगे। कार्यक्रम में कॉलेज के फैकल्टी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सभी ने मेस की साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता की सराहना की। मौके पर सेवानिवृत्ति डॉ. प्रकाश चौधरी, उपाधीक्षक डां. राणाविश्व विजय सिंह, उपाधीक्षक डॉक्टर अनुपम कुमारी डॉक्टर अश्वनी कुमार, डॉ सुजीत कुमार डॉ विजयंत कुमार प्रधान लिपिक राकेश रोशन जयप्रकाश सिंह रविंद्र कुमार अर्चना कुमारी आदि मौजूद थे।

समस्तीपुर

जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग का मामला, सीनियर छात्रों ने जूनियर से भोजन लाने और शरीर दबाने को कहा, इनकार करने पर कमरे में बंद कर पीटा

15 दिनों के लिए 21 छात्र निलंबित, जांच कमेटी गठित, जवाहर नवोदय विद्यालय मे रैगिंग का मामला प्रकाश मे आया है नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर : जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर बिरौली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों से भोजन लाकर देने और शरीर दबाने को कहा। इनकार करने पर उन्हें हॉस्टल के एक कमरे में बंद कर 30 से 35 छात्रों के साथ मारपीट की गई। मामला सामने आने के बाद विद्यालय प्रशासन ने 21 नामजद छात्रों को 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। सभी छात्रों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। जांच में दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें विद्यालय से बर्खास्त भी किया जा सकता है।समस्तीपुर जिले के चंदौली गांव निवासी कक्षा सात के छात्र आर्यन कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे मेस में खाना खाने के बाद कक्षा आठ के छात्रों ने कक्षा सात के करीब 30 से 35 छात्रों को अरावली आश्रम के एक कमरे में बुलाया। वहां जमीन पर एक गद्दा बिछा हुआ था। आरोप है कि छात्रों को एक-एक कर गद्दे पर बुलाकर पीटा गया।आर्यन के अनुसार, मारपीट के दौरान कुछ छात्र बेहोश भी हो गए। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने उन्हें पानी पिलाया और फिर मारपीट की। घटना की जानकारी विद्यालय प्रशासन को मिलने के बाद प्रधानाचार्य आरएस झा समेत शिक्षकों की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को कमरे से बाहर निकाला।घटना के बाद रात में ही आरोपी छात्रों के अभिभावकों को फोन कर सूचना दी गई। रविवार सुबह 11 बजे तक नामजद किए गए 21 छात्रों को 15 दिनों के लिए निलंबित कर अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया।पीड़ित छात्र ने बताया कि आरोपी छात्र कक्षा आठ के हैं और अरावली, उदयगिरि तथा नीलगिरि आश्रम से जुड़े हुए हैं। आरोप है कि वे अक्सर जूनियर छात्रों से भोजन लाकर देने और हॉस्टल में शरीर दबाने के लिए कहते थे। आर्यन का दावा है कि इससे पहले भी इस तरह की शिकायत विद्यालय प्रशासन से की गई थी। उस समय कुछ छात्रों को निलंबित किया गया था, लेकिन 15 दिन बाद विद्यालय लौटने पर उन्होंने कथित तौर पर फिर से ऐसी हरकत शुरू कर दी। जवाहर नवोदय विद्यालय, बिरौली के प्राचार्य आरएस झा ने बताया कि कक्षा आठ के नीलगिरि, अरावली और उदयगिरि आश्रम के छात्रों द्वारा इन्हीं आश्रमों से जुड़े कक्षा सात के छात्रों के साथ मारपीट की गई है। जूनियर छात्रों की ओर से कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घायल छात्रों का उपचार कराया गया है और उन्हें आवश्यक दवाएं दी गई हैं।उन्होंने बताया कि आरोपी छात्रों के अभिभावकों को बुलाकर उन्हें तत्काल प्रभाव से 15 दिनों के लिए निलंबित कर घर भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों को चिह्नित कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य ने कहा कि जूनियर छात्रों को कमरे में बंद कर मारपीट करने की घटना गंभीर है और विद्यालय प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है।

समस्तीपुर

किशोरी का श”व पंखे से ल”टका मिला, प्रेम प्रसंग की बात सामने आई

नया विचार न्यूज सरायरंजन (समस्तीपुर)। थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव के वार्ड संख्या-3 में रविवार की शाम एक 16 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान उत्तम महतो की पुत्री चिंकी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार की शाम घर का एक कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों को शक हुआ। खिड़की से अंदर झांककर देखने पर किशोरी पंखे से फंदे के सहारे लटकी दिखाई दी। इसके बाद परिजनों ने किवाड़ तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, लेकिन तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना किशोरी के पिता उत्तम महतो ने सरायरंजन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी के आत्महत्या करने के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला है। हालांकि किशोरी का किससे प्रेम प्रसंग था और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिवार की ओर से किसी प्रकार का दबाव, विवाद या प्रेम प्रसंग में धोखा दिए जाने की बात भी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि किशोरी के पिता ने प्रेम प्रसंग की बात कही है। मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी में महिला के गले से दिनदहाड़े सोने की चेन छीनी, बाइक सवार अपराधी फरार

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर भी रिकॉर्ड होने का दावा फोटो बाइक से भागते चोर सीसीटीवी में कैद फोटो पिरीत स्त्री घटना की जानकारी देती नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। थाना क्षेत्र के मुसरीघरारी चौक से आगे आरा मिल एवं उदापट्टी गांव स्थित मस्जिद के समीप शनिवार शाम करीब 5:38 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने एक स्त्री के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कैमरे में अपराधियों की बाइक और उसका रजिस्ट्रेशन नंबर भी रिकॉर्ड हुआ है। पीड़िता की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बखरी बुजुर्ग गांव निवासी पंकज कुमार शाह की पत्नी गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। गुड़िया कुमारी ने बताया कि शनिवार शाम वह मुसरीघरारी चौक से जरूरी सामान की खरीदारी कर अपने घर लौट रही थीं। चौक से आगे आरा मिल और उदापट्टी गांव स्थित मस्जिद के सामने पहुंचने पर सड़क किनारे एक युवक खड़ा दिखाई दिया। वहीं दूसरा युवक बाइक स्टार्ट कर कुछ दूरी पर इंतजार कर रहा था। स्त्री के अनुसार, जैसे ही वह सड़क किनारे खड़े युवक के पास से गुजरीं, उसने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। स्त्री ने इसका विरोध किया तो अपराधी ने एक हाथ से मोबाइल छीनने की कोशिश जारी रखी और दूसरे हाथ से उनके गले से सोने की चेन झपट ली। चेन छीनने के बाद युवक तेजी से बाइक की ओर गया और पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। घटना के बाद स्त्री ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाइक सवार अपराधियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों तेज गति से बाइक चलाते हुए फरार हो गए। बाद में घटना की सूचना मुसरीघरारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात के समय मुसरीघरारी पुलिस फतेहपुरवाला गांव में शराब बरामदगी की कार्रवाई में जुटी थी। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। लोगों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

समस्तीपुर

किशनपुर यूसुफ में गैस गोदाम से चोरों ने की गैस सिलेंडर की चोरी  

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर यूसुफ पंचायत में रायपुर बुजुर्ग गैस गोदाम से चोरों ने आधा दर्जन गैस सिलेंडर की चोरी कर ले गया। चोरों द्वारा चोरी करने का सीसीटीवी फुटेज में गैस सिलेंडर चोरी की बात बताई गई है।इस संबंध में गैस गोदाम के मालिक अभिनंदन झा ने बताया की गैस गोदाम से हर रोज चोरों द्वारा गैस सिलेंडर की चोरी कर ली जाता है। रविवार की रात गैस सिलेंडर चोरी कर ले जाते चोरों की सीसीटीवी फुटेज से सिलेंडर चोरी की बात का खुलासा हुआ है।गैस सिलेंडर चोरी की घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।

समस्तीपुर

नराकास की हिंदी लेखन प्रतियोगिता में अविनाश गिरि को द्वितीय पुरस्कार

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: प्रखंड के हरसिंगपुर निवासी पूर्व वायु सैनिक सह बैंककर्मी अविनाश कुमार गिरि को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), मुजफ्फरपुर की 26वीं छमाही बैठक में हिंदी लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से सरायरंजन सहित समस्तीपुर जिले में हर्ष है।मझौलिया रोड स्थित द एमरॉल्ड होटल में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक ऑफ इंडिया के अंचल प्रमुख शैलेंद्र प्रसाद ने की। मुख्य अतिथि गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के उपनिदेशक विचित्र सेन गुप्ता थे। बैठक में नराकास से संबद्ध 39 सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों ने भाग लिया।हिंदुस्तानीय स्टेट बैंक के प्रशासनिक कार्यालय, मुजफ्फरपुर की ओर से आयोजित हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता में यूको बैंक की श्वेता कुमारी को प्रथम, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, मालिघाट शाखा के अविनाश कुमार गिरि को द्वितीय तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के देवव्रत मोहन को तृतीय पुरस्कार मिला। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय समस्तीपुर के राजभाषा अधिकारी डॉ. ऋषि शंकर चौधरी ने अविनाश गिरि को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि बैंक एवं क्षेत्रीय कार्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि और रचनात्मक लेखन को बढ़ावा देती हैं।

आस्था, समस्तीपुर

उदापट्टी में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन, 25 पंडितों ने कराया विधि-विधान से अनुष्ठान फोटो भगवान का ध्यान लगाते हैं यजमान

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। उदापट्टी गांव स्थित पछियारी टोल ब्रह्मस्थान परिसर में सोमवार को सवा लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर सुबह से ही परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। 25 पंडितों के द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पार्थिव शिवलिंग तैयार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई। पूरे दिन परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान से माहौल भक्तिमय बना रहा। अनुष्ठान के दौरान सात यजमान अपनी-अपनी पत्नी के साथ पूजा में शामिल हुए। यजमानों ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव की आराधना की। पंडितों ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ पूजा की विभिन्न प्रक्रियाएं संपन्न कराईं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना में यजमान के रूप में कीर्तन झा, विभूतिनाथ झा, रामविनोद चौधरी, मनोज झा, चंदन कुमार झा, रामाकांत झा और राजेश कुमार झा शामिल हुए। वहीं, धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराने में पंडित घनश्याम मिश्र, पंडित सीताराम मिश्र सहित 25 पंडितों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पंडितों ने पूरे दिन मंत्रोच्चार के साथ पार्थिव शिवलिंग पूजन कराया। आयोजन के दौरान ब्रह्मस्थान परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी। पूजा में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच अनुष्ठान के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पूजा स्थल पर पहुंचकर भगवान शिव का दर्शन किया और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में गांव के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। ग्रामीणों ने पूजा स्थल की व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण और अन्य व्यवस्थाओं में अपनी भूमिका निभाई। सहयोग करने वालों में निरंजन चौधरी, राधाकांत झा, गणेश झा, सत्रोहन झा, दीपक झा, कृष्ण कुमार झा, अजय झा, नवीन झा और सीताराम झा सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। आयोजकों ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना करना और गांव में सुख-शांति, समृद्धि एवं आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस अनुष्ठान में पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। शाम तक पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल रहा।

समस्तीपुर

सरायरंजन में 47 वासविहीन परिवारों को मिला वासगीत पर्चा

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । सरायरंजन अंचल कार्यालय परिसर में 47 वासविहीन परिवारों के बीच वासगीत पर्चा का वितरण किया गया। पर्चा मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीओ निशांत कुमार, प्रखंड प्रमुख वीणा कुमारी एवं उपप्रमुख संजीव ठाकुर ने सभी 47 लाभुकों के बीच वासगीत पर्चा का वितरण किया। लंबे समय से आवास के लिए भूमि की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को पर्चा मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर की। लाभुकों ने बताया कि उनके पास घर बनाने और बसने के लिए अपनी जमीन नहीं थी। अब वासगीत पर्चा मिलने से उन्हें अपना आशियाना बनाने का रास्ता साफ हुआ है। लाभुकों ने इसके लिए अंचल प्रशासन का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान अंचल कार्यालय परिसर में लाभुकों और स्थानीय लोगों की भीड़ रही। मौके पर दर्जनों लोग मौजूद

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top