Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

बिहार यूथ फेडरेशन के रक्तदान शिविर में 43 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर। बिहार यूथ फेडरेशन के तत्वावधान में रविवार को मुसरीघरारी पटोरी रोड स्थित बजाज एजेंसी के परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसका विधिवत उद्घाटन डॉक्टर स्वापिनल प्रियदर्शी एवं युवा समाजसेवी मोहम्मद नौशाद ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया।इस अवसर पर उन्होंने बिहार यूथ फेडरेशन के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन निरंतर रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रहा है जिसके इस संगठन से जुड़े सभी सदस्य बधाई के पात्र है।उन्होंने ने कहा कि लोग रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों के कारण रक्तदान करने से कतराते हैं जबकि इससे कोई हानि नहीं होता बल्कि कई प्रकार के लाभ होते हैं। अत: हम सभी को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो शिक्षित लोग हैं वो इसके प्रति जागरूक और सजग हैं लेकिन जो शिक्षित नहीं हैं वो इससे कतराते हैं। ऐसे लोगों में जागरूकता पैदा करने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। 18 से अधिक आयु के लोग जिनका वजन 50 किलोग्राम से अधिक है वह रक्तदान कर सकते हैं। नियमित अंतराल यानी तीन महीने बाद रक्तदान करते रहने से हमारे शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है और रक्तदाता को हृदयाघात की संभावना नहीं रहती। नियमित रक्तदान करने से कैंसर सहित अन्य बीमारियाें का खतरा भी कम हो जाता है। रक्तदान से सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि हमारे शरीर का वजन, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, एचबीएसएजी, एचसीवी, वीडीआरएल आदि की जांचें हो जाती हैं।वही सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद नौशाद ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी तरह की कमजोरी नहीं आती है। जबकि इससे शरीर और स्वस्थ बनता है। डोनेट करने के बाद 24 घंटे में वापस शरीर में उतना ही ब्लड बन जाता है। बशर्ते आप खान-पान सही रखें। ब्लड डोनेट करते समय आपके शरीर के पांच तरह की जांच भी होती हैै, वह भी बिल्कुल मुफ्त। इसके अलावा यह किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण है। हर स्वस्थ व्यक्ति को कम से कम 3 माह के अंतराल में एक बार रक्तदान जरूर करना चाहिए। इसी तरह यूथ फेडरेशन के अध्यक्ष मोहम्मद तमन्ना खान ने कहा कि आज का युवा पीढ़ी में रक्तदान को लेकर काफी भ्रांतियां हैं जिसे दूर करने का प्रयास यह संस्था निरंतर कर रहा है।उन्होंने कहा कि एक यूनिट में 350 मिलीग्राम खून लिया जाता है, जिसकी कमी शरीर में 24 घंटे में पूरी हो जाती है। एक यूनिट ब्लड से एक यूनिट पैक्ड रेड ब्लड, एक-एक यूनिट प्लाज्मा और प्लेटलेट्स बनाया जाता है। 18 से 60 वर्ष के स्वस्थ रक्तदाता, 45 किग्रा से कम से कम वजन व हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम ब्लड होने पर रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान के बीच तीन माह का अंतराल होना चाहिए। उन्होंने बताया कि थैलेसिमिया एप्लास्टिक एनीमिया, कैंसर पीड़ित मरीजों को निरंतर ब्लड की जरूरत होती है, ऐसे में लोग स्वैच्छिक रक्तदान जरूर करें और लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें।शिविर में मोहम्मद नौशाद,रंजन कुमार, मोहम्मद समीर, दीपक कुमार, दानिश कमाल,नीरज कुमार गुप्ता, अनामुल हक, शुभम झा,अब्दुल कादिर और रंजीत पासवान समेत 43 लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर फेडरेशन के अध्यक्ष मोहम्मद तमन्ना खान के अलावा पप्पू खान, रूबैद, गुफरान, मो नौशाद, फूल हसन, मो नसीरुद्दीन, मो नसीम, मिर्ज़ा फरहाद, नसीम अब्दुल्लाह, शाकिर रजा आदि लोग उपस्थित थे।

समस्तीपुर

समस्तीपुर के 507 नवचयनित सिपाही की कल से अलग-अलग जिलों में होगी ट्रेनिंग

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर : केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की ट्रेनिंग की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। समस्तीपुर पुलिस लाइन में विगत महीने नियुक्ति की औपचारिकता पूरी करने वाले नवचयनित सिपाहियों को 20 जुलाई से अलग-अलग जिलों में विभिन्न ट्रेनिंग सेंटरों में भेजा जाएगा। लाइन डीएसपी सुनिल कुमार सिंह के अनुसार समस्तीपुर जिले से कुल 507 नवचयनित सिपाहियों को ट्रेनिंग के लिए रवाना किया जा रहा है। इनमें 243 पुरुष सिपाहियों को सहरसा भेजा जाएगा जबकि 264 स्त्री सिपाहियों को बीएमपी मुजफ्फरपुर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, समस्तीपुर पुलिस लाइन को भी ट्रेनिंग सेंटर के रूप में चयनित किया गया है। यहां अन्य जिलों से आने वाले कुल 273 नवचयनित सिपाहियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उनके आवासन, भोजन और रहने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला पुलिस प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। 20 जुलाई को सभी नवचयनित सिपाही संबंधित ट्रेनिंग सेंटरों में योगदान देंगे। लाइन डीएसपी सुनिल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेनिंग का उद्देश्य नए पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति सजग बनाना, कानून व्यवस्था की समझ विकसित करना और अनुशासन व कार्यकुशलता का भाव पैदा करना है।

समस्तीपुर

वोटर लिस्ट पुनिरीक्षण कार्य का जन संपर्क मंत्री ने किया निरीक्षण 

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर : मंत्री सूचना जनसंपर्क विभाग महेश्वर हजारी के द्वारा कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का बीएलए के साथ बैठक किया गया। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के विषय में विस्तार से चर्चा की गई एवं सभी बीएलए को पुनरीक्षण के विषय में आम जनमानस में प्रचार प्रसार करने एवं भ्रांतियों को दूर करने हेतु अनुरोध किया गया ।मौके पर पूर्व राज्यसभा सदस्य अनिल हेगड़े जिला अध्यक्ष जदयू डॉ दुर्गेश कुमार राय पूर्व सांसद अश्वमेघ देवी मीडिया प्रभारी अनस रिज़वान कार्यालय प्रभारी सुबोध कुमार सिंह, तौहीद अंसारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बीएलए मौजूद रहे।

समस्तीपुर

गरीबों को वोट से वंचित करने की साजिश नहीं चलेगी- भाकपा (माले) 

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर –  जिले के वारिसनगर प्रखंड के अंतर्गत भाकपा माले ने मताधिकार बचाओ-लोकतंत्र बचाओ जन अभियान के तहत रामनगर, बेगमपुर नागरबस्ति, सतमलपुर पुरनाही, नक्टा चौक, वारिसनगर बाजार, वारिसनगर गुदरी, रामपुर, भादो घाट, माधोपुर हाट पर सघन प्रचार और नुक्कड़ सभा कर भाजपा-जदयू के द्वारा चुनाव आयोग की आर में लाखों गरीबों का मतदाता सूची से नाम हटाने की नियत से वोटबंदी जनता के ऊपर थोपने के खिलाफ प्रचार किया गया । माले जिला सचिव उमेश कुमार ने नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव दो-तीन महीने बाद होना है चुनाव आयोग ने विशेष सघन पुनरीक्षण के तहत गरीबों को वोट से वंचित करने की साजिश किया है । भाकपा माले जिला स्थायी कमेटी सदस्य व वारिसनगर विधानसभा में महागठबंधन के पूर्व प्रत्याशी फूलबाबू सिंह ने कहा कि नौजवानों, गरीबों के वोट के अधिकार पर सबसे बड़ा हमला हुआ है । भाजपा – जदयू ने पुनरीक्षण का समर्थन करके जाहिर कर दिया है कि सब कुछ मोदी-नीतीश के इशारे पर हो रहा है ।गरीबों-दलितों का वोट सब को चाहिए लेकिन,उनके वोट के अधिकार की रक्षा की उन्हें तनिक भी परवाह नही है । नुक्कड़ सभा को छात्र- संगठन आइसा के नेता मो० फरमान, रोहित कुमार पासवान, नीतीश कुमार और भाकपा माले के वारिसनगर प्रखंड सचिव रामचन्द्र पासवान ने भी संबोधित किया ।

समस्तीपुर

आर एन आर कॉलेज में नव नामांकित छात्र-छात्राओं का प्रेरण कार्यक्रम का आयोजन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर –  राम निरीक्षण आत्मा राम महाविद्यालय, समस्तीपुर के मनोविज्ञान विभाग में सत्र : 2025-29 के नव नामांकित छात्र-छात्राओं का प्रेरण कार्यक्रम (Induction programme) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाचार्य प्रो सुरेंद प्रसाद ने छात्र छात्राओं को संबोधित किया और नए शैक्षणिक सफर की शुभकामनाएं दी। तदोपरांत विभाग के शिक्षक संतोष कुमार, डॉ स्मिता कुमारी और डॉ माला कुमारी के नेतृत्व में मनोविज्ञान(मेजर, माइनर और एम०डी०सी०) के छात्र छात्राओं ने सबसे पहले कॉलेज के संस्थापकों की प्रतिमा की साफ सफाई करके माल्यार्पण किया और उनके बारे में शिक्षकों से जानकारी प्राप्त की, इसके बाद छात्रों ने कॉलेज प्रागंण में अपने बैच के नाम से कॉलेज की सबसे वरिष्ठ शिक्षेकेतर कर्मी नीलम जी के साथ मिलकर तीन पौधे लगाए। इसके बाद विभाग के तीनों शिक्षक के नेतृत्व में छात्र छात्राएं कॉलेज कैंपस का भ्रमण कर विभिन्न विभागों में जाकर उनके शिक्षकों से मिले तथा कॉलेज के विभिन्न इकाइयों के बारे में जाना। इसके बाद विभाग में आकर छात्र छात्राओं ने विभिन्न रोचक एक्टिविटी जैसे, नाम याद कर लें, मैंने ये कॉलेज और विषय क्यों चुना, मेरा परिचय, मैं ये कर सकता हूँ, आदि टास्क को करते हुए अपने कोर्स और विषय की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में शिक्षक और छात्रों ने सामूहिक रूप से राष्ट गान का पाठ किया फिर छात्रों को विभाग की तरफ से अल्पाहार कराया गया।

समस्तीपुर

वीमेंस कॉलेज समस्तीपुर में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन 

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर –   वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में शनिवार को प्रधानाचार्य प्रो सुनीता सिन्हा की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकार अन्तर्गत विधिक साक्षरता क्लब, वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर इकाई  द्वारा एक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वाद विवाद प्रतियोगिता का विषय था — “जनसंख्या वृद्धि: वरदान या अभिशाप”, जो वर्तमान सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय परिप्रेक्ष्य में अत्यंत विचारणीय है। कार्यक्रम का संचालन लीगल लिटरेसी क्लब , वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर इकाई की प्रभारी डॉ. संगीता ने किया। डॉ संगीता ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के विषय और उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रधानाचार्या प्रो. सिन्हा ने प्रतिभागी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या जहां संसाधनों पर बोझ है वहीं अवसर भी है। जरूरत है जनसंख्या को सही दिशा देने की। प्रतिभागी छात्राओं ने विषय के पक्ष और विपक्ष में प्रभावशाली तर्कों के साथ अपनी अपनी बात रखी। प्रतियोगिता में पक्ष में बोलने वाली छात्राएँ थीं –  प्रज्ञा पुष्प ,  कुमारी पलक, आरती कुमारी, निधि कुमारी एवं अनामिका कुमारी, जबकि विपक्ष में बोलने वाली छात्राओं में – निधि कुमारी, नारायणी कुमारी, साक्षी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, स्वीटी कुमारी तथा कुमारी रूपा शामिल रहीं।मौके पर डॉ विजय कुमार गुप्ता और डॉ रंजन कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में डॉ. शालिनी कुमारी, डॉ. सुमन कुमारी, डॉ. श्री विद्या एवं डॉ. अपूर्वा मुले सम्मिलित थीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में विचार-शक्ति, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति-कौशल को विकसित करते हैं।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन डॉ शालिनी ने किया। मौके पर डॉ सुरेश साह, डॉ फरहत जबीन, डॉ शहनाज आरा, डॉ कविता वर्मा, डॉ शबनम कुमारी, डॉ पिंकी कुमारी सहित सभी  शिक्षकों व छात्राओं ने उपस्थित थे ।

समस्तीपुर

समस्तीपुर के महिला थाने में विजिलेंस की रेड थानाध्यक्ष-ड्राइवर 20 हजार घूस लेते अरेस्ट, चालक बोला- मैंने रुपए नहीं मांगे थे, जबरदस्ती मैडम ने दिए

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – समस्तीपुर में विजिलेंस की टीम ने 20 हजार रुपए घूस लेने पर स्त्री थाना अध्यक्ष और उसके चालक को गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी राजेश कुमार ने बताया है कि मामला किसी केस से जुड़ा हुआ नहीं है। एक स्त्री ने थाने में आवेदन दिया था। लेकिन, थानाध्यक्ष ने कोई केस दर्ज ही नहीं किया था। पूछताछ के लिए पीड़ित को थाना पर बुलाया और पैसे की डिमांड की।पीड़ित ने कहा है कि हमारे साथ मारपीट भी की गई थी। आरोपी चालक ने कहा है कि जबरदस्ती उसे घूस की राशि दी गई है। मैंने घूस नहीं मांगा था। मुझे फंसाया जा रहा है, मैडम ने रुपए मांगे थे।कार्रवाई का नेतृत्व विजिलेंस के डीएसपी राजेश कुमार ने किया है। छापेमारी की सूचना मिलते ही एएसपी संजय पांडे भी स्त्री थाना पर पहुंचे। निगरानी विभाग को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छतौना गांव निवासी राजीव रंजन ने जानकारी दी थी। उसने बताया कि उनके गांव की एक स्त्री ने स्त्री थाने में एक आवेदन दिया था। आवेदन दिए जाने के बाद थाना अध्यक्ष ने राजीव रंजन को नोटिस कर थाने पर बुलाया। डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि आरोप है कि थाने पर बुलाए जाने के बाद पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट भी की। इस मामला को सलटाने के लिए पहले 40,000 रुपए की मांग की गई। हालांकि, बाद में यह मामला 20,000 में सेटल हो गया।पीड़ित राजीव रंजन ने कहा है कि मेरे ही गांव की पूजा कुमारी नाम की स्त्री को बराबर तंग तो किया जाता था, जिस कारण उन्होंने मुफस्सिल थाने में आवेदन दिया था । स्त्री थाना अध्यक्ष ने नोटिस कर उन्हें 1 जुलाई को बुलाया। लेकिन वह पत्र 7 जुलाई को उनके पास पहुंचा। वह 8 जुलाई को थाना में उपस्थित हुए, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। थानाध्यक्ष ने मुझे कहा था कि तुम्हारे ऊपर रेप केस है। मामला सलटाने के लिए 40,000 की मांग की गई। हालांकि बाद में या मामला 20000 में सेटल हुआ। उन्होंने मामले की जानकारी निगरानी विभाग की टीम को दी। इसके बाद अब कार्रवाई हुई है।बता दें कि स्त्री थाना अध्यक्ष पुतुल कुमारी 2018 बैच की सब इंस्पेक्टर है। वह मोतिहारी की रहने वाली है। पहली पोस्टिंग समस्तीपुर में हुई थी। विभिन्न थानों में रहने के बाद उसे डेढ़ साल पहले स्त्री थाना अध्यक्ष बनाया गया था। हालांकि, विधानसभा चुनाव को देखते हुए उसका ट्रांसफर मधुबनी जिला हो गया था, वह जाने वाली थी।

समस्तीपुर

अभियंत्रण महाविद्यालय : प्रथम चरण में 221 विद्यार्थियों ने कराया नामांकन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में जेईई मैन के माध्यम से प्रथम चरण की नामांकन प्रक्रिया पूर्ण, कुल 221 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। अब बची हुई सीटों पर बीसीइसीइ के माध्यम से नामांकन होगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकिशोर दुगनायत ने बताया कि राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय समस्तीपुर में बी.टेक सत्र 2025–29 के लिए प्रथम चरण की नामांकन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इस चरण में कुल 221 विद्यार्थियों ने विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रवेश लिया है। शाखावार नामांकन विवरण इस प्रकार है: 1. सिविल इंजीनियरिंग 45 2. मैकेनिकल इंजीनियरिंग 14 3. इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग 30 4. कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग 54 5. कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (साइबर सुरक्षा) 46 6.इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग 32 कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि जेईई मैन के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संस्थान उन्हें उत्कृष्ट तकनीकी शिक्षा, नवाचार और अनुशासन आधारित वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस कॉलेज में स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, इनक्यूबेशन सेंटर, वर्ल्ड-क्लास लैंग्वेज लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, और वाई-फाई कैंपस जैसी सुविधाएं छात्रों को एक समृद्ध शैक्षणिक अनुभव प्रदान करती हैं। डॉ. तुगनायत ने यह भी जानकारी दी कि शेष रिक्त सीटों पर नामांकन अब बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद के माध्यम से लिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी बीसीइसीइ की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन करके प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।समन्वयक एवं सहायक प्राध्यापक डॉ .धर्मजीत ने कहा कि यह कॉलेज न केवल तकनीकी शिक्षा बल्कि अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, स्पोर्ट्स और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देता है। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं और मार्गदर्शन प्रदान करना है। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय समस्तीपुर निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर है और तकनीकी शिक्षा में बिहार के गौरवशाली केंद्र के रूप में उभर रहा है।

समस्तीपुर

सनातन धर्म की शक्तिशाली पूजा है रुद्राभिषेक 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नरघोघी स्थित संजय आवास पर रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ। इस अवसर पर आचार्य जयमंगल ने कहा कि रुद्राभिषेक सनातन धर्म की सबसे शक्तिशाली और प्रभावशाली पूजा मानी जाती है। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए रुद्राभिषेक किया था। उन्होंने कहा कि रद्राभिषेक परिवार में सुख शांति और सफलता आती है, जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट होते हैं। साथ ही इससे शिव का आशीर्वांद मिलता है और साधक की सर्व मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। वहीं रुद्राभिषेक से परिवार में समृद्धि, आरोग्य और सफलता आती है। पंडित विनोदानंद झा एवं संतोष झा ने कहा कि रुद्राभिषेक शिव की भक्ति, शक्ति और समृद्धि को बढ़ाती है। इसके अलावा व्यवसाय में उन्नति और गृह कलेश की शांति के लिए भी यह पूजा विशेष लाभदायक है। मौके पर संजय वर्मा, अभय कुमार, सौम्या कुमारी, प्रतिमा वर्मा, प्रीति सिन्हा सहित दर्जनों श्रद्धालु मौजूद रहे।

बिहार, समस्तीपुर

गाडी सं. 15561/15562 दरभंगा-गोमतीनगर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर- दरभंगा और गोमतीनगर के मध्य गाडी सं. 15561/15562 दरभंगा-गोमतीनगर-दरभंगा अमृत हिंदुस्तान एक्सप्रेस का नियमित परिचालन,  दरभंगा से दिनांक 26.07.2025 से सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को तथा गोमतीनगर से 27.07.2025 से सप्ताह के प्रत्येक रविवार को किया जायेगा । गाड़ी सं. 15561 दरभंगा-गोमतीनगर अमृत हिंदुस्तान एक्सप्रेस दरभंगा से दिनांक 26.07.2025 से सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को 15.00 बजे खुलकर 15.22 बजे कमतौल, 15.40 बजे जनकपुर रोड, 16.10 बजे सीतामढ़ी, 16.38 बजे बैरगनिया, 17.01 बजे घोड़ासहन, 17.45 बजे रक्सौल, 18.11 बजे सिकटा, 19.25 बजे नरकटियागंज, 19.47 बजे हरिनगर, 20.15 बजे बगहा, 22.00 बजे कप्तानगंज, 23.10 बजे गोरखपुर एवं अगले दिन 00.31 बजे बस्ती, 01.28 बजे मनकापुर, 02.30 बजे अयोध्याधाम, 02.55 बजे अयोध्या कैंट स्टेशनों रूकते हुए 05.30 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी । गाड़ी सं. 15562 गोमतीनगर-दरभंगा अमृत हिंदुस्तान एक्सप्रेस गोमतीनगर से दिनांक 27.07.2025 से सप्ताह के प्रत्येक रविवार को 08.15 बजे खुलकर 10.25 बजे अयोध्या कैंट, 11.00 बजे अयोध्याधाम, 12.14 बजे मनकापुर, 13.08 बजे बस्ती, 14.55 बजे गोरखपुर, 15.31 बजे कप्तानगंज, 17.50 बजे बगहा, 18.08 बजे हरिनगर, 18.45 बजे नरकटियागंज, 19.15 बजे सिकटा, 19.50 बजे रक्सौल, 20.40 बजे घोड़ासहन, 21.08 बजे बैरगनिया, 22.00 बजे सीतामढ़ी, 22.30 बजे जनकपुर रोड, 22.45 बजे कमतौल स्टेशनों रूकते हुए अगले दिन 00.40 बजे दरभंगा पहुंचेगी ।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top