Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

सरायरंजन की अनामिका ने बढ़ाया क्षेत्र का मान 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के किशनपुर युसूफ निवासी अशोक कुमार गुप्ता की पुत्री सुश्री अनामिका का अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक में बिजनेस एनालिस्ट के पद पर चयन हुआ है। उसके चयन पर घर में जश्न का माहौल है। वहीं क्षेत्र के लोगों द्वारा सफल छात्रा को ढेरों बधाई एवं शुभकामनाएं मिल रही हैं। बता दें कि उक्त छात्रा ने खालिसपुर स्थित पब्लिक सेंट्रल स्कूल से हायर सेकेंडरी करने के पश्चात दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद केंपस प्लेसमेंट के माध्यम से उसका चयन अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक में बिजनेस एनालिस्ट के पद पर हुआ है। अनामिका की यह व्यक्तिगत सफलता गांव से निकाल कर वैश्विक मंच तक पहुंचने की प्रेरक कहानी है। अनामिका की सफलता पर भाजपा नेता रंजीत निर्गुणी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उनसे उम्मीद जताई हैं कि वह जिले और राज्य का नाम रोशन करे और भीतर कहीं समाज के प्रति उत्तरदायित्व की लौ को जलाए रखे।

समस्तीपुर

समस्तीपुर यार्ड क्षेत्र में अवैध मछली एवं मटन दुकानों से फैलती गंदगी पर रेलवे की गंभीर चिंता

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: समस्तीपुर यार्ड की बाउंड्री से सटी मछली एवं मटन की दुकानों से निकलने वाली गंदगी और अपशिष्ट रेलवे परिसर में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे यार्ड एवं स्टेशन क्षेत्र में अस्वच्छता की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। यह स्थिति न केवल रेलवे परिसरों की स्वच्छता के लिए चुनौती है, बल्कि यात्रियों, रेलकर्मियों एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी पैदा कर रही है। मछली और मटन दुकानों से निकलने वाला कचरा, गंदा पानी तथा दुर्गंध नियमित रूप से रेलवे भूमि में फैल रही है। इससे गंदगी बढ़ने के साथ-साथ मक्खी, मच्छर एवं अन्य कीटों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जो महामारी फैलने की आशंका को जन्म देता है। रेलवे का स्पष्ट मत है कि ऐसी परिस्थितियां सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक हो सकती हैं। इसके अतिरिक्त, लगातार गंदगी और अपशिष्ट के कारण रेलवे ट्रैक, स्लीपर और आसपास की संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की संभावना बनी रहती है। पटरियों के किनारे जमा होने वाला कचरा जलनिकासी में बाधा उत्पन्न करता है, जिससे बारिश के मौसम में ट्रैक पर जलभराव की समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है। यह स्थिति रेल परिचालन की सुरक्षा एवं संरक्षा के दृष्टिकोण से भी चिंताजनक है। रेलवे प्रशासन यह स्पष्ट करना चाहता है कि स्टेशन एवं यार्ड क्षेत्र में स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। यात्रियों को स्वच्छ परिसर उपलब्ध कराना तथा रेल परिचालन को सुरक्षित रखना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बाहरी स्रोतों से फैलने वाली गंदगी न केवल इन प्रयासों को प्रभावित करती है, बल्कि रेलवे की सार्वजनिक छवि पर भी प्रतिकूल असर डालती है। रेलवे की ओर से संबंधित स्थानीय प्रशासन एवं नगर निकायों से आग्रह किया गया है कि बाउंड्री के समीप संचालित ऐसी दुकानों के अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता और नियमन के लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएं। रेलवे प्रशासन अपने स्तर से भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है, परंतु समस्या के स्थायी समाधान हेतु समन्वित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी में 228 लीटर शराब जब्त,धंधेबाज फरार 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर स्थित मध्य विद्यालय के पीछे से पुलिस ने गुप्त सूचना पर गुरुवार की रात 228 लीटर अंग्रेजी शराब को जब्त किया। वहीं पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही सभी धंधेबाज फरार हो गए। इस संबंध में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि फतेहपुर मध्य विद्यालय के पीछे शराब की एक बड़ी खेप उतरने वाली है। सूचना के सत्यापन के लिए उन्होंने शीघ्र पुलिस बल को निर्दिष्ट स्थल पर भेजा,जहां पुलिस ने 26 कार्टन अंग्रेजी शराब को बरामद किया। बरामद की गई शराब आर एस ब्रांड एवं मेकड्वेल ब्रांड की थी। 627 बोतलों में पैक शराब की कुल मात्रा 228 लीटर बताई गई है। वहीं पुलिस के आने की भनक लगते ही सभी धंधेबाज वहां से फरार हो गए। पुलिस ने स्थानीय दो धंधेबाजों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।

समस्तीपुर

वीर बाल दिवस पर पुरस्कृत किए गए स्कूली बच्चे

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के उमवि उदापट्टी एवं उमावि बखरी बुजुर्ग में शुक्रवार को समारोहपूर्वक वीर बाल दिवस मनाया गया। समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार झा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को साहिब के अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान से अवगत कराना और हिंदुस्तानीय इतिहास के इन युवा वीरों के अदम्य सहस्त्र और पराक्रम को याद करना है। इस अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग, क्विज एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में सफल सभी प्रतिभागियों को पाठ्य सामग्री देकर पुरस्कृत किया गया। मौके पर शिक्षक– शिक्षिकाओं में वंदना कुमारी, मणिकांत झा, पंकज कुमार, सुमित राज, विभा देवी,प्रियंका कुमारी, विनीत कुमार, सविता कुमारी, सुरेंद्र सहनी आदि मौजूद रहे।

समस्तीपुर

उमावि बथुआ बुजुर्ग में समारोहपूर्वक मन वीर बाल दिवस

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बथुआ बुजुर्ग के सभागृह में शुक्रवार को “वीर बाल दिवस” का आयोजन समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी ने समाज और धर्म रक्षार्थ अपने प्राणों, की आहुति देने देने वाले वीर बालकों जोरावर सिंह और फतेह सिंह की वीरता और बलिदान का स्मरण कराते हुये उनके त्याग को अपने जीवन में उतारने का आवाहन किया। कार्यक्रम संचालन करते हुये वरिष्ठ शिक्षक विश्वनाथ राम ने इन बालकों के त्याग एवं समर्पण की व्यापक चर्चा की। समारोह को प्रभारी प्रधानाध्यापक रतन कुमार, वरिष्ठ शिक्षक रवीन्द्र मोहन कंठ, संजीव कुमार, सरोज कुमार झा, समीरचंद्र गौरव, रणधीर कुमार, संतोष कुमार, नीलेश कुमार, संतोष कुमार सुमन, संतोष कुमार,विकास कुमार, कमरे आज़म आदि ने सम्बोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रेणु कुमारी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों के बीच पेंटिंग, पोस्टर, निबंध लेखन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया एवं विजयी प्रतिभागियों को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया।

समस्तीपुर

जिलाधिकारी द्वारा ताजपुर अंचल में निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर।  जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा द्वारा ताजपुर अंचल अंतर्गत निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र (सब स्टेशन)-सह-आवासीय परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित कार्यपालक अभियंता, विद्युत ग्रिड एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा ससमय कार्य पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा ताजपुर अंचल के रामापुर महेशपुर पंचायत स्थित निर्माणाधीन पंचायत प्रशासन भवन का भी निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर मौके पर उपस्थित अभियंताओं, जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता समस्तीपुर श्री ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री विष्णु देव मंडल, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री एकराम अली, अंचल अधिकारी ताजपुर सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ताजा ख़बर, बिहार, समस्तीपुर

हाजीपुर स्टेशन पर गर्डर लांचिंग हेतु 24.12.2025 को 03 घंटे का यातायात एवं पावर ब्लॉक के मद्देनजर ट्रेनों के परिचालन में बदलाव

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर –रेलवे प्रशासन द्वारा परिचालनिक सुगमता के मद्देनजर सोनपुर मंडल के हाजीपुर स्टेशन पर गर्डर लांचिंग हेतु 24.12.2025 को 12.30 बजे से 15.30 बजे तक 03 घंटे का यातायात एवं पावर ब्लॉक लिये जाने के कारण गाड़ियों का पुर्ननिर्धारण एवं नियंत्रण निम्नवत किया जायेगा –  पुर्ननिर्धारित कर चलायी जाने वाली ट्रेनें – 1. गोरखपुर से 24 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 15028 गोरखपुर-सम्बलपुर मौर्य एक्सप्रेस अपने पूर्व निर्धारित समय से 120 मिनट पुनर्निर्धारित कर तथा मार्ग में 35 मिनट नियंत्रित कर चलाई जायेगी। 2. जयनगर से 24 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस अपने पूर्व निर्धारित समय से 155 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी। 3. बरौनी से 24 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस अपने पूर्व निर्धारित समय से 135 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी। 4. जोगबनी से 24 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 13211 जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस अपने पूर्व निर्धारित समय से 90 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी। 5. देवरिया से 24 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 75219 देवरिया-सोनपुर पैसेंजर अपने पूर्व निर्धारित समय से 90 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी। 6. थावे से 24 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 18182 थावे-टाटा एक्सप्रेस अपने पूर्व निर्धारित समय से 60 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी। नियंत्रित कर चलायी जाने वाली ट्रेनें – 1. टाटा से 23 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 18181 टाटा-थावे एक्सप्रेस दानापुर एवं सोनपुर मंडल में 135 मिनट नियंत्रित कर चलाई जायेगी। 2. अमृतसर से 23 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 15708 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस पूर्वोत्तर रेलवे में 120 मिनट नियंत्रित कर चलाई जायेगी। 3. नई दिल्ली से 23 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 15566 नई दिल्ली-ललितग्राम वैशाली एक्सप्रेस पूर्वोत्तर रेलवे में 100 मिनट नियंत्रित कर चलाई जायेगी। 4. नई दिल्ली से 23 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 12562 नई दिल्ली-जयनगर एक्सप्रेस पूर्वोत्तर रेलवे में 50 मिनट एवं सोनपुर मंडल में 30 मिनट नियंत्रित कर चलाई जायेगी। 5. अहमदाबाद से 23 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 19483 अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस दानापुर मंडल में 75 मिनट नियंत्रित कर चलाई जायेगी। 6. दानापुर से 24 दिसम्बर, 2025 को खुलने वाली 15516 दानापुर-नरकटियागंज एक्सप्रेस दानापुर मंडल में 20 मिनट नियंत्रित कर चलाई जायेगी।

समस्तीपुर

डिस्ट्रिक्ट लेवल कोऑर्डिनेशन मीटिंग (बैंकिंग) संपन्न

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – समाहरणालय स्थित बैठक कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति (District Level Coordination Meeting – Banking) की बैठक एसडीसी बैंकिंग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी बैंकों के अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न राष्ट्रीयकृत/निजी बैंकों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री जन-धन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण, वित्तीय समावेशन, ऋण-वितरण की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसडीसी बैंकिंग द्वारा सभी बैंकों को निर्देश दिया गया कि प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक ससमय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ऋण वितरण में तेजी लाने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, सीडी रेशियो में सुधार तथा ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष बल दिया। साथ ही वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों के प्रभावी आयोजन का भी निर्देश दिया गया। बैठक में बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने एवं आगामी लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर सहमति बनी।

समस्तीपुर

अभियंत्रण महाविद्यालय में रामानुजन परीक्षा में सफल 56 प्रतिभागियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड अंतर्गत नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर रामानुजन परीक्षा के प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह परीक्षा बिहार प्रशासन के अंतर्गत बिहार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा आयोजित की गई थी। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के तकनीकी क्लब असिमो के सहयोग से किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि सरायरंजन के प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार मंडल ने की। इस अवसर पर सफल विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. सागर सर रहे। समारोह में प्रो. शफाक़ मैम, प्रो. ज़िया तथा प्रो.अभय भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को गणित विषय के महत्व के बारे में बताया और सभी प्रतिभागियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। रामानुजन परीक्षा में समस्तीपुर जिले के अनेक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कुल 56 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह आयोजन विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि, तार्किक सोच एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने वाला सिद्ध हुआ।

समस्तीपुर

स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में अंजली कुमारी ने बढ़ाया गांव का मान

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : नगर पंचायत मुसरीघरारी में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत 21 दिसंबर को आयोजित स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में अंजली कुमारी ने शानदार प्रदर्शन कर गांव और विद्यालय का नाम रोशन किया।अंजली कुमारी, पिता श्री राम शोभित महतो, अल्फा मध्य विद्यालय, बी. ऐलोथ की आठवीं कक्षा की छात्रा हैं। प्रतियोगिता में उन्होंने 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप और हाई जंप—चारों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। गौरतलब है कि इससे पहले भी अंजली कुमारी जिला स्तर एवं पंचायत स्तर पर आयोजित मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top