Hot News

समस्तीपुर

बिहार, समस्तीपुर

बेगूसराय जाने के दौरान मुसरीघरारी में रुके जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा तथा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा मंगलवार को बेगूसराय जाने के क्रम में मुसरीघरारी चौक स्थित बाबा ट्रांसपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए रुके। इस दौरान पार्टी के स्थानीय एवं जिला स्तर के कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। नेताओं के मुसरीघरारी पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता बाबा ट्रांसपोर्ट परिसर में पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने तथा प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा की। इस दौरान नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं से पार्टी की गतिविधियों और संगठन की स्थिति की जानकारी ली। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की। जदयू नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आम लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर समस्तीपुर जदयू जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, अनिल सिंह बाबा, जदयू जिला महासचिव विधाकर झा, नागराज झा, डॉक्टर कृष्ण कुमार झा राम विनोद झा, रंजीत पटेल, फणींद्र कुमार राम सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। कुछ देर कार्यकर्ताओं से मुलाकात और संवाद के बाद संजय झा एवं उमेश सिंह कुशवाहा बेगूसराय के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मुसरीघरारी चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह नेतृत्वक नजर आया।

समस्तीपुर

विकास योजनाओं की समीक्षा: DISHA बैठक में शिक्षा-स्वास्थ्य और बाढ़ राहत पर विशेष जोर

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर | डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा परिसर में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं समिति के अध्यक्ष नित्यानंद राय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य प्रशासन की ओर से संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया गया। बैठक में सह-अध्यक्ष सह समस्तीपुर सांसद शांभवी, विधान पार्षद तरुण कुमार, रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार, हसनपुर विधायक राजकुमार राय, वारिसनगर विधायक मांजरिक मृणाल, समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम, पूसा विश्वविद्यालय के कुलपति, डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह समेत सभी प्रखंड प्रमुख और DISHA के सदस्य मौजूद रहे। स्कूलों में भवन और शिक्षकों की स्थिति की समीक्षा बैठक में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिले के विद्यालयों के भवनों की स्थिति पर चर्चा की गई। जर्जर भवनों की आवश्यकता के अनुसार मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कराने पर जोर दिया गया। छात्र-शिक्षक अनुपात के अनुरूप शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां आवश्यकता के अनुसार व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और पठन-पाठन की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता पर जोर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित समीक्षा कर आम लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल, दवा, स्वास्थ्य सुविधा, आश्रय स्थल, पशु चारा और आवागमन समेत आवश्यक राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से संसाधनों की व्यवस्था रखने और लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के साथ आपदा की स्थिति में आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा भी जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। डीएम रोशन कुशवाहा ने बैठक में मिले निर्देशों के अनुरूप सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।

समस्तीपुर

बाल विवाह की रोकथाम में शिक्षकों की अहम भूमिका पर हुई परिचर्चा

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: प्रखंड अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, अख्तियारपुर में “बाल विवाह की रोकथाम में शिक्षकों की अहम भूमिका” विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. सीमा कुमारी ने की। संचालन हर्ष मोहन ने किया, जबकि एनजीओ कार्यकर्ता किरण कुमारी की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका डॉ. सीमा कुमारी ने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है तथा उनकी शिक्षा और भविष्य के विकास में बाधक बनता है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास होता है।” बालिकाओं का शिक्षित एवं आत्मनिर्भर होना परिवार और समाज के साथ-साथ देश के विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों एवं अभिभावकों को जागरूक कर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विनय कुमार ठाकुर, श्वेता कुमारी, अर्चना कुमारी, अमित कुमार, संजीव कुमार, राज कुमार, कुंदन कुमार, मुरारी पंडित, बेबी सुरुचि, गायत्री प्रतिभा, रितेश कुमार, संतोष कुमार एवं राम नंदन शर्मा सहित विद्यालय क्लर्क उज्ज्वल प्रियदर्शी उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापिका की ओर से सभी शिक्षकों को डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में हर्ष मोहन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

समस्तीपुर

रोजगार मेला: केएसआर कॉलेज सरायरंजन में युवाओं को मिले नौकरी के अवसर, 76 युवाओं का हुआ चयन 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन :आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम और एक्सिस बैंक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान से के एसआर कॉलेज सरायरंजन में सोमवार को रोजगार मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बिपिन कुमार झा ने किया। इस रोजगार मेला में टाटा मोटर्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, स्नाइडर इलेक्ट्रिक, फॉक्सकॉन, मदरसन, जैसी देश की प्रतिष्ठित कंपनियों के नियोक्ताओं ने हिस्सा लिया।युवा जंक्शन सरायरंजन की टीम के द्वारा विभिन्न योग्यता और कौशल के आधार पर 152 उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया। चयन प्रक्रिया के बाद एचआर ने टाटा मोटर्स के लिए 44, मदरसन के लिए 15,फॉक्सकॉन के लिए 07, और लोकल कंपनियों में 10 को शॉर्टलिस्ट किया, जिसमें 29 छात्राएँ भी शामिल है सभी शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को युवा जंक्शन सरायरंजन, सरैया चौक की टीम द्वारा उनकी जॉइनिंग प्रक्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी।प्राचार्य बिपिन कुमार झा ने ग्रामीण युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और अधिक से अधिक जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम में केंद्रीय प्रबंधक नितेश कुमार, उजाला कुमारी, विवेक आर्यन, बबली कुमारी, स्मिता शर्मा, अनीश आलम, शानू कुमार, सुजीत कुमार, संजू कुमारी एवं अन्य उपस्थित थे। यह रोजगार मेला ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

समस्तीपुर

पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जरूरी

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सरायरंजन खंड के द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मेयारी मंगलवार को छायादार एवं औषधि वाले पौधे लगाए गए। इस अवसर पर आरएसएस के खंड कार्यवाह विजय कुमार चौरसिया ने संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधे लगाना व देखभाल करना बहुत जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर विद्यालय परिसर में स्वच्छ व सुंदर एवं सकारात्मक माहौल बनाने हेतु पौधे लगाए गए हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार सिंह ने संघ शताब्दी वर्ष में पौधारोपण कार्यक्रम की सरहना करते हुए कहा कि संघ की यह योजना राष्ट्र को परम वैभव पर ले जाने के लिए पौधारोपण भी जरूरी है। सरायरंजन मंडल कार्यवाह सुधाकर प्रसाद सिंह ,विकास कुमार झा ,अनु कुमारी, विपिन कुमार, अमन कुमार, साधना कुमारी ,डब्लू कुमार, मधुबाला कुमारी, रंजीता कुमारी , रत्ना प्रिया, सोनाली राज, श्वेता कुमारी ,दीपक कुमार ,नरेश कुमार राय ,अजीत कुमार ठाकुर, आशीष,आनंद,अनिकेत, दिलीप,अभिषेक, रोहित, साक्षी प्रिया, पनवी राज, स्नेहा आदि छात्र– छात्राएं उपस्थित थे।

समस्तीपुर

मृ”तका के स्वजनों से मिले पूर्व मंत्री सह अमनौर के भाजपा विधायक मंटू पटेल

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: प्रखंड के अख्तियारपुर गांव में सोमवार की दोपहर पहुंचे पूर्व मंत्री सह अमनौर भाजपा विधायक मंटू पटेल। इस दौरान उन्होंने दिवंगत चिंकी कुमारी के स्वजनों का हाल चाल जाना। वहीं बछवाड़ा से भाजपा विधायक सुरेन्द्र मेहता भी पहुंचे।मौके पर पहुंचे स्थानीय युवा समाजसेवी सह पूर्व पंचायत समिति सदस्य संजीव कुमार इन्कलाबी ने पूर्व मंत्री सह वर्तमान विधायक कृष्णा कुमार उर्फ़ मंटून पटेल से दिवंगत चिंकी को इंसाफ़ दिलाने की गुहार लगाई तथा चिंकी के स्वजनों को सुरक्षा मुहैया करवाने का आग्रह किया। तत्पश्चात मौके पर हरपुर बरहेता के पूर्व मुखिया ताराकांत राय,जेडीयू नेता अजय कुमार राय,कारु पटेल,पवन कुमार पटेल,मिथिलेश पटेल,ललन पटेल, कृष्णा राय,चन्दन राय,प्रभाष कुमार ईश्वर,अनिकेत पटेल,साहिल पटेल,सिंधु कुमार सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।

समस्तीपुर

पाइलिंग मजदूर की संदिग्ध मौ”त, परिजनों ने लगाया मारपीट कर ह”त्या का आरोप

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत स्थित बरूना रसलपुर वार्ड संख्या-6 में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी स्व. राम प्रसाद दास के 33 वर्षीय पुत्र मुकेश दास के रूप में हुई है। मुकेश अपने ससुराल रसलपुर में रहकर मजदूरी करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, मुकेश गांव के ही ठेकेदार रंजीत दास के साथ पाइलिंग का काम करने के लिए 30 अगस्त को पटना गए थे। आरोप है कि वहां उनके साथ मारपीट की गई थी। परिजनों का कहना है कि 5 सितंबर की रात दो बाइक सवार युवक मुकेश को गंभीर और बेहोशी की हालत में छोड़कर चले गए। इनमें एक की पहचान शिवा के रूप में बताई गई है। मुकेश की हालत गंभीर देख परिजनों ने इलाज शुरू कराया। स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मुकेश के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। घटना के बाद मृतक की पत्नी आरती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मुकेश अपने पीछे पुत्र रितेश कुमार (6), पुत्री ऋतु कुमारी (4) और एक नवजात शिशु को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, 112 की टीम लीडर रविंद्र प्रसाद यादव भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

समस्तीपुर

मनिका में मृ”तक के परिजनों से मिले उपमुख्यमंत्री, दी सांत्वना

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । प्रखंड क्षेत्र के मनिका गांव में जदयू नेता के पिता रामदयाल सहनी के निधन की सूचना पर राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी रविवार को उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि परिजन के निधन से उत्पन्न पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और हिम्मत से काम लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में अपनों को खोने का दुख बेहद पीड़ादायक होता है, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना ही सबसे बड़ी ताकत है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने दिवंगत रामदयाल सहनी के जीवन और सामाजिक व्यवहार को लेकर भी परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय बिताया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उनके पहुंचने पर ग्रामीणों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया। मौके पर जदयू एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इनमें रामाश्रय प्रसाद, दिनेश झा, हरेराम सहनी, अमित सिंह, पिंटू सहनी, मुकेश कुमार, सुधीर झा सहित अन्य लोग शामिल थे। सभी ने दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

ताजा ख़बर, बिहार, समस्तीपुर

सोशल मीडिया पर समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बगहा और बेतिया स्टेशनों के जलमग्न होने की खबरें पूरी तरह भ्रामक व बेबुनियाद

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: विगत 10-15 दिनों से फेसबुक, ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुछ वीडियो तेजी से प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें यह दावा किया जा रहा है कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण समस्तीपुर मंडल अंतर्गत समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बगहा और बेतिया स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पानी में डूब गए हैं। समस्तीपुर रेल प्रशासन यह स्पष्ट करता है कि प्रसारित किए जा रहे ऐसे सभी वीडियो और दावे पूरी तरह असत्य, भ्रामक एवं निराधार हैं। इन स्टेशनों पर रेल परिचालन व यात्री सुविधाएं सामान्य रूप से एवं सुचारू रूप से संचालित हैं। इस प्रकार की फर्जी सामग्री केवल यात्रियों और आम जनमानस में अनावश्यक भय, भ्रम और दहशत का माहौल पैदा करने के दुर्भावनापूर्ण उद्देश्य से पोस्ट की जा रही है। रेल प्रशासन ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विधिवत शिकायत और आपत्ति दर्ज करा दी है। भ्रामक वीडियो पोस्ट करने और अफवाह फैलाने वाले संदेहास्पद प्रोफाइलों एवं व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। समस्तीपुर रेल मंडल सभी यात्रियों एवं आम नागरिकों से विनम्र अपील करता है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली इस प्रकार की असत्यापित व भ्रामक पोस्टों पर कतई ध्यान न दें और न ही इन्हें साझा (Share) करें। यदि किसी प्लेटफॉर्म पर ऐसी फर्जी सामग्री दिखाई दे, तो अपने स्तर पर भी उसे रिपोर्ट/शिकायत दर्ज कराएं ताकि अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके। रेल परिचालन से संबंधित किसी भी प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक रेलवे स्रोतों पर ही भरोसा करें।

समस्तीपुर

प्रभारी सचिव ने कंट्रोल रूम में बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की

प्रत्येक व्यवस्था के लिए पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने का निर्देश नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर– प्रभारी सचिव, समस्तीपुर-सह-सचिव, भवन निर्माण विभाग श्री प्रणव कुमार द्वारा जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ रसूलपुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत कंट्रोल रूम में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ से उत्पन्न संभावित परिस्थितियों एवं उससे निपटने की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित लोगों के विस्थापन की स्थिति में आश्रय स्थलों की तैयारी, वहां मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा कम्युनिटी किचन के सुचारू संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था की समीक्षा की गई। निर्देश दिया गया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा आश्रय स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की देरी न हो। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में उपलब्ध संसाधनों, मानव बल एवं त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था की जानकारी ली गई। सभी आवश्यक संसाधनों को कार्यशील एवं तैयार अवस्था में रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत जीवन रक्षक एवं अन्य महत्वपूर्ण दवाओं के पर्याप्त स्टॉक की समीक्षा की गई। सिविल सर्जन को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसी प्रकार पशुओं के लिए चारा एवं आवश्यक पशु चिकित्सा दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई। पशुपालन पदाधिकारी को पर्याप्त चारा एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में वितरण की व्यवस्था करने को कहा गया। बैठक में पॉलिथीन शीट्स की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जरूरतमंद परिवारों को समय पर पॉलिथीन शीट उपलब्ध कराने तथा उपलब्ध स्टॉक का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रभारी सचिव ने राहत एवं बचाव से संबंधित प्रत्येक महत्वपूर्ण कार्य के लिए संबंधित पदाधिकारी की स्पष्ट जवाबदेही निर्धारित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों की नियमित समीक्षा करें और किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। जलस्तर की स्थिति की समीक्षा करते हुए अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह एवं बाढ़ प्रमंडल के अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यक सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील स्थलों एवं तटबंधों पर भी लगातार निगरानी रखने को कहा गया। अनुमंडल पदाधिकारी को अनुमंडल स्तरीय कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी रखने तथा जिला स्तर पर 24×7 कार्यरत जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) के माध्यम से स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग एवं विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से आमजनों को लगातार जागरूक किया जा रहा है तथा आवश्यक सावधानियों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में तत्परता, समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top