Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

देसी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

नया विचार सरायरंजन : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के विश्वंभरपुर एलौथ से मंगलवार की देर संध्या को पुलिस ने एक देसी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के विक्रमपुर बांदे निवासी बैजनाथ राय के पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त जगह पर हथियार के साथ दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। सूचना के बाद मुसरीघरारी थानाध्यक्ष फैजुल अंसारी के निर्देश पर दल बल के साथ पुलिस निर्दिष्ट स्थान पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार युवक की तलाशी ली तो गिरफ्तार युवक के पास से एक देसी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस बरामद हुई । वहीं दूसरा युवक भागने में सफल रहा। इधर, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष फैजुल अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक के खिलाफ थाना कांड सं. 28/25 दर्ज कर अग्रेतर करवाई की जा रही है।

समस्तीपुर

टीएलएम में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शिक्षक सम्मानित

नया विचार सरायरंजन : प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लाटबसेपुरा में बुधवार को टीएलएम मेला का समारोहपूर्वक आयोजन किया गया। काम्प्लेक्स रिसोर्स सेंटर के सभी पांच विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाषा, गणित एवं पर्यावरण विषय से संबंधित शिक्षण अधिगम सामग्री का निर्माण कर स्टाल पर प्रदर्शित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक सह संचालक अनन्त कुमार राय ने की।उत्क्रमित मध्य विद्यालय लाटबसेपुरा के संदीप कुमार सिंह को प्रथम, उत्क्रमित मध्य विद्यालय ब्रह्मबाणा के रविना कुमारी को द्वितीय एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय परहेता के सचिन भारद्वाज को तृतीय स्थान के लिए चयनित किया गया। प्रतिभागी शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मौके पर प्रधानाध्यापक अनन्त कुमार राय, समन्वयक सत्यनारायण शर्मा, लाला प्रसाद सिंह, श्यामानंद आर्य, बैद्यनाथ राय, गंगा नारायण विद्यार्थी, जितेन्द्र कुमार मिश्र,अजय कुमार, नागमणि आशुतोष,अंजू सरिता मसीह, ज्योति सिंह, सीमा कुमारी, रेखा मिश्रा, ममता कुमारी, नीलम कुमारी, अजीत कुमार प्रसाद, नेहा कुमारी, लक्ष्मी, मौसम कुमारी,ॠतु कुमारी संजीव कुमार आदि उपस्थित थे।

समस्तीपुर

सरायरंजन में दो दर्जन लोगों ने ली जन सुराज की सदस्यता

नया विचार सरायरंजन : जन सुराज विस्तार अभियान के तहत बुधवार को प्रखंड अंतर्गत झखड़ा एवं गंगसारा पंचायत में ग्रामीणों के साथ बैठक हुई। बैठक में जन सुराज के विचारों से लोगों को अवगत कराया गया। वहीं प्रखंड अध्यक्ष विजय कुमार झा के नेतृत्व में विभिन्न दलों से आए दो दर्जन लोगों को जन सुराज की सदस्यता दिलाई गई। मौके पर संजय कुमार, कामिनी कुमारी, राजेश्वर राय, सुजीत कुमार सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आस्था, समस्तीपुर

251 कुंवारी कन्याओं ने निकाली कलश शोभा यात्रा 

नया विचार सरायरंजन : मुसरीघरारी नगर पंचायत के बखरी बुजुर्ग स्थित वार्ड 12 में बुधवार को अष्टयाम महायज्ञ को ले भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस कलश शोभा यात्रा में गांव की 251 कुंवारी कन्याओं ने भाग लिया। यह कलश यात्रा यज्ञाचार्य के नेतृत्व में यज्ञ स्थल से शुरू होकर गाजे –बाजे के साथ गांव के विभिन्न मार्गो से गुजरते हुए उदा हाट स्थित तालाब के पास पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तालाब का पवित्र जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पर लौट आई। इसके बाद जल कलश को यज्ञ स्थल पर स्थापित किया गया। बाद में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का भी वितरण किया गया। इस कलश यात्रा में वार्ड पार्षद होरिल साह,विद्याकर झा, सुजीत कुमार साह,राकेश कुमार शर्मा, रूपेश कुमार शर्मा, धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता, मनोज कुमार साह,दीपक कुमार साह, नरेश कुमार साह, प्रियरंजन कुमार, सुनील कुमार राय, अजीत कुमार साह, धर्मेंद्र कुमार शर्मा सहित दर्जनों श्रद्धालु शामिल हुए।

समस्तीपुर

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने किया पुस्तक का विमोचन

प्रो .अवधेश कुमार द्वारा रचित देश रत्न बाबा गाडगे महाराज पुस्तक का किया गया विमोचन नया विचार सरायरंजन : केदार संत रामाश्रय महाविद्यालय सरायरंजन के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो .अवधेश कुमार झा द्वारा रचित देश रत्न बाबा गाडगे महाराज पुस्तक का विमोचन भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े एवं अन्य पदाधिकारियों ने किया। दलित कुलभूषण बाबा गाडगे महाराज के एक सौ उन्चासवें जन्म दिवस पर प्रो .अवधेश कुमार झा द्वारा उनकी महानता पर लिखित पुस्तक का विमोचन भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, संगठन महासचिव भीखू भाई दलसानिया,संत गाडगे महाराज ट्रस्ट मुंबई के संचालक प्रशांत देशमुख, नाशिक संचालक कुणाल देशमुख, प्रवीण देशमुख, रवीन्द्र देशमुख, भाजपा युवा मोर्चा के सीमांत शेखर ने संयुक्त रूप से किया। बाबा गाडगे महाराज ट्रस्ट के संचालक प्रशांत देशमुख द्वारा राष्ट्रीय महासचिव सह बिहार प्रभारी विनोद तावड़े को अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। पुस्तक का विमोचन करते हुए विनोद तावड़े ने दलित धोबी जाति में उत्पन्न एवं कम पढ़े-लिखे होकर भी एक सौ से अधिक समाजसेवी संस्थाओं एवं अस्सी से अधिक विद्यालय महाविद्यालय विश्वविद्यालय की स्थापना करने वाले महान समाजसेवी एवं देश भक्त बाबा गाडगे महाराज की सराहना करते हुए उनपर लिखित पुस्तक की प्रशंसा की। अन्य वक्ताओं ने प्रो. अवधेश कुमार झा द्वारा लिखित पुस्तक की सराहना की। मौके पर अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

बिहार, समस्तीपुर

वाराणसी मण्डल के बैतालपुर-देवरिया सदर स्टेशन के मध्य ऑटोमेटिक सिगनलिंग के कमीशनिंग एवं नान-इण्टरलॉक कार्य के मद्देनजर ट्रेनों के परिचालन में बदलाव

नया विचार समस्तीपुर। रेलवे द्वारा आधारभूत संरचना में विस्तार के क्रम में वाराणसी मण्डल के गोरखपुर कैण्ट-भटनी रेल खण्ड पर बैतालपुर-देवरिया सदर स्टेशन के मध्य ऑटोमेटिक सिगनलिंग के कमीशनिंग एवं नान-इण्टरलॉक कार्य हेतु ब्लाक दिये जाने के कारण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है जिनका विवरण निम्नानुसार है – परिवर्तित मार्ग से चलायी जाने वाली ट्रेनें-  1. कटिहार से 06 मार्च, 2025 को खुलने वाली 15707 कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग सीवान-भटनी-गोरखपुर कैण्ट के स्थान पर परिवर्तित मार्ग सीवान-थावे-कप्तानगंज- गोरखपुर कैण्ट के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव देवरिया सदर स्टेशन पर नही रहेगा। 2. नई दिल्ली से 05 मार्च, 2025 को खुलने वाली 12554 नई दिल्ली-सहरसा एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग गोरखपुर कैण्ट-भटनी-सीवान के स्थान पर परिवर्तित मार्ग गोरखपुर कैण्ट-कप्तानगंज-थावे-सीवान के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव देवरिया सदर स्टेशन पर नही रहेगा। 3. अमृतसर से 05 मार्च, 2025 को खुलने वाली 14604 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग गोरखपुर कैण्ट-भटनी-सीवान के स्थान पर परिवर्तित मार्ग गोरखपुर कैण्ट-कप्तानगंज-थावे-सीवान के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव देवरिया सदर स्टेशन पर नही रहेगा। नियंत्रित कर चलायी जाने वाली ट्रेन– काठगोदाम से 05 मार्च, 2025 को खुलने वाली 13020 काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मण्डल में 90 मिनट नियंत्रित कर चलाई जायेगी। पुनर्निर्धारित कर चलायी जाने वाली ट्रेन – दरभंगा से 06 मार्च, 2025 को खुलने वाली 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल दरभंगा से 120 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी ।

समस्तीपुर

मांगों को ले शिक्षक करेंगे डीईओ कार्यालय पर प्रदर्शन

नया विचार सरायरंजन : स्थानीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में मंगलवार को शिक्षकों की प्रखंड स्तरीय बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से विभिन्न समस्याओं को लेकर आगामी 7 मार्च को जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया गया। साथ ही उस धरना प्रदर्शन की सफलता के लिए शिक्षकों से आधिकारिक भागीदारी की अपील की गई। शिक्षक की समस्याओं में कालबद्ध प्रोन्नति, सेवा निरंतरता,शिक्षकों को वर्धित एचआरए देने, प्राण जनरेशन में शीघ्रता लाकर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने,सेवानिवृत्ति नियोजित शिक्षकों को अर्जित अवकाश का लाभ देने सहित कई अन्य मांगों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता नवीन कुमार ने की। संचालन फिरदौस आलम ने किया। बैठक में सुनील कुमार झा,रामचंद्र पासवान,अरुण कुमार पासवान, मोतीउर रहमान,ललित कुमार,अभिराम झा, ललित पासवान, रीता देवी,सुबोध कुमार,भरत साह सहित दर्जनों शिक्षक मौजूद रहे।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी नगर पंचायत में दो हाटों की हुई बंदोबस्ती

नया विचार सरायरंजन : नगर पंचायत मुसरीघरारी अंतर्गत बकरी बुजुर्ग स्थित उदाहाट एवं बथुआ बुजुर्ग स्थित मंगलहाट का वित्तीय वर्ष 2025 –26 के लिए खुली डाक बंदोबस्ती का आयोजन कार्यपालक पदाधिकारी कक्ष में किया गया। इनमें वार्ड नं.10 स्थित उदाहाट की बंदोबस्ती में कुल तीन संवेदक नीतीश कुमार, संतोष कुमार झा एवं बैजू सिंह ने भाग लिया। इस हाट की बंदोबस्ती की मूल राशि 193200 रुपए से आरंभ की गई। अधिकतम बोली संतोष झा द्वारा 24 7000 लगाई गई और उनका उदापट्टी हाट के बंदोबस्ती का कार्य दिया गया। वहीं वार्ड नं. 17 स्थित बथुआ बुजुर्ग के मंगलहाट की बंदोबस्ती में कुल तीन संवेदक मुकेश कुमार सहनी, राज कुमार सहनी एवं संतोष झा ने भाग लिया। बथुआ बुजुर्ग स्थित मंगलहाट की बंदोबस्ती के लिए मूल राशि 59100 से आरंभ की गई। अधिकतम बोली राज कुमार सहनी द्वारा 90500 लगाई गई और उनको बथुआ बुजुर्ग के मंगलहाट के बंदोबस्ती का कार्य दिया गया। मुख्य पार्षद दिव्या कुमारी एवं कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार रंजन की अध्यक्षता में सैरात बंदोबस्ती का कार्य सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। संवेदक को निर्देश दिया गया कि सैरात में सभी दुकानदारों को मूलभूत सुविधाएं, पंक्तिबद्ध, शांति और सौहार्द के साथ सैरात का संचालन करें। मौके पर उपाध्यक्ष मंजू देवी,स्वच्छता पदाधिकारी मिथुन कुमार,वार्ड पार्षद अशोक कुमार, फरहान, खुशबू कुमारी,शाहबाज हुसैन, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि तनवीर आलम, विजय कुमार बैठा, राम प्रवेश राय,रमेश कुमार सहनी,समाजसेवी अमर कुमार, प्रमोद कुमार, विद्याकर झा, विमल झा आदि उपस्थित रहे।

बिहार, समस्तीपुर

दिल्ली/आनंद विहार और दरभंगा तथा रक्सौल एवं बरौनी के मध्य होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन

नया विचार समस्तीपुर। होली के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर दिल्ली/आनंद विहार से दरभंगा, रक्सौल एवं बरौनी के मध्य होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा जिनका विवरण निम्नानुसार है – 1. गाड़ी संख्या 04012/0401 दिल्ली-दरभंगा-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल (सीतामढ़ी-रक्सौल- नरकटियागंज-गोरखपुर- लखनऊ के रास्ते): गाड़ी संख्या 04012 दिल्ली-दरभंगा फेस्टिवल स्पेशल 04, 07, 11, 14 एवं 18 मार्च, 2025 (मंगलवार एवं शुक्रवार) को दिल्ली से 19.30 बजे खुलकर अगले दिन 16.30 बजे दरभंगा पहुंचेगी । वापसी में, गाड़ी संख्या 04011 दरभंगा-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 05, 08, 12, 15 एवं 19 मार्च, 2025 (बुधवार एवं शनिवार) को दरभंगा से 18.00 बजे खुलकर अगले दिन 16.35 बजे दिल्ली पहुंचेगी । यह स्पेशल ट्रेन अप एवं डाउन दिशा में जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, बरगैनिया, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, लखनऊ, मुरादाबाद सहित अन्य स्टेशनों पर रूकेगी । 2. गाड़ी संख्या 04026/04025 दिल्ली-रक्सौल-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल (नरकटियागंज-गोरखपुर- बरेली-मुरादाबाद के रास्ते): गाड़ी संख्या 04026 दिल्ली-रक्सौल फेस्टिवल स्पेशल 06, 13 एवं 20 मार्च, 2025 (गुरूवार) को दिल्ली से 23.05 बजे खुलकर अगले दिन 19.00 बजे रक्सौल पहुंचेगी । वापसी में, गाड़ी संख्या 04025 रक्सौल-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 07, 14 एवं 21 मार्च, 2025 (शुक्रवार) को रक्सौल से 22.00 बजे खुलकर अगले दिन 17.45 बजे दिल्ली पहुंचेगी । यह स्पेशल ट्रेन अप एवं डाउन दिशा में नरकटियागंज, गोरखपुर, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद सहित अन्य स्टेशनों पर रूकेगी । 3. गाड़ी संख्या 04020/04019 आनंद विहार-बरौनी-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल (हाजीपुर-छपरा-बलिया- वाराणसी-लखनऊ-मुरादाबाद के रास्ते):* गाड़ी संख्या 04020 आनंद विहार-बरौनी फेस्टिवल स्पेशल 09 एवं 16 मार्च, 2025 (रविवार) को आनंद विहार से 19.30 बजे खुलकर अगले दिन 18.00 बजे बरौनी पहुंचेगी । वापसी में गाड़ी संख्या 04019 बरौनी-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल 10 एवं 17 मार्च, 2025 (सोमवार) को बरौनी 20.00 बजे खुलकर अगले दिन 19.00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी । यह स्पेशल ट्रेन अप एवं डाउन दिशा में हाजीपुर, छपरा, बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी, रायबरेली, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद सहित अन्य स्टेशनों पर रूकेगी । रेल परिचालन से जुड़ी किसी भी प्रकार की अद्यतन जानकारी रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 डायल कर अथवा नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एन.टी.ई.एस) वेब पोर्टल या मोबाइल एप से प्राप्त कर सकते हैं ।

समस्तीपुर

समस्तीपुर मंडल के कोपड़िया स्टेशन एवं धमारा घाट स्टेशन के बीच (किमी 16/20 से 14/11) के बीच के रेल परिक्षेत्र स्थित रेल भूमि से अतिक्रमण हटाया गया

नया विचार समस्तीपुर: आज समस्तीपुर मंडल के कोपड़िया स्टेशन एवं धमारा घाट स्टेशन के बीच (किमी 16/20 से 14/11) के रेल परिक्षेत्र स्थित रेल भूमि से अतिक्रमण हटाया गया ।विदित हो कि इस अतिक्रमण मुक्ति अभियान के दौरान कोपड़िया स्टेशन एवं धमारा घाट स्टेशन के बीच (किमी 16/20 से 14/11) के रेल परिक्षेत्र स्थित दोनों तरफ की रेल भूमि से अतिक्रमित करके बनाई गई अवैध दुकानों तथा अन्य स्थायी एवं अस्थाई निर्माण /झोपड़ियों को रेल प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन से तोड़ कर हटाया गया।इस क्रम में वहां पर अवैध रूप से चल रहे दुकान सहित झोपड़ियों तथा अन्य सभी छोटे बड़े निर्माण को भी हटाया गया। इस अभियान के माध्यम से कुल 410 दुकानें/ झोपड़ियों को हटाया गया जिससे 11050 वर्गमीटर रेलवे की जमीन अतिक्रमणमुक्त कराया गया। रेलवे की इस कार्यवाई को स्थानीय लोगों और यात्रियों द्वारा काफी सराहा जा रहा है तथा अतिक्रमण को हटाने के लिए रेल प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई का स्वागत किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कोपड़िया स्टेशन से धमारा घाट स्टेशन के बीच के रेल परिक्षेत्र के दोनों तरफ की रेल भूमि पर चल रही इन अवैध दुकानों को हटाने से रेलवे की काफी जमीन अतिक्रमण मुक्त हुई है। जिससे अब यात्रियों को भी आने जाने में सहूलियत होगी एवं कीमती रेल भूमि पर रेलवे का और अधिक विकास कार्य हो सकेगा।इस कार्रवाई से यात्रियों और स्थानीय लोगों में हर्ष व्याप्त है। उन्होंने रेल प्रशासन को धन्यवाद दिया है ।विदित हो कि रेल प्रशासन ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है और अवैध दुकानों को हटाकर रेल परिसर को साफ कर दिया है। यह कार्रवाई रेलवे की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करने और यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा प्रदान करने के लिए की गई है। इससे रेल संरक्षा में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top