Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में नया खुलासा हुआ है. आरोपियों की निशानदेही पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम से छपवाई गई फर्जी चंदा रसीद बुक बरामद हुई है. पूछताछ में आरोपियों ने श्रद्धालुओं को फर्जी रसीद देकर दान राशि वसूलने की बात कबूल की है. अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े चढ़ावा चोरी मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए राज सामने आ रहे हैं. अब इस मामले में आरोपियों की एक और बड़ी करतूत का खुलासा हुआ है. जांच एजेंसियों को आरोपियों के पास से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम पर तैयार की गई पुरानी फर्जी चंदा रसीद बुक मिली है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी केवल दान राशि में हेराफेरी नहीं करते थे, बल्कि फर्जी रसीदों के जरिए श्रद्धालुओं से रकम भी वसूलते थे.
असली जैसी दिखती थी फर्जी रसीद, श्रद्धालु हो जाते थे शिकार
सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की असली रसीद की तरह दिखने वाली फर्जी पर्चियां छपवाई थीं. इन रसीदों पर ट्रस्ट का लोगो और अन्य जरूरी जानकारियां भी दर्ज थीं, जिससे आम श्रद्धालुओं को धोखे का पता नहीं चलता था. आरोपी दान देने वाले लोगों को यही फर्जी रसीद थमाकर उनसे पैसे लेते थे. जांच में बरामद हुई रसीद बुक को पुलिस ने महत्वपूर्ण सबूत के तौर पर कब्जे में लिया है.
टिन्नू यादव समेत आरोपियों से पूछताछ में खुलासा
मामले में गिरफ्तार टिन्नू यादव, लवकुश मिश्रा, करुणेश और अनुकल्प मिश्रा समेत अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से दान व्यवस्था में सेंध लगाने की कोशिश कर रहा था. आरोपियों की निशानदेही पर बरामद दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके.
ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद बंद हुआ स्पोर्ट्स
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मंदिर में ऑनलाइन दान व्यवस्था लागू होने और कागजी रसीदों का इस्तेमाल कम होने के बाद आरोपियों ने फर्जी रसीदों का उपयोग बंद कर दिया था. नई व्यवस्था के बाद श्रद्धालु सीधे मंदिर ट्रस्ट के बैंक खाते में दान करने लगे या मंदिर परिसर में बने आधिकारिक काउंटर से रसीद प्राप्त करने लगे.
जांच एजेंसियां जुटा रहीं पूरे नेटवर्क की जानकारी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी रसीदों का इस्तेमाल कितने समय से किया जा रहा था और इससे कितनी रकम जुटाई गई. जांच एजेंसियां आरोपियों के संपर्कों, आर्थिक लेन-देन और बरामद दस्तावेजों की भी जांच कर रही हैं. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: सीएम योगी ने किया मेगा शुभारंभ, अब 12 लाख शिक्षकों को मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज का लाभ
The post अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एक और खुलासा, फर्जी रसीद छपवाकर श्रद्धालुओं से वसूली करते थे आरोपी appeared first on Naya Vichar.

