नया विचार न्यूज सरायरंजन (समस्तीपुर)। थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव के वार्ड संख्या-3 में रविवार की शाम एक 16 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान उत्तम महतो की पुत्री चिंकी कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, रविवार की शाम घर का एक कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों को शक हुआ। खिड़की से अंदर झांककर देखने पर किशोरी पंखे से फंदे के सहारे लटकी दिखाई दी। इसके बाद परिजनों ने किवाड़ तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, लेकिन तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना किशोरी के पिता उत्तम महतो ने सरायरंजन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी के आत्महत्या करने के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला है। हालांकि किशोरी का किससे प्रेम प्रसंग था और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिवार की ओर से किसी प्रकार का दबाव, विवाद या प्रेम प्रसंग में धोखा दिए जाने की बात भी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है।
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि किशोरी के पिता ने प्रेम प्रसंग की बात कही है। मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।