Hot News

घर में सो रहे बुजुर्ग को उठाकर ले गया बाघ! 24 घंटे में दूसरी बड़ी घटना से दहला बहराइच, दहशत में ग्रामीण

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. मगरमच्छ के हमले का वीडियो वायरल होने के महज 24 घंटे बाद शनिवार तड़के मोतीपुर थाना क्षेत्र के अहिरनपुरवा गांव में घर के अंदर सो रहे एक बुजुर्ग पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया. ग्रामीणों का दावा है कि बाघ बुजुर्ग को उठाकर ले गया, जबकि वन विभाग शुरुआती जांच में तेंदुए के हमले की आशंका जता रहा है. घटना में बुजुर्ग की मौत हो गई है.

घर में घुसा जंगली जानवर, सो रहे बुजुर्ग को बना लिया शिकार

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा वन रेंज स्थित अहिरनपुरवा गांव में शनिवार की भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर में सो रहे श्रीराम यादव पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया. ग्रामीणों के मुताबिक जानवर उन्हें घर से खींचकर बाहर ले गया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो भीड़ देखकर जंगली जानवर घायल बुजुर्ग को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

बाघ या तेंदुआ? जांच में जुटा वन विभाग

घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. ग्रामीण इसे बाघ का हमला बता रहे हैं, जबकि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तेंदुए के हमले का प्रतीत होता है. डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगा कि हमला बाघ ने किया या तेंदुए ने. फिलहाल मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

24 घंटे पहले मगरमच्छ ने शिशु पर किया था हमला

इस घटना से एक दिन पहले बहराइच के बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव में 12 वर्षीय शिशु पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया था. बच्चा अपने चाचा के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहा था, तभी मगरमच्छ ने उसे दबोच लिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिससे इलाके में पहले ही दहशत का माहौल था.

सीतापुर में भी बाघ के हमले से किसान की मौत

तराई क्षेत्र में जंगली जानवरों का खतरा केवल बहराइच तक सीमित नहीं है. हाल ही में सीतापुर जिले में भी बाघ के हमले में एक किसान की मौत हो चुकी है. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने, संवेदनशील गांवों में निगरानी तेज करने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है.

ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग तेज

लगातार हो रहे हमलों के बाद बहराइच और आसपास के तराई क्षेत्रों के ग्रामीणों में भय व्याप्त है. लोगों का कहना है कि रात के समय घरों से बाहर निकलना तो दूर, अब घर के भीतर भी सुरक्षा का भरोसा नहीं रह गया है. ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी, पिंजरे लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.

यह भी पढ‍़ें: जनता अंधेरे में तो आधी रात पावर हाउस पहुंचीं विधायक केतकी सिंह, बिजली कटौती पर अफसरों की लगाई क्लास

The post घर में सो रहे बुजुर्ग को उठाकर ले गया बाघ! 24 घंटे में दूसरी बड़ी घटना से दहला बहराइच, दहशत में ग्रामीण appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top