Gopalganj Road Potholes : चौकिये मत, जनाब ! यह कोई तालाब नहीं, बल्कि गोपालगंज के बथुआ बाजार की मुख्य सड़क है. सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है. हालात ऐसे हैं कि सड़क और तालाब में फर्क करना मुश्किल हो गया है. भागीपट्टी-समउर-मीरगंज मुख्य पथ पर स्थित बथुआ बाजार की बदहाल सड़क राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गयी है.
गड्ढों की गहराई का पता नहीं चलता, गिरकर घायल हो रहे लोग
सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में बाइक सवार और पैदल यात्री आये दिन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं. रात के समय स्थिति और खतरनाक हो जाती है, क्योंकि पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देते.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है. बाजार में आने-जाने वाले लोगों को हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सड़क और नाले के निर्माण को लेकर कई बार शिकायत
व्यवसायियों के अनुसार, दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क और नाले के निर्माण को लेकर वरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी गयी. इसके बावजूद समस्या बनी हुई है.
व्यवसायियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे. इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.
Also Read : गोपालगंज के 22 नंबर ढाला पर जाम से राहत की उम्मीद, मिट्टी जांच पूरी; लैब रिपोर्ट के बाद जल्द बनेगा ओवरब्रिज
The post चौंकिए मत, जनाब! यह तालाब नहीं गोपालगंज की सड़क है; 30 मीटर में करीब 50 गड्ढे appeared first on Naya Vichar.