Hot News

Samastipur Viral Video Case: प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, 3 आरोपितों के घर ध्वस्त, PDS डीलर का लाइसेंस रद्द

समस्तीपुर: कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में नाबालिग किशोरी से छेड़खानी के वायरल वीडियो मामले में प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की. घटना में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार तीन आरोपितों के ठिकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. वहीं, गिरफ्तार जनवितरण प्रणाली विक्रेता अवधेश पासवान का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है. एक अन्य आरोपित विकास कुमार शर्मा को अतिक्रमण खाली करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है.

तीन आरोपितों के ठिकानों पर चला बुलडोजर

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और कर्पूरीग्राम के बिजौलिया निवासी अवधेश पासवान के घरों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया. प्रशासन के मुताबिक, इन लोगों ने प्रशासनी जमीन पर अतिक्रमण कर घर बनाया था.

वहीं, जगतसिंहपुर निवासी रामसुंदर शर्मा के पुत्र विकास कुमार का घर पक्का निर्माण होने के कारण उसे तत्काल ध्वस्त नहीं किया गया. जिला प्रशासन की ओर से उसे अतिक्रमण खाली करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है.

कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. सदर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रशासनिक आदेश के तहत यह कार्रवाई की गयी है.

PDS डीलर का लाइसेंस रद्द, स्पीडी ट्रायल की तैयारी

मामले में गिरफ्तार PDS विक्रेता अवधेश पासवान का जनवितरण प्रणाली विक्रेता का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई स्पीडी ट्रायल के तहत कराने की तैयारी में जुटी है.

पुलिस ने बुधवार रात वायरल हुए वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब छह घंटे के भीतर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था. इनमें जगतसिंहपुर निवासी विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया निवासी अवधेश पासवान शामिल हैं. सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

वायरल वीडियो के बाद छह घंटे में हुई थी गिरफ्तारी

कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में नाबालिग किशोरी से अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. पुलिस के अनुसार, वीडियो में बांध किनारे बाइपास सड़क पर किशोरी के साथ कुछ युवक अभद्रता करते नजर आ रहे थे.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल उसका सत्यापन शुरू किया और उसमें नजर आ रहे युवकों की पहचान की. इसके बाद करीब छह घंटे के भीतर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया. एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार, मामले में पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

विकास का शराब तस्करी से जुड़ा आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित विकास कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध शराब तस्करी से जुड़े उत्पाद अधिनियम के तहत चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आयी है.

पुलिस के अनुसार, विकास का भाई सुभाष हत्या के एक मामले में करीब पांच वर्षों से तेलंगाना जेल में बंद है. हालांकि, गिरफ्तार अन्य तीन आरोपितों के पूर्व आपराधिक मामलों की पुलिस स्तर से अब तक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

एडीजी ने एसपी और डीएसपी के साथ की समीक्षा बैठक

इधर, पुलिस मुख्यालय से एडीजी डॉ. कमल किशोर सिंह शुक्रवार को समस्तीपुर एसपी कार्यालय पहुंचे. उन्होंने एसपी अरविंद प्रताप सिंह समेत जिले में पदस्थापित डीएसपी रैंक के अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिस के कामकाज की समीक्षा की.

बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन, स्पीडी ट्रायल, अनुसंधान में निर्देशों के अनुपालन, थानों के निरीक्षण और जनता दरबार समेत कई बिंदुओं पर चर्चा हुई.

मीडिया से बातचीत में एडीजी ने जिले में युवती और नाबालिग किशोरी से अभद्रता की घटनाओं को लेकर कहा कि राज्य प्रशासन ऐसे मामलों को लेकर संवेदनशील है. उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है और दोषियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है. इस संबंध में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से भी बात हुई है.

यह भी पढ़ें

समस्तीपुर में नाबालिग से अभद्रता का वीडियो वायरल, 6 घंटे में 4 आरोपित गिरफ्तार

The post Samastipur Viral Video Case: प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, 3 आरोपितों के घर ध्वस्त, PDS डीलर का लाइसेंस रद्द appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top