नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर- समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान भूमि एवं राजस्व, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, विद्युत और आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली और नियमानुसार समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन संवाद में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं हो और आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
डीएम ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जन संवाद के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही पात्र लाभुकों को प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और शिकायतों का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।