कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट
Lohardaga News (कुड़ू): लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. सलगी पंचायत के रोचो महुवा टोली स्थित संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय में मंगलवार देर रात एक करैत सांप छात्राओं के कमरे में घुस गया. सांप के काटने से चार छात्राएं घायल हो गईं. इलाज के दौरान एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में रांची के रिम्स रेफर किया गया है. दो अन्य छात्राओं का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है.
कमरे में सो रही छात्राओं को सांप ने काटा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात सभी छात्राएं भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो रही थीं. रात करीब 10 बजे एक करैत सांप छात्राओं के कमरे में घुस गया और सबसे पहले सेन्हा थाना क्षेत्र के अलौदी नावाटोली निवासी 12 वर्षीय वर्षा उरांव को काट लिया. वर्षा के शोर मचाने पर अन्य छात्राएं जाग गईं, लेकिन इसी दौरान सांप ने मनीषा कुमारी, अनिषा उरांव और फुलमनिया उरांव को भी काट लिया.
एक छात्रा की मौत, एक रिम्स रेफर
घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय के शिक्षक सभी छात्राओं को रात करीब 11 बजे लोहरदगा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद वर्षा उरांव को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल फुलमनिया उरांव को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है. वहीं कुड़ू के महतो टोली निवासी अनिषा उरांव और रोचो महुवा टोली निवासी मनीषा कुमारी का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना के बाद स्कूल में दहशत
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सांप कमरे में कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है. बच्चों से सूचना मिलते ही सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. इस घटना के बाद विद्यालय परिसर में शोक और दहशत का माहौल है.
पुलिस ने शुरू की जांच
कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. मृत छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है.
मृतका के पिता ने पुलिस को दिया आवेदन
मृत छात्रा वर्षा उरांव के पिता प्रणीम उरांव ने लोहरदगा सदर थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय में पढ़ाई करती थी. रात करीब 1:30 बजे विद्यालय के प्राचार्य ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी को सांप ने काट लिया है और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने बेटी को मृत अवस्था में पाया. पुलिस आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें…
‘मंत्री महोदया, सिमडेगा के गांवों को टापू बनने से बचाएं’, दीपिका पांडेय सिंह से मिले विधायक भूषण बाड़ा
मंईयां सम्मान योजना : रांची की 3.66 लाख स्त्रीओं के खातों में पहुंचे 275 करोड़ रुपये
The post झारखंड: कुड़ू के आवासीय स्कूल में घुसा करैत सांप, रात को सो रही 4 छात्राओं को काटा, एक की मौत appeared first on Naya Vichar.

