सदर अस्पताल में मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर ऑनलाइन हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण, स्वास्थ्यकर्मियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – सदर अस्पताल, समस्तीपुर में गुरुवार को मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर ऑनलाइन हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मिडवाइफरी सेवाओं को तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाते हुए स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाना तथा मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक उपयोग करने तथा IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर नियमित, सटीक और समय पर डेटा अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी और मूल्यांकन संभव हो सकेगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड के संचालन, डेटा प्रविष्टि, रिपोर्ट तैयार करने, ऑनलाइन मॉनिटरिंग तथा विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने लाइव डेमो के माध्यम से डैशबोर्ड के विभिन्न मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया, जिससे स्वास्थ्यकर्मियों को डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली की बेहतर समझ विकसित हुई।
सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड के माध्यम से मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग पदाधिकारी, मिडवाइफ, एएनएम, जीएनएम सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित अधिकारी शामिल हुए। प्रतिभागियों को डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।