Durand Cup in Ranchi: मोराबादी का बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम बुधवार रात सिर्फ एक फुटबॉल मैच का गवाह नहीं बना, बल्कि उसने झारखंड में बढ़ते फुटबॉल जुनून की ऐसी तस्वीर पेश की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. फ्लडलाइट्स की रोशनी में जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ, स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों का उत्साह भी चरम पर पहुंच गया.
हर पास पर गूंजता रहा स्टेडियम
मैदान पर गेंद एक खिलाड़ी से दूसरे खिलाड़ी के पास जाती और हर सफल पास पर दर्शकों की तालियां और सीटियां पूरे स्टेडियम में गूंज उठतीं. हर टैकल, हर अटैक और हर कॉर्नर पर ऐसा माहौल बन रहा था, मानो मैदान में 22 नहीं, बल्कि हजारों खिलाड़ी स्पोर्ट्स रहे हों.
गोल होते ही जश्न में डूब गए दर्शक
सबसे रोमांचक पल तब आता, जब कोई टीम गोल के करीब पहुंचती. दर्शक अपनी सीटों से खड़े हो जाते, सांसें थम जातीं और जैसे ही गेंद जाल में पहुंचती, पूरा स्टेडियम जश्न में डूब जाता. उस पल ऐसा लगता था मानो गोल खिलाड़ियों ने नहीं, बल्कि स्टैंड में बैठे हर दर्शक ने किया हो.
तालियों और नारों से गूंजता रहा स्टेडियम
मुकाबले के दौरान फैंस दोनों टीमों का हौसला बढ़ाते रहे. तालियां, सीटियां और लगातार गूंजते नारों ने मैच के रोमांच को कई गुना बढ़ा दिया. हर अच्छे मूव पर दर्शकों की जोरदार प्रतिक्रिया इस बात का प्रमाण थी कि रांची अब सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, फुटबॉल के लिए भी तेजी से एक मजबूत केंद्र बनता जा रहा है.
रांची में फुटबॉल संस्कृति को मिली नई पहचान
रात के इस मुकाबले ने यह भी दिखाया कि डूरंड कप का रांची आना केवल एक टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं है, बल्कि यह शहर में फुटबॉल संस्कृति को नई पहचान देने का अवसर भी है. स्टेडियम में उमड़ी भीड़ और पूरे मैच के दौरान बना उत्साह इस बात का संकेत था कि झारखंड के स्पोर्ट्स प्रेमी बड़े फुटबॉल मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
मोराबादी की यह रात सिर्फ स्कोरलाइन तक सीमित नहीं रही. यह रात उस जुनून, ऊर्जा और स्पोर्ट्स प्रेम की कहानी बन गई, जिसने डूरंड कप के रोमांच को मैदान से उठाकर दर्शकों के दिलों तक पहुंचा दिया.
मुकाबले का हाल
बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में स्पोर्ट्से गए 135वें डूरंड कप के मुकाबले में इंडियन एयर फोर्स फुटबॉल टीम ने श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी को 2-1 से हराकर अहम जीत दर्ज की. पहले हाफ में बढ़त बनाने वाली इंडियन एयर फोर्स ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा. हालांकि, डिफेंडर्स एफसी ने मैच के अंतिम चरण में शानदार वापसी की कोशिश की, लेकिन वह बराबरी का गोल करने में सफल नहीं हो सकी.
ये भी पढ़ें: मिट्टी के घर से डूरंड कप तक… निखिल बरला ने सुनाई संघर्ष से सफलता की कहानी
The post डूरंड कप ने बदली रांची की शाम, फुटबॉल के रंग में रंगा मोराबादी appeared first on Naya Vichar.

