तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCCU) में सोमवार देर रात आग लगने से दो नवजात शिशुओं की मौत हो गई. हादसे में दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पीटीआई के अनुसार, SNCCU में आग एयर कंडीशनिंग यूनिट में विस्फोट के बाद लगी. घटना के समय यूनिट में 27 नवजात शिशुओं का इलाज चल रहा था.
25 नवजात शिशुओं को किया गया शिफ्ट
हादसे के बाद बाकी 25 नवजात शिशुओं को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर है. डॉक्टर सभी नवजातों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रहे हैं.
AC में खराबी के कारण विस्फोट की आशंका
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि किसी तकनीकी खराबी के कारण एयर कंडीशनर में विस्फोट होने की आशंका है. हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने RIMS में हुई घटना पर दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती नवजातों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है. साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं.
The post तेलंगाना: प्रशासनी अस्पताल के AC यूनिट में विस्फोट, दो नवजात शिशुओं की मौत; 2 की हालत गंभीर appeared first on Naya Vichar.

