Hot News

दो साल से फरार था नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी, इंस्टाग्राम ने कर दी चुगली तो हुआ गिरफ्तार

दुमका के मसलिया से मिलन साधु की रिपोर्ट

Dumka News: झारखंड के दुमका जिले की मसलिया थाना पुलिस ने दो वर्षों से फरार चल रहे पॉक्सो एक्ट के आरोपी को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाना बदल रहा था और मोबाइल सिम का इस्तेमाल भी नहीं करता था, लेकिन सोशल मीडिया पर छोड़े गए निशानों ने आखिरकार उसे पुलिस तक पहुंचा दिया. तकनीक से बचने की कोशिश करने वाले कई लोग यह भूल जाते हैं कि इंटरनेट की दुनिया में कभी-कभी तस्वीरें और गतिविधियां भी गवाही देने लगती हैं.

नाबालिग से दुष्कर्म और अपहरण का दर्ज हुआ था केस

मसलिया थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि थाना क्षेत्र की एक नाबालिग पीड़िता से दुष्कर्म और अपहरण के मामले में आरोपी उस्मान शेख पिछले लगभग दो वर्षों से फरार था. उसके खिलाफ मसलिया थाना कांड संख्या 32/24, दिनांक 23 जून 2024 के तहत हिंदुस्तानीय दंड संहिता की धारा 354, 363, 366(ए), 308 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8/17 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था.

सिम कार्ड का इस्तेमाल नहीं करता था आरोपी

डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि आरोपी पुलिस की निगरानी से बचने के लिए मोबाइल में सिम कार्ड नहीं रखता था. वह अधिकतर समय अपने घर से बाहर रहकर अलग-अलग स्थानों पर शरण लेता था. इस कारण पुलिस के लिए उसकी लोकेशन का पता लगाना चुनौतीपूर्ण हो गया था. हालांकि मसलिया पुलिस ने हार नहीं मानी और लगातार उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास जारी रखा. इसके लिए तकनीकी सेल की भी मदद ली गई.

इंस्टाग्राम से मिला महत्वपूर्ण सुराग

पुलिस जांच के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं. तकनीकी सेल ने सोशल मीडिया से प्राप्त इनपुट का विश्लेषण किया और उसके आधार पर आगे की रणनीति तैयार की. जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के पायकर थाना क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां आना-जाना करता है. इसके बाद पुलिस ने वहां लगातार निगरानी शुरू कर दी.

तीन दिनों तक चला छापेमारी अभियान

थाना प्रभारी राजेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में लगातार तीन दिनों तक छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस ने बेहद सूझबूझ और रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई. आखिरकार पुलिस ने बीरभूम जिले के अमुदा गांव स्थित उसकी फुआ (बुआ) के घर से आरोपी उस्मान शेख को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से पायकर थाना क्षेत्र के मूलचंदपुर गांव का रहने वाला है.

गिरफ्तारी के बाद भेजा गया जेल

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. डीएसपी संदीप भगत ने कहा कि बच्चों और स्त्रीओं से जुड़े अपराधों के मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: चतरा के मयूरहंड से नाबालिग को भगाने वाला रिम्स से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस गिरफ्तारी अभियान में मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन, एएसआई मंगल उरांव, इंद्रजीत कुमार, तकनीकी सेल के अधिकारियों तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस अधिकारियों ने इसे टीमवर्क और तकनीकी जांच का बेहतर उदाहरण बताया है, जिसके जरिए दो वर्षों से फरार आरोपी को आखिरकार कानून के शिकंजे में लाया जा सका.

इसे भी पढ़ें: आदित्यपुर और गम्हरिया थाने के बदल दिए गए प्रभारी, एसपी निधि द्विवेदी ने दी जानकारी

The post दो साल से फरार था नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी, इंस्टाग्राम ने कर दी चुगली तो हुआ गिरफ्तार appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top