लोयाबाद. बीसीसीएल सिजुआ क्षेत्र की बासुदेवपुर कोलियरी अंतर्गत एकड़ा झारखंड मोड़ के पास शुक्रवार की दोपहर अचानक तेज आवाज के साथ गोफ बन गया. गोफ बनने के बाद उसमें से लगातार भारी मात्रा में गैस का रिसाव होने लगा. घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
गोफ एक खाली मैदान के बीचोंबीच बना, जिससे फिलहाल जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है. हालांकि, एकड़ा झारखंड मोड़, महतो बस्ती, हरिजन बस्ती, एकड़ा पुल और एकड़ा बाबू क्वार्टर की करीब 20 हजार की आबादी पर खतरा मंडराने लगा है.
गैस रिसाव देखने जुटी लोगों की भीड़
गोफ बनने और गैस रिसाव की समाचार कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में फैल गयी. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये. लोगों की भीड़ गैस रिसाव और गोफ को देखने के लिए जुटी रही.
एटक के बासुदेवपुर कोलियरी सचिव दिनेश रवानी ने घटना की जानकारी कोलियरी प्रबंधन को दी. सूचना मिलने के बाद परियोजना पदाधिकारी नारायण प्रसाद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने जल्द ही गोफ की भराई कराने का आश्वासन दिया.
प्रबंधन की लापरवाही का लगाया आरोप
दिनेश रवानी ने घटना के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि यहां बीसीसीएल की ओर से सात नंबर इंकलाइन चलाकर कोयला निकाला गया है, लेकिन खनन के बाद ठीक तरीके से बालू की भराई नहीं करायी गयी.
ये भी पढ़ें: WATCH VIDEO: एक करोड़ रुपये दो, वरना गोली मार देंगे… धनबाद CO को व्हाट्सऐप पर धमकी; मामला दर्ज
इसके कारण भूमिगत आग एक स्थान से दूसरे स्थान तक फैल रही है. बारिश के कारण यहां भारी मात्रा में गैस का रिसाव हो रहा है. उन्होंने बताया कि बारिश के दिनों में इस स्थान पर पहले भी दो-तीन बार गोफ बन चुका है.
पांच दिन पहले भी हुआ था भू धंसान
बीसीकेयू के संयुक्त महामंत्री मानस चटर्जी ने भी घटना पर संज्ञान लेते हुए बीसीसीएल प्रबंधन से बात की है. उन्होंने प्रबंधन से जल्द से जल्द गोफ की भराई कराने की मांग की है.
गौरतलब है कि पांच दिन पूर्व लोयाबाद के सात नंबर मुस्लिम मोहल्ले में भी भू धंसान की घटना हुई थी. इसमें जमीला खातून के घर का एक कमरा गोफ में समा गया था. लोयाबाद क्षेत्र में लगातार हो रही गोफ की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.
The post धनबाद: एकड़ा झारखंड मोड़ के पास अचानक बना गोफ, गैस रिसाव से 20 हजार आबादी पर मंडराया खतरा appeared first on Naya Vichar.