धनबाद. बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में करीब छह वर्ष बाद बुधवार को आयोजित सीनेट की बैठक महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा के बिना ही अधूरी रह गयी. बैठक शुरू होते ही विधायकों ने एजेंडा पुस्तिका उपलब्ध कराने के तरीके पर आपत्ति जतायी. उनका कहना था कि महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा से पहले एजेंडा उन्हें पर्याप्त समय के साथ उपलब्ध कराया जाना चाहिए था, ताकि वे उसका अध्ययन कर अपनी बात रख सकें.
एजेंडा पुस्तिका पहले से उपलब्ध नहीं होने का हवाला देते हुए विधायकों ने तत्काल प्रस्तावों पर चर्चा करने से इनकार कर दिया. इसके बाद एजेंडा पर चर्चा के लिए सीनेट की बैठक दोबारा 13 अक्तूबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया. हालांकि, बैठक में आगामी नौ अक्तूबर को दीक्षांत समारोह आयोजित करने पर सीनेट ने सहमति दे दी.
छह साल बाद बैठक होने पर भी उठे सवाल
बैठक के दौरान लंबे अंतराल के बाद सीनेट की बैठक आयोजित किये जाने को लेकर भी सवाल उठे. विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि विश्वविद्यालय के महत्वपूर्ण निर्णयों में सीनेट की भूमिका अहम होती है. ऐसे में छह वर्षों तक सीनेट की बैठक नहीं होना उचित नहीं है.
ये भी पढ़ें: दुर्गापूजा से पहले झरिया की सड़क-नाली होगी दुरुस्त, विधायक रागिनी सिंह और महापौर संजीव सिंह ने किया निरीक्षण
सीनेट सदस्य रंजीत कुमार राय ने भी लंबे अंतराल के बाद बैठक आयोजित किये जाने पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि छह वर्षों तक बैठक नहीं होना विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
छह में पांच विधायक रहे मौजूद
सीनेट की बैठक में छह विधायक सदस्यों में से पांच उपस्थित रहे. इनमें धनबाद विधायक राज सिन्हा, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक और जमुआ विधायक मंजू कुमारी शामिल थीं.
बैठक में बीबीएमकेयू के कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह के अलावा विश्वविद्यालय के सभी डीन, विभागाध्यक्ष, अंगीभूत कॉलेजों के प्राचार्य और राजभवन द्वारा नामांकित सदस्य भी मौजूद रहे.
नौ अक्तूबर को दीक्षांत समारोह पर सहमति
बैठक में सीनेट ने आगामी नौ अक्तूबर को विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आयोजित करने पर सहमति दे दी. वहीं, अन्य महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा नहीं हो सकी. अब इन प्रस्तावों पर चर्चा के लिए 13 अक्तूबर को सीनेट की बैठक दोबारा आयोजित की जायेगी.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह सांसद ने कोल इंडिया चेयरमैन के सामने उठाया विस्थापन का मुद्दा, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
कुलपति ने कहा- बैठक को आगे बढ़ाया गया
बीबीएमकेयू के कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह ने कहा कि सीनेट ने नौ अक्तूबर को दीक्षांत समारोह आयोजित करने पर सहमति दे दी है. कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर बुधवार की बैठक में चर्चा नहीं हो सकी, इसलिए बैठक को आगे बढ़ाया गया है. अब 13 अक्तूबर को सीनेट की बैठक होगी और इन मुद्दों पर चर्चा की जायेगी.
The post धनबाद: छह साल बाद हुई BBMKU सीनेट की बैठक अधूरी, एजेंडा पर सहमति नहीं बनने से 13 अक्टूबर को फिर जुटेंगे सदस्य appeared first on Naya Vichar.
