Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 20 से 23 जुलाई के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में, 20 से 24 जुलाई तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में होगी भारी बारिश
आईएमडी के अनुसार, 20 से 25 जुलाई के दौरान मध्य हिंदुस्तान में बारिश का दौर जारी रहेगा. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20 से 21 जुलाई के बीच कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि 22 से 25 जुलाई के दौरान यहां बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 25 जुलाई तक भारी बारिश के आसार हैं. विदर्भ में 20-21 जुलाई और फिर 22 से 24 जुलाई के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है.
उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अनुमान
आईएमडी ने बताया कि सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण पश्चिम बंगाल के उत्तरी जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है. आईएमडी ने बताया कि 21 से 23 जुलाई के बीच दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, नदिया, हावड़ा, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य की राजधानी कोलकाता में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है.
मौसम विभाग का प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, 20 और 21 जुलाई को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है. इस दौरान राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश होगी और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. वहीं, रांची, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं.
राजस्थान के कई इलाकों में फिर से बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में आने वाले दिनों में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है. 21 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इसके बाद 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान में भी मानसून सक्रिय होगा, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है. वहीं, 23 से 28 जुलाई के बीच पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में व्यापक और अच्छी बारिश होने के आसार हैं.
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 जुलाई को दिल्ली में मौसम बदला हुआ रहेगा. इस दौरान आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है. सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि दोपहर और शाम के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
The post मौसम : झारखंड में येलो, बिहार में ऑरेंज अलर्ट, जानें और कहां होगी मूसलाधार बारिश appeared first on Naya Vichar.

