नया विचार समस्तीपुर– समस्तीपुर जिले में रामनवमी के बाद मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मोहिउद्दीन नगर ठाकुरवाड़ी से शुरू हुई यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। हिंदू पुत्र संगठन के बैनर तले निकली इस यात्रा का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष गोलू कुमार ने किया।शोभायात्रा में भाजपा विधायक राजेश सिंह भी मौजूद रहे। यात्रा में भगवान राम की आदमकद प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने हाथों में श्री राम का झंडा लेकर जय श्री राम के नारे लगाए। नगाड़ों की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।यात्रा मोहिउद्दीन नगर ठाकुरवाड़ी से निकलकर बाजार होते हुए बलुआही गांव तक पहुंची। करीब 3 किलोमीटर की दूरी तय की गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मोहिउद्दीन नगर और मोहनपुर थाने की पुलिस तैनात रही। थाना अध्यक्ष गौरव कुमार भी दल-बल के साथ मौजूद रहे।विधायक राजेश सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यात्रा में सभी सनातनी एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि राम राज्य का मतलब हिंदू राज्य नहीं, बल्कि राम के आदर्शों का पालन और माता-पिता की सेवा है। विधायक ने औरंगजेब पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हमारे धर्म में मृत पिता को भी जल दिया जाता है, जबकि औरंगजेब ने जीवित पिता को पानी नहीं दिया। उन्होंने बाबरनामा का हवाला देते हुए कहा कि बाबर ने लिखा है कि हिंदू बेहतर हैं जो मृत्यु के बाद भी पिता को जल अर्पित करते हैं।

