Jharkhand Ka Mausam: झारखंड में गुमला सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पारा गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. आईएमडी के शनिवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा और गुमला के लिए शीतलहर की स्थिति को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में रविवार सुबह 8:30 बजे तक ठंड का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है.
उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाओं के कारण शीतलहर
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में चलने वाली उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाओं के कारण शीतलहर की स्थिति उत्पन्न हो रही है. उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने का अनुमान नहीं है और उसके बाद अगले दो से तीन दिनों में इसमें दो-तीन डिग्री की वृद्धि होगी.

झारखंड के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस ने नीचे
आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि राज्य के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया. आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में खूंटी में 4.7 डिग्री सेल्सियस और लोहरदगा में 5.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि डाल्टनगंज में पारा गिरकर 5.5 डिग्री सेल्सियस रह गया. इसमें कहा गया कि रांची में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 8.5 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
The post Jharkhand Ka Mausam: झारखंड के इन 6 जिलों में चलेगी शीतलहर, IMD ने येलो अलर्ट किया जारी appeared first on Naya Vichar.

