Ranchi Crime News, रांची (प्रणव की रिपोर्ट): राजधानी रांची में जमीन कारोबारी और पूर्व पार्षद के करीबियों से जुड़े हत्याकांड के मामले में रांची पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. बुधवार की सुबह पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित कांके डैम के समीप पुलिस और कुख्यात शूटर सत्यम पाठक के बीच सीधी मुठभेड़ हुई. गुप्त सूचना के आधार पर शूटर को दबोचने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू की, जिसमें सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी. घायल शूटर को तत्काल रिम्स (RIMS) में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है.
24 घंटे के भीतर पुलिस की करारी चोट
मंगलवार को पंडरा के ओटीसी मैदान के पास जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सत्यम पाठक की पहचान की थी. बुधवार सुबह जैसे ही उसके कांके डैम के पास होने की सूचना मिली, पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी.
Also Read: अनुकंपा नियुक्ति में देरी पर झारखंड हाईकोर्ट सख्त: रांची DC को अवमानना का नोटिस
मास्टरमाइंड विजय टेटे के इशारे पर हुई हत्या?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस पूरे हत्याकांड की साजिश का मास्टर माइंड विजय टेटे है. जमीन विवाद और वर्चस्व की लड़ाई में भार्गव सिंह को रास्ते से हटाने के लिए सत्यम पाठक को सुपारी दी गई थी. पुलिस सूत्रों का कहना है कि सत्यम की गिरफ्तारी से कई बड़े राज का पर्दाफाश हो सकता है. फिलहाल विजय टेटे फरार है और उसकी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
कानून व्यवस्था पर एसएसपी का सख्त संदेश
इस एनकाउंटर के बाद पुलिस प्रशासन ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति भंग करने वाले और व्यापारियों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी. कांके डैम के पास हुई इस कार्रवाई के बाद से पंडरा और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.
Also Read: हजारीबाग ट्रेजरी घोटाला: 28 करोड़ के गबन के आरोपी धीरेंद्र सिंह की जमानत खारिज, कोर्ट ने माना गंभीर अपराध
The post रांची में पुलिस मुठभेड़: जमीन कारोबारी भार्गव सिंह का हत्यारा सत्यम पाठक ढेर होते-होते बचा appeared first on Naya Vichar.

