Lalu Yadav News: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद सिंगापुर जाने वाले हैं. बताया जा रहा है कि लालू प्रसाद आज (शुक्रवार) ही सिंगापुर जा सकते हैं. सिंगापुर में लालू प्रसाद का पोस्ट किडनी ट्रांसप्लांट हेल्थ चेकअप और अन्य जरूरी मेडिकल जांच होगी. दिल्ली की कोर्ट से परमिशन मिलने के बाद लालू प्रसाद अब विदेश जा सकते हैं. ऐसे में रूटीन चेकअप के लिए वे सिंगापुर जायेंगे.
हर तीन महीने में रूटीन चेकअप की मिली थी सलाह
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एके तिवारी की अदालत ने पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश दिया था. इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी यह बताया था कि डॉक्टर ने किडनी ट्रांसप्लांट के बाद उन्हें हर तीन महीने में रूटीन चेकअप की सलाह दी थी. करीब एक साल से जांच रूकी हुई थी. साथ ही लालू प्रसाद के आंख में भी परेशानी है. पिछली बार उनका ऑपरेशन भी हुआ था, जिसका भी इलाज हो सकता है.
2022 में लालू प्रसाद का हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट
दिसंबर 2022 में लालू प्रसाद का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था. लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने उन्हें किडनी दिया था. लालू प्रसाद चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं, लेकिन वह जमानत पर बाहर हैं. ऐसे में कोर्ट से उन्हें विदेश जानी की अनुमति मिल गई है. 27 मई को उन्होंने अपने पोते इराज का पहला जन्मदिन गाजियाबाद के रागिनी विला में धूमधाम से सेलिब्रेट किया था.
रोहिणी आचार्य को मनाने की चर्चा तेज
लालू प्रसाद के सिंगापुर जाने को लेकर चर्चा यह भी हो रही है कि वे अपनी बेटी रोहिणी आचार्य को मना सकते हैं. 27 मई को इराज के जन्मदिन पर माना जा रहा था कि तेज प्रताप यादव के साथ रोहिणी आचार्य भी शामिल होंगी. लेकिन उस पार्टी में तेज प्रताप तो पहुंचे लेकिन रोहिणी आचार्य नहीं शामिल हुईं थी. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि लालू प्रसाद सिंगापुर जाने के बाद अपनी बेटी रोहिणी आचार्य को मना सकते हैं.
Also Read: पटना जंक्शन से होकर चलने वाली वंदे हिंदुस्तान, दुरंतो, तेजस समेत इन VIP ट्रेनों की बदलेगी टाइमिंग, मांगी गई लिस्ट
The post आज सिंगापुर जायेंगे लालू प्रसाद, कोर्ट से मिला परमिशन, 2022 में हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट appeared first on Naya Vichar.

