Aurangabad Road Accident: (सुजीत कुमार सिंह) औरंगाबाद जिले के NH-19 पर रविवार देर रात करीब 12 बजे हुए एक भीषण सड़क हादसे में आंध्र प्रदेश के तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए. घायलों में 7 से 8 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया.
बोधगया से काशी जा रही थी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश के लगभग 40 श्रद्धालु एवं पर्यटक धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए यात्रा पर निकले थे. सभी यात्री रविवार रात बोधगया से उत्तर प्रदेश के काशी (वाराणसी) के लिए एक टूरिस्ट बस से रवाना हुए थे. इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेड़िया और देव मोड़ के बीच स्थित भवानी होटल के समीप उनकी बस आगे चल रहे एक ट्रक-ट्रेलर से टकरा गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान यह दुर्घटना हुई. हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

हादसे में तीन लोगों की गई जान
दुर्घटना में आंध्र प्रदेश के नेल्लूर जिले के संगमा गांव निवासी 50 वर्षीय हजरतया, 43 वर्षीय फातमावती तथा 64 वर्षीय पशुलेट वेंकटेश की मौत हो गई. वहीं घायलों में सुभनमा, नरेंद्र रेड्डी, प्रसाद समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं.
स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया राहत अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. इसके बाद मुफस्सिल थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा.

जिला पार्षद अनिल यादव भी मौके पर पहुंचे और घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने एक स्त्री और दो पुरुषों को मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सभी यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक-ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए चालक की भूमिका, वाहन की गति तथा ओवरटेक की संभावना सहित विभिन्न बिंदुओं की जांच की जा रही है.

घटना के कारण कुछ समय तक एनएच-19 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया. इधर पुलिस मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुटी रही.
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जारी है.
Also Read: गयाजी में तीन बड़ी लूट कांडों का खुलासा, झारखंड से हथियार के साथ चार शातिर अपराधी गिरफ्तार
The post औरंगाबाद में सड़क हादसे से मचा कोहराम, बस दुर्घटना में 3 की मौत, 20 घायल appeared first on Naya Vichar.

