Hot News

सुनील सिंह को टिकट देने पर राजद में बवाल, शिवचंद्र राम ने दिया राष्ट्रीय पद से इस्तीफा

Bihar MLC Chunav: राजद के वरिष्ठ नेता और बिहार प्रशासन के पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने पार्टी के अनुसूचित जाति-जनजाति (SC/ST) प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. बिहार विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के बाद उन्होंने यह फैसला लिया.

बिहार विधान परिषद की सीटों के लिए राजद ने सुनील कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है. सोमवार को सुनील सिंह ने पार्टी की ओर से नामांकन भी दाखिल कर दिया. इसके बाद शिवचंद्र राम की नाराजगी खुलकर सामने आ गई. उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा कि यह फैसला उन्होंने भारी मन से लिया है.

पार्टी से नहीं, पद से दिया इस्तीफा

शिवचंद्र राम ने अपने पत्र में साफ लिखा है कि वह पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं. उनका इस्तीफा केवल संगठन के पद से दिया है. उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की विचारधारा और राजद के प्रति उनका विश्वास पहले की तरह बना हुआ है. लेकिन अपने समाज की भावनाओं और कार्यकर्ताओं की उम्मीदों को देखते हुए अब इस पद पर बने रहना उनके लिए संभव नहीं रह है.

उन्होंने कहा कि वर्षों से वह पार्टी और सामाजिक न्याय की सोच के साथ जुड़े रहे हैं. नेतृत्व को उन्होंने कभी पद पाने का जरिया नहीं माना, बल्कि समाज के अधिकार और सम्मान की लड़ाई का माध्यम समझा.

समाज के बीच जाकर किया पार्टी का काम- राम

अपने पत्र में शिवचंद्र राम ने लिखा कि उन्होंने गांव से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया. विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने दलित, वंचित और रविदास समाज के लोगों के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत कर पार्टी को मजबूत बनाया. समाज के लोगों को उम्मीद थी कि उनकी भागीदारी और योगदान का सम्मान किया जाएगा.

आहत हैं शिवचंद्र राम

शिवचंद्र राम ने कहा कि हाल के घटनाक्रम ने उन्हें अंदर तक दुखी कर दिया है. जहां भी वह जाते हैं, लोग उनसे सवाल पूछते हैं. समाज के लोगों की नाराजगी और निराशा देखकर उन्हें काफी पीड़ा होती है. उन्होंने कहा कि उन्हें किसी पद का मोह नहीं है. पद मिले या न मिले, इससे उनके जीवन का उद्देश्य नहीं बदलता. लेकिन जिस समाज ने उन पर भरोसा किया, उसकी भावनाओं को अनदेखा करना उनके लिए आसान नहीं है.

चार दिनों से नहीं सो पाए

शिवचंद्र राम ने भावुक होते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान हैं. उन्होंने कहा कि पिछले चार रात से वह ठीक से सो भी नहीं पाए हैं. समाज की उम्मीदों और लोगों के सवालों ने उन्हें भीतर तक परेशान कर दिया है. उनका कहना है कि वह लगातार सोच रहे हैं कि उन लोगों को क्या जवाब दें जिन्होंने उन पर भरोसा किया था और बेहतर प्रतिनिधित्व की उम्मीद लगाई थी.

प्रतिनिधित्व को लेकर उठाया सवाल

अपने इस्तीफे में शिवचंद्र राम ने राजद नेतृत्व से मांग की है कि विधान परिषद और राज्यसभा जैसी संस्थाओं में दलित, आदिवासी, पिछड़ा, अतिपिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए. उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय केवल नारे या समर्थन तक सीमित नहीं होना चाहिए. समाज के विभिन्न वर्गों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व भी मिलना चाहिए.

बिहार की ताजा समाचारों के लिए क्लिक करें

लालू-राबड़ी के प्रति जताया सम्मान

शिवचंद्र राम ने अपने पत्र में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और पार्टी नेतृत्व का आभार भी जताया. उन्होंने कहा कि संगठन में काम करने का अवसर देने के लिए वह नेतृत्व के प्रति सम्मान रखते हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके मन में किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई नाराजगी या कटुता नहीं है. उनका फैसला पूरी तरह समाज की भावनाओं और अपने नैतिक दायित्व को देखते हुए लिया गया है.

शिवचंद्र राम ने कहा कि सामाजिक न्याय, सम्मान और बराबरी की लड़ाई उनके जीवन का उद्देश्य रही है और आगे भी बनी रहेगी. वह पद छोड़ सकते हैं, लेकिन समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करना नहीं छोड़ेंगे.

इसे भी पढ़ें: Bihar MLC Chunav: कुर्सी जाने का काउंटडाउन शुरू? जानें कब तक मंत्री बने रह सकते हैं दीपक प्रकाश

The post सुनील सिंह को टिकट देने पर राजद में बवाल, शिवचंद्र राम ने दिया राष्ट्रीय पद से इस्तीफा appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top