Malda Horror: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मानिकचक थाना अंतर्गत नूरपुर ग्राम पंचायत के नादारटोला इलाके से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आयी है. वीडियो कॉल पर पति को किसी दूसरी युवती के साथ अंतरंग बातचीत करते देख पत्नी ने कड़ा विरोध जताया और गुस्से में आकर पति का मोबाइल फोन तोड़ दिया, तो पति और उसके परिजनों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. आरोप है कि मोबाइल टूटने से आग बबूला होकर पति और उसके परिवार के सदस्यों ने मिलकर स्त्री के हाथ-पैर घर के बांस के खंभे से बांध दिये. केरोसिन छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया.
इलाज के दौरान मालदा मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
इस खौफनाक वारदात को कुछ दिन पहले अंजाम दिया गया था. जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही 20 वर्षीया गृहवधू ने आखिरकार शनिवार को मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बर्न यूनिट में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. स्त्री की मौत के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है.
एक साल पहले शादी, 3 माह से था अवैध संबंध
पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान चुन्नी खातून (20) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के बैरिया इलाके की रहने वाली थी. करीब एक साल पहले उसकी शादी मानिकचक के रहने वाले छोटे व्यवसायी सामीउल शेख से हुई थी. शादी के शुरुआती कुछ महीने ठीक चले, लेकिन पिछले 3 महीनों से सामीउल का इलाके की ही एक अन्य युवती से अवैध संबंध शुरू हो गया. पति के फोन पर आने वाले वीडियो कॉल के कारण अक्सर दोनों में विवाद होता रहता था.
ये भी पढ़ें: बंगाल के मालदा में विस्फोट, आवाज़ इतनी कि पड़ोसी घर की छत हिल गई, 7 लोग झुलसे
पति, सास, ननद और देवर पर प्राथमिकी, सभी आरोपी फरार
स्त्री की मौत के बाद मायके वालों की शिकायत पर मानिकचक थाने की पुलिस ने मृतका के पति सामीउल शेख, देवर आनेस शेख, ननद चमेली बीबी और सास दिलनूर बीबी के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद से ही सभी 4 नामजद आरोपी घर छोड़कर फरार हैं. पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: बंगाल: मालदा के एक फ्लैट में मिला पैसों का ढेर, गिनने के लिए लगानी पड़ी मशीन
The post वीडियो कॉल पर पति का अफेयर देख कटिहार की स्त्री ने तोड़ा फोन, ससुराल वालों ने खंभे से बांधकर जिंदा जलाया appeared first on Naya Vichar.

