Success Story Aryan Amit: यूपीएससी की ओर से सीएपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट ऑफिसर भर्ती 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है. रिजल्ट जारी होने के बाद टॉपर्स की सफलता की कहानियां सामने आने लगी हैं. इन्हीं में एक कहानी है आर्यन अमित की, जिन्होंने UPSC CAPF असिस्टेंट कमांडेंट की परीक्षा को रैंक 193 से क्रैक किया है.
Success Story Aryan Amit: कौन हैं आर्यन अमित?
आर्यन अमित समस्तीपुर जिले के बाबूपुर गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता बलराम सिंह किसान हैं. साधारण पारिवार से आने वाले आर्यन ने आरएनएआर कॉलेज, समस्तीपुर से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की. कॉलेज के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और सिविल सर्विसेज को अपना लक्ष्य बनाया.
लगातार मिली असफलताएं
आर्यन की तैयारी का सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा. UPSC Civil Services परीक्षा में वह General Studies के Prelims पेपर को तो क्वालिफाई कर लेते थे, लेकिन CSAT बार-बार उनकी राह में दीवार बनकर खड़ा हो जाता था. राज्य सेवा परीक्षाओं में भी किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया. दो BPSC Mains और इंटरव्यू तक पहुंचने के बाद भी मंजिल हाथ से निकलती रही.
BPSC में 3 नंबर से फेल
आर्यन के लिए सबसे दर्दनाक मौकों में से एक 70वीं BPSC परीक्षा का परिणाम था. वह इंटरव्यू में 120 में 87 अंक हासिल करने के बावजूद फाइनल मेरिट लिस्ट में जगह नहीं बना सके. महज 3 अंकों के अंतर ने उनका सपना फिर कुछ समय के लिए रोक दिया. पांच साल की लगातार मेहनत के बाद ऐसी नजदीकी हार किसी को भी अंदर से हिला सकती थी.
ये भी पढ़ें: कई बार हुए असफल, लेकिन नहीं टूटा हौसला, बिलाल खान ने UPSC CAPF 2025 में हासिल की AIR 121
CAPF देने का मन भी नहीं था
लगातार असफलताओं के बीच आर्यन का मन UPSC CAPF परीक्षा देने का भी नहीं था. उन्हें लग रहा था कि शायद अब किसी और रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए. इसी दौरान उनके करीबी दोस्त प्रीतम ने उन्हें CAPF परीक्षा देने के लिए लगातार प्रेरित किया. आर्यन ने आखिरकार परीक्षा दी और यही फैसला उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट बन गया.
आर्यन ने CAPF की लिखित और शारीरिक परीक्षा दोनों में सफलता हासिल कर ली. इसके बाद Personality Test की बारी थी. लेकिन इंटरव्यू से पहले उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं. UPSC इंटरव्यू से करीब 10 दिन पहले वह पटना में 71वीं BPSC Mains परीक्षा दे रहे थे. इसी बीच उनकी नानी शुशीला देवी का निधन हो गया.
ये भी पढ़ें: रितिका का डबल धमाका, BPSC के बाद UPSC में जलवा, AIR 12 लाकर बनीं CAPF असिस्टेंट कमांडेंट
दादी के निधन का गम और इंटरव्यू की तैयारी
परिवार में दुख का माहौल था और दूसरी तरफ UPSC Personality Test सिर पर था. आर्यन के पास इंटरव्यू की तैयारी के लिए लगभग कोई समय नहीं बचा. ऐसे मुश्किल हालात में वह बोर्ड के सामने पहुंचे. उनके पास किताबों से तैयारी करने का वक्त भले नहीं था, लेकिन वर्षों के संघर्ष से मिली समझ, अनुभव और आत्मविश्वास जरूर था. उन्होंने ईमानदारी और अपने अनुभवों के आधार पर इंटरव्यू का सामना किया.
आखिरकार जब UPSC CAPF 2025 का परिणाम आया तो आर्यन अमित ने AIR 193 हासिल कर इतिहास रच दिया. उनका चयन Assistant Commandant के पद के लिए हुआ. आर्यन के लिए यह सिर्फ एक परीक्षा पास करने की कहानी नहीं, बल्कि पांच साल तक लगातार मिलती असफलताओं के बावजूद खुद पर भरोसा बनाए रखने की कहानी है.
ये भी पढ़ें: कोचिंग को कहा बाय-बाय, सेल्फ स्टडी से अंकुर ने UPSC में मारी बाजी, बने CAPF असिस्टेंट कमांडेंट
The post बाबूपुर का बेटा बना CAPF में असिस्टेंट कमांडेंट, आर्यन को UPSC में AIR 193 appeared first on Naya Vichar.

