हिंदुस्तान में आज भी कई लोग रोजमर्रा की आवाजाही के लिए पेट्रोल स्कूटर को ही पहली पसंद मानते हैं. लेकिन अब इलेक्ट्रिक स्कूटर भी एक दमदार ऑप्शन बन चुके हैं. इनका खर्च कम होता है, तुरंत स्पीड पकड़ता है और एक बार चार्ज करने पर अच्छी दूरी भी तय कर लेता है. ऐसे में रोज ऑफिस या दूसरे कामों के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर चलाना अब मुश्किल नहीं लगता.
बाजार में ऑप्शन भी काफी बढ़ गए हैं. फैमिली के लिए बने स्कूटर से लेकर किफायती मॉडल और ज्यादा परफॉर्मेंस वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर तक, हर तरह के खरीदार के लिए कुछ न कुछ मौजूद है. अगर आप भी नया स्कूटर खरीदने की सोच रहे हैं और पेट्रोल का झंझट नहीं चाहते, तो इन तीन इलेक्ट्रिक स्कूटरों पर जरूर नजर डाल सकते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में.
Ather Rizta (एथर रिज्टा)
अगर आप ऐसी स्कूटर चाहते हैं जो सिर्फ चलने के काम न आए, बल्कि परिवार के डेली यूज में भी पूरी तरह काम की हो, तो Ather Rizta इस लिस्ट में जरूर शामिल होगी. इसकी सबसे बड़ी खासियत ही इसकी प्रैक्टिकलिटी है. Ather Rizta को खास तौर पर फैमिली स्कूटर के तौर पर डिजाइन किया गया है. इसमें चौड़ी और कम्फर्टेबल सीट के साथ 34 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है.
इसमें अलग-अलग बैटरी ऑप्शन दिए गए हैं, जिनकी क्लेम्ड रेंज 159 km तक है. वहीं, इसकी टॉप स्पीड 80 kmph तक है. कीमत की बात करें तो Rizta की शुरुआती कीमत 1.21 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है. इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल, फॉल अलर्ट, पॉटहोल अलर्ट और हिल-होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.
ये भी पढ़ें: बिना लाइसेंस-रजिस्ट्रेशन के चला सकते हैं ये इलेक्ट्रिक स्कूटर, 80km+ रेंज और 24 लीटर स्टोरेज भी है खासियत
TVS iQube (टीवीएस आईक्यूब)
इसकी डिजाइन और राइडिंग पोजिशन काफी जानी-पहचानी है. यानी EV पर जाने के लिए आपको स्कूटर चलाने का अपना तरीका बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसमें 2.2kWh, 3.1kWh और 3.5kWh बैटरी के ऑप्शन मिलते हैं. इनमें 2.2kWh वाला वर्जन 94 km तक की रेंज का दावा करता है. इसके अलावा, TVS का मजबूत सर्विस नेटवर्क भी इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की बड़ी खासियत है. कीमत की बात करें तो इसकी शुरुआती कीमत 1.20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है.
Vida VX2 (विडा वीएक्स2)
इस लिस्ट में Vida VX2 सबसे ज्यादा दिलचस्प स्कूटरों में से एक है. इसकी सबसे बड़ी वजह है इसकी रिमूवेबल बैटरी. इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वालों के लिए चार्जिंग कई बार परेशानी बन जाती है, खासकर तब जब आप अपार्टमेंट में रहते हों या स्कूटर ऐसी जगह पार्क करते हों जहां पास में पावर सॉकेट न हो.
Vida VX2 इसी परेशानी का आसान समाधान देता है. इसमें लगी बैटरी को स्कूटर से निकालकर अलग से चार्ज किया जा सकता है. यानी स्कूटर को चार्जिंग पॉइंट तक ले जाने की जरूरत नहीं. इसके अलावा, इसमें 33.2 लीटर का बूट स्पेस भी मिलता है. Vida VX2 को अलग-अलग बैटरी कॉन्फिगरेशन के साथ खरीदा जा सकता है. इसकी कीमत वेरिएंट के हिसाब से ₹79,490 से लेकर ₹1.31 लाख (एक्स-शोरूम) तक जाती है.
ये भी पढ़ें: Ather के नए इलेक्ट्रिक स्कूटर Konarc में मिलेगी मेटल बॉडी, CEO तरुण मेहता ने किया कन्फर्म, देखें वीडियो
The post फैमिली से लेकर रोज ऑफिस जाने वालों तक, ये 3 इलेक्ट्रिक स्कूटर कर देंगे पेट्रोल की छुट्टी, जानें कीमत-खासियत appeared first on Naya Vichar.

