नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर | डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा परिसर में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं समिति के अध्यक्ष नित्यानंद राय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य प्रशासन की ओर से संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सह-अध्यक्ष सह समस्तीपुर सांसद शांभवी, विधान पार्षद तरुण कुमार, रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार, हसनपुर विधायक राजकुमार राय, वारिसनगर विधायक मांजरिक मृणाल, समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम, पूसा विश्वविद्यालय के कुलपति, डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह समेत सभी प्रखंड प्रमुख और DISHA के सदस्य मौजूद रहे।
स्कूलों में भवन और शिक्षकों की स्थिति की समीक्षा
बैठक में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिले के विद्यालयों के भवनों की स्थिति पर चर्चा की गई। जर्जर भवनों की आवश्यकता के अनुसार मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कराने पर जोर दिया गया। छात्र-शिक्षक अनुपात के अनुरूप शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां आवश्यकता के अनुसार व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और पठन-पाठन की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित समीक्षा कर आम लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल, दवा, स्वास्थ्य सुविधा, आश्रय स्थल, पशु चारा और आवागमन समेत आवश्यक राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से संसाधनों की व्यवस्था रखने और लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के साथ आपदा की स्थिति में आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा भी जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
डीएम रोशन कुशवाहा ने बैठक में मिले निर्देशों के अनुरूप सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।