नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम स्टेट बैंक के सामने एनएच-28 किनारे स्थित पान दुकान के पास से एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। बाइक मालिक सरायरंजन नगर पंचायत के वार्ड संख्या 19 निवासी सुरेश चौधरी के पुत्र मोहन जी ने मुसरीघरारी थाने में आवेदन देकर बाइक बरामद करने की गुहार लगाई है।
आवेदन के अनुसार, मोहन जी बुधवार की शाम अपनी मोटरसाइकिल पान दुकान के सामने खड़ी कर स्टेट बैंक में किसी काम से गए थे। बैंक का काम पूरा करने के बाद उन्होंने पास की पान दुकान पर पान खाया और बाइक वहीं खड़ी छोड़कर बगल की दुकान से कुछ सामान खरीदने चले गए। करीब 10 मिनट बाद जब वह वापस बाइक के पास पहुंचे तो मोटरसाइकिल वहां नहीं थी।
काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी मुसरीघरारी पुलिस को देते हुए लिखित आवेदन दिया।
मुसरीघरारी की प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा निधि ने बताया कि बाइक चोरी को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस बाइक बरामद करने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।