मुसरीघरारी में एनएच-28 पर हादसा, पेट्रोल पंप से लौट रहे युवक की बाइक से हुई टक्कर
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में दलसिंहसराय रोड स्थित एनएच-28 पर सागर शर्मा होटल के निकट बुधवार की दोपहर दो बाइकों की टक्कर में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुसरीघरारी नगर पंचायत के वार्ड संख्या-7 निवासी मोहम्मद कलीम के पुत्र मोहम्मद रईस (18) तथा सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखड़ा गांव के वार्ड संख्या-13 निवासी स्वर्गीय बैद्यनाथ राम के पुत्र रामचंद्र राम (55) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्र राम अपने पुत्र को मुसरीघरारी बस स्टैंड छोड़ने आए थे। उनका पुत्र ट्रेन से बाहर जाने वाला था। पुत्र को बस स्टैंड में छोड़ने के बाद रामचंद्र बाइक से अपने घर झखड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान मोहम्मद रईस भी बाइक से पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए आया था। रईस मुसरीघरारी में स्थित एक गैराज में काम करता था।
बताया गया है कि दोनों बाइक सवार एनएच-28 पर पूरब से पश्चिम की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहम्मद रईस की बाइक ने आगे चल रहे रामचंद्र राम की बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मुसरीघरारी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा निधि पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेजा। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है। घटना की जानकारी दोनों मृतकों के परिजनों को दी गई। सूचना मिलने के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। पुलिस की देखरेख में दोनों शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।