धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में आरोपी रहे उत्तर प्रदेश के शूटर सागर सिंह उर्फ विजय सिंह उर्फ शिबू से बुधवार की शाम निरसा में पुलिस की मुठभेड़ हो गयी. निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, तो पुलिस के अनुसार शिबू ने फायरिंग कर दी.
जवाबी कार्रवाई में शिबू घायल हो गया. पुलिस के अनुसार उसके पैर में कई गोलियां लगी हैं. घायल शिबू को तत्काल धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है. घटना बुधवार शाम करीब 5.15 बजे की है.
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान शिबू के दो साथी भी फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले. दोनों की तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनायी दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग किये जाने की पुष्टि की है.
बताया जाता है कि पुलिस की गतिविधियां बुधवार दोपहर से ही आनंद वाटिका रेजिडेंसी और आसपास के इलाके में बढ़ गयी थीं. हालांकि कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था.
निरसा प्रभारी थानेदार पर गोली चलाने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान सागर उर्फ शिबू ने निरसा के प्रभारी थाना प्रभारी बालेश्वर सिंह को निशाना बनाकर अत्याधुनिक 9 एमएम पिस्टल से गोली चलायी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शिबू घायल हो गया.
इस घटना में निरसा के प्रभारी थाना प्रभारी बालेश्वर सिंह बाल-बाल बच गये. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की ओर से फायरिंग के बाद टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जवाबी कार्रवाई की.
ये भी पढ़ें:
शिबू की तलाश को लेकर जमशेदपुर और धनबाद पुलिस के बीच लगातार समन्वय की बात भी सामने आ रही है. पुलिस तकनीकी इनपुट के आधार पर उसकी गतिविधियों और संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है.
नीरज सिंह हत्याकांड से भी जुड़ा रहा है नाम
सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड से भी जुड़ा रहा है. इस मामले में सरायढेला थाना कांड संख्या 48/17 दर्ज है. शिबू उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और पूर्व में भी आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आया है.
पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क, धनबाद में उसके संपर्कों और यहां आने के उद्देश्य की पड़ताल कर रही है.
The post नीरज सिंह केस से निखार सबलोक मर्डर तक, शूटर शिबू की पूरी कहानी; धनबाद में पुलिस से मुठभेड़ में घायल appeared first on Naya Vichar.