Saharsa Sadar Hospital: सहरसा सदर अस्पताल में मध्याह्न भोजन से बीमार हुए बच्चों की रिपोर्टिंग करने पहुंचे मीडिया कर्मी के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. बिहार प्रशासन के स्वास्थ्य विभाग ने सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार आजाद और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन लाल को तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया है.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 18 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जिला पदाधिकारी, सहरसा के 15 सितंबर के पत्र के आधार पर दोनों चिकित्सकों के विरुद्ध आरोप प्रतिवेदित किये गये थे. आरोपों में मीडिया कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के अलावा घटना स्थल पर पहले से लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को मिटाने का आरोप भी शामिल है.
जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया गया फैसला
अधिसूचना के अनुसार, मामले में हुई जांच के प्रतिवेदन के आलोक में नियुक्ति प्राधिकार ने दोनों चिकित्सकों को तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग, बिहार में योगदान करने का निर्णय लिया है. इसके बाद विभाग ने डॉ. सुशील कुमार आजाद और डॉ. रोशन लाल को स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय में योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया.
प्रशासन के अवर सचिव उपेंद्र राम के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना में दोनों चिकित्सकों के नाम, पद और संबंधित कोटि क्रमांक का भी उल्लेख किया गया है. आदेश की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी, सहरसा, सिविल सर्जन, सहरसा और स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी है.
Saharsa Sadar Hospital: अस्पताल में बच्चों के बीमार होने की रिपोर्टिंग के दौरान हुआ था विवाद
मामला उस समय सामने आया था, जब मध्याह्न भोजन से बच्चों के बीमार होने की घटना की रिपोर्टिंग के लिए मीडिया कर्मी सदर अस्पताल पहुंचे थे. इसी दौरान कथित तौर पर मीडिया कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना हुई. प्रशासनी आदेश में सीसीटीवी फुटेज मिटाने के आरोप का भी उल्लेख किया गया है.
Also Read: JDU के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नहीं पहुंचे अनंत सिंह, एक मंच पर दिखे नीतीश-निशांत, चल रही है बैठक
Also Read: पटना सिविल कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया जा रहा परिसर, सर्च ऑपरेशन शुरू
The post सहरसा सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक समेत दो डॉक्टर मुख्यालय तलब appeared first on Naya Vichar.
