नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शनिवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, समस्तीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला निरीक्षण समिति के अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे। डीएम ने संस्थान में आवासित बच्चों की देखरेख, संरक्षण, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता सहित उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों की बेहतर देखभाल को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बताया गया कि विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में 0 से 6 वर्ष तक के अनाथ, परित्यक्त एवं अभ्यर्पित बच्चों को आवासित कर उनकी समुचित देखरेख और संरक्षण किया जाता है। जिन बच्चों के माता-पिता अथवा परिवार का पता नहीं चल पाता है, उन्हें निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया एवं केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के नियमों के अनुसार योग्य दत्तक माता-पिता को गोद दिए जाने की प्रक्रिया की जाती है।
निरीक्षण के दौरान बाल संरक्षण एवं दत्तक ग्रहण को लेकर आमजनों में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। आम नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं कोई अनाथ, बेसहारा अथवा परित्यक्त बच्चा मिलता है, तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें। इससे शिशु को समय पर आवश्यक देखरेख, संरक्षण एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
