Hot News

समस्तीपुर

अपराध, समस्तीपुर

भीड़ का इंसाफ: समस्तीपुर में एक युवक को लोगों ने रस्सी में बांधकर घसीटा, बेरहमी से पिटाई, देखते रहे लोग।

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर। समस्तीपुर में भीड़ का अमानवीय चेहरा देखने को मिला है , जंहा युवक के मंदिर परिसर में हंगामा करने के आरोप में उसे रस्सी से बांध कर न सिर्फ उसे मंदिर परिसर से घसीट कर बाहर निकाला गया बल्कि लात घुसे से उसकी जमकर पिटाई की गई । मामला नगर थाना क्षेत्र स्थित थानेश्वर स्थान मंदिर की है । हैरान करने वाली बात यह है कि नगर थाने से महज कुछ फ़ासले पर मंदिर के सामने भीड़ तंत्र के द्वारा युवक को रस्सी में बांध कर पिटाई की जाती रही । लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नही लगी । मंदिर के पुजारी का बताना है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था । मंदिर में घुसकर हंगामा कर रहा था जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही थी । एक बार उसे मंदिर परिसर से बाहर कर दिया गया था । लेकिन वो दुबारा मंदिर में घुसकर हंगामा कर रहा था । जिसके बाद लोगों के द्वारा रस्सी से बांध उसे घसीट कर बाहर निकाला गया और फिर लात घुसे से उसकी जमकर पिटाई की गई । बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया । युवक की पहचान बेगूसराय जिले के मंसूरचक गांव के मनीष कुमार के रूप में हुई है । बताया जाता है कि युवक के परिजनों के पहुँचने पर उसे परिवार को सुपुर्द कर दिया गया ।  हालांकि इस मामले में सदर डीएसपी 1 संजय कुमार पांडेय का बताना है कि एक वीडियो सामने आया है जिसमें मंदिर परिसर के बाहर युवक की पिटाई की जा रही है । इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष को निर्देशत किया गया है । जो भी विधि सम्मत कारवाई हो वो की जाय । डीएसपी का बताना है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था ।बड़ा सवाल है कि आख़िर भीड़ तंत्र को युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करने का अधिकार किसने दिया ?थाने से महज़ कुछ दूरी पर युवक की पिटाई होती रही बाबजूद पुलिस को भनक क्यों नही लगी ? पुलिस ने बिना किसी कारवाई के उसे परिजन को सुपुर्द क्यों कर दिया ?

समस्तीपुर

मानव दूर्व्यापार के खिलाफ रेलवे स्टेशन पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर–  समस्तीपुर जंक्शन और शाहपुर पटोरी स्टेशन पर समस्तीपुर रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल, एक्सेस टू जस्टिस फॉर चिल्ड्रेन और जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र द्वारा मानव दूर्व्यापार, मानव तस्करी के खिलाफ जन जागरूकता अभियान चलाया गया। मौके पर समस्तीपुर स्टेशन प्रबंधक, रेल सुरक्षा बल के आकाश रंजन, सुमित कुमार, अविनाश कुरेसिया, बचपन बचाओ आंदोलन से शिवपूजन कुमार, जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के एक्सेस टू जस्टिस कार्यक्रम की जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. दीप्ति कुमारी, डॉक्यूमेंटेशन कोर्डिनेटर स्मृति कुमारी, सामुदायिक सामाजिक कार्यकर्ता संगीता कुमारी, बलराम चौरसिया, रीता कुमारी तथा जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के सचिव सुरेन्द्र कुमार नें संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान का संचालन किया। समस्तीपुर जंक्शन और शाहपुर पटोरी स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक नें एक्सेस टू जस्टिस फॉर चिल्ड्रेन, नई दिल्ली से प्राप्त मानव तस्करी रोकथाम से संबंधित ऑडियो का प्रसारण संबंधित सभी स्टेशनों पर नियमित रूप से कराये जानें के लिए अपनी सहमति दी। शाहपुर पटोरी के स्टेशन मास्टर अवधेश कुमार राय, रेल सुरक्षा बल प्रभारी दीपक कुमार सिंह तथा सामाजिक कार्यकर्ता नेहा कुमारी ने स्टेशन पर मौजूद सभी यात्रियों को बाल दूर्व्यापार और मानव तस्करी के बारे में जानकारी दी। रेल सुरक्षा बल के अवर निरीक्षक नें कहा कि जब भी किसी ट्रेन में या स्टेशन परिसर में कोई डरा सहमा बच्चा, झुंड में बच्चों की टोली या असुरक्षित शिशु दिखे, तुरंत टॉल फ्री चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या 112 पर सूचित करें ताकि उन बच्चों को मानव तस्करों के जाल से मुक्त कराकर सुरक्षित माता-पिता के पास पहुंचाया जा सके। जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के सचिव सुरेन्द्र कुमार नें कहा कि आजकल पढ़ाई और बेहतर कमाई का प्रलोभन देकर मानव तस्करों के द्वारा बच्चों को मेट्रो सिटी में ले जाकर बाल श्रम कराया जाता है या देह व्यापार का शिकार बनाया जाता है तथा मानव अंग व्यापार के लिए तस्करी किया जाता है। आज दूनियां भर में ड्रग्स के बाद सबसे बड़ा कारोबार हो गया है मानव तस्करी। जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के दीप्ति कुमारी, स्मृति कुमारी, बलराम चौरसिया, रीता कुमारी, नेहा कुमारी और संगीता कुमारी नें बताया कि एक्सेस टू जस्टिस कार्यक्रम अंतर्गत 01.07.2025 से 31.07.2025 तक चलने वाले विश्व मानव दूर्व्यापार/तस्करी के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी अभियान के दौरान समस्तीपुर जिला अंतर्गत समस्तीपुर, मुक्तापुर, किशनपुर, रामभद्रपुर, उजियारपुर, नाजिर गंज, दलसिंहसराय, विद्यापतिनगर, मोहिउद्दीन नगर, शाहपुर पटोरी, कर्पूरी ग्राम और शहीद खुदीराम बोस पूसा स्टेशनों पर रेल प्रशासन और रेल सुरक्षा बल के सहयोग से सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक इस दौरान कई बाल श्रमिकों को तस्करों से मुक्त कराकर संबंधित धाराओं के तहत् तस्करों कर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है।

शिक्षा, समस्तीपुर

अभियंत्रण महाविद्यालय में बी.टेक तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर परीक्षा 2024 का सफल एवं निष्पक्ष आयोजन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में बी.टेक तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर की विश्वविद्यालय परीक्षा 2024 का सफल आयोजन दिनांक 10 जुलाई से 26 जुलाई 2025 तक आयोजित की गई। यह परीक्षा एम.आई.टी. मुज़फ्फरपुर के छात्र-छात्राओं के लिए निर्धारित की गई जिसमें प्रतिदिन लगभग 700 परीक्षार्थी दो पालियों में सम्मिलित हुए। परीक्षा केंद्र पर समुचित अनुशासन, पारदर्शिता एवं कड़े निगरानी प्रबंधन के साथ परीक्षा का संचालन किया गया। केंद्राधीक्षक डॉ. आर. एम. तुगनायत के कुशल नेतृत्व में केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं।परीक्षा नियंत्रक डॉ. प्रेम कुमार एवं आशीष कुमार ने संयुक्त रूप से परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया — जैसे प्रश्न पत्रों की गोपनीयता, उत्तरपुस्तिकाओं का सुरक्षित वितरण एवं संग्रहण, परीक्षा स्टाफ का समन्वय एवं दैनिक निगरानी — को अत्यंत व्यवस्थित एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया। दोनों की सतर्कता एवं सजग निगरानी ने परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित की। इस संपूर्ण परीक्षा व्यवस्था को मज़बूती प्रदान करने में सहायक परीक्षा नियंत्रक शिव कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।  परीक्षा की प्रशासनिक व्यवस्था को सशक्त बनाने हेतु पूरे केंद्र पर सटीक योजना के तहत कार्य किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हुई। बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के दिशा निर्देश के अनुसार निर्णय परीक्षा की निष्पक्षता को बनाए रखने की दिशा में एक सख्त और आवश्यक कदम रहा। परीक्षा केंद्र पर पारदर्शिता, अनुशासन और सुनियोजित संचालन के लिए महाविद्यालय प्रशासन की सराहना की जा रही है। छात्रों और अभिभावकों में भी इस सफल एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन को लेकर संतोष और विश्वास का वातावरण बना है।

समस्तीपुर

पदोन्नति पाने वाले पांच शिक्षक– शिक्षिकाएं सम्मानित

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लाटबसेपुरा में मंगलवार को शिक्षक सम्मान समारोह का भावपूर्ण आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक अनन्त कुमार राय ने कहा कि इस विद्यालय के शिक्षक प्रतिभासम्पन्न एवं अनुपम मेधायुक्त हैं। यही कारण है कि यहां के पांच शिक्षकों ने बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रधान शिक्षक की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विभिन्न प्राथमिक विद्यालय में योगदान दिया है। विद्यालय के शिक्षक संजीव कुमार, अजय कुमार, कंचन रानी,शिखा अम्बष्ट एवं राजेश्वर राम को प्रधान शिक्षक के पद पर योगदान के फलस्वरूप शाल,पाग, डायरी, कलम एवं अन्य सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अनन्त कुमार राय, गंगा नारायण विद्यार्थी, कमलेश कुमार राम, प्रिंस कुमार जायसवाल, राजीव कुमार झा, अनामिका आनन्द,मो सदाब आलम, ज्योति सिंह, नीलम कुमारी, ममता कुमारी,नागमणि आशुतोष आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।

समस्तीपुर

आधार सेंटर अप्रैल से बंद, परेशान हो रहे ग्रामीण, जनकल्याणकारी योजनाओं सहित यात्रा और नामांकन में आ रही बाधा

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – शिवाजीनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित आधार नामांकन एवं सुधार केंद्र अप्रैल महीने की शुरुआत से ही बंद पड़ा है। इसके चलते प्रखंड के 17 पंचायतों से रोजाना आने वाले सैकड़ों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मानें तो प्रशासन द्वारा चलाई जा रही अधिकांश जनकल्याणकारी योजनाओं — जैसे वृद्धा पेंशन, उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, पीएम किसान योजना आदि में आधार की अनिवार्यता होने के कारण उन्हें प्रखंड मुख्यालय का रुख करना पड़ता है। लेकिन आधार सेंटर बंद रहने के कारण उन्हें बिना काम किए ही वापस लौटना पड़ रहा है।दुर्धरा पंचायत से आई एक स्त्री ने बताया कि वह सुबह भारा कर गाड़ी से परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आई थीं, लेकिन सेंटर बंद रहने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। उन्होंने कहा हम लोग गरीब हैं, बार-बार प्रखंड नहीं आ सकते, फिर भी जरूरी कागज बनवाना है। रेल और हवाई यात्रा में पहचान के लिए, स्कूल-कॉलेजों में नामांकन के समय, बैंकिंग कार्यों सहित अन्य कई प्रशासनी दस्तावेजों के लिए आधार कार्ड जरूरी होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड स्तर पर आधार सुधार केंद्र बंद रहने से उन्हें अनुमंडल मुख्यालय या जिला मुख्यालय जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। प्रशासन की अनदेखी के कारण आम जनता में नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि आधार सेंटर को जल्द से जल्द चालू किया जाए ताकि आम लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके। आधार संचालक विजय कुमार महतो ने बताया कि कंपनी का एग्रीमेंट खत्म होने के कारण अप्रैल माह से ही आधार सेंटर बंद है। उन्होंने कहा कि मैं के शुरुआत से ही आधार सेंटर बंद है।

समस्तीपुर

विद्यार्थी परिषद द्वारा उदयनाचार्य महाविद्यालय में समस्या संग्रह कार्यक्रम आयोजित

छात्र-छात्राओं की समस्याओं को विश्वविद्यालय तक पहुँचाने की पहल नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर –  अखिल हिंदुस्तानीय विद्यार्थी परिषद रोसड़ा इकाई द्वारा उदयनाचार्य महाविद्यालय परिसर में समस्या संग्रह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज उपाध्यक्ष सौरव कुमार राय ने की, वहीं जिला संयोजक श्री कौशल किशोर राय ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को एकत्र करना और उनका समाधान तलाशना था। श्री राय ने कहा कि, “यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को समस्याओं को पहचानने और सुलझाने की दिशा में प्रशिक्षित करता है।विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के विभिन्न विभागों में जाकर समस्याएं एकत्र कीं। प्रमुख समस्याओं में शामिल हैं।इस अवसर पर रोसड़ा नगर इकाई के उपाध्यक्ष डॉ. प्रिंस विवेक, डॉ. आशुतोष कुमार राय एवं डॉ. रंजन कुमार ने कहा कि महाविद्यालय की सबसे बड़ी समस्या छात्रों की अनुपस्थिति है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी परिषद इस दिशा में जागरूकता अभियान चलाकर उपस्थिति बढ़ाने का प्रयास करेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय की 75% उपस्थिति अनिवार्यता नीति को सख्ती से लागू करने की बात कही। “जिस छात्र की उपस्थिति 75% से कम हो, उसका नामांकन रद्द किया जाए,” – यह सुझाव भी सामने आया। विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य महाविद्यालय को एक आदर्श कैंपस के रूप में विकसित करना है। परिषद का मूल मंत्र – “ठीक करेंगे तीन: कम, प्रवेश परीक्षा और परिणाम” – इस कार्यक्रम के माध्यम से साकार होता दिख रहा है।संग्रहीत समस्याओं को लेकर 26 जुलाई को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में ज्ञापन प्रदर्शन किया जाएगा, जहाँ परिषद विश्वविद्यालय प्रशासन को समस्याएं सौंपेगी।अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार ने कहा, “विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता सदैव सकारात्मक दिशा में काम करते हैं, जो अन्य छात्र संगठनों से भिन्न है।कार्यक्रम में नगर मंत्री आशुतोष कुमार राय, राज विश्वविद्यालय सहसंयोजक शिवम कुमार सिंह, नगर सह मंत्री सोनू महतो, नगर एसएफएस संयोजक धीरज कुमार, कॉलेज एनएसएस प्रमुख हर्ष ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

समस्तीपुर

भाजपा कार्यकर्ता को दी गई श्रद्धांजलि 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के सिहमा निवासी वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता देवन साह के आकस्मिक निधन पर सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि वे काफी विनम्र, मृदुभाषी और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे। भगवान उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करें। मौके पर रंजीत निर्गुणी, प्रो. अमरेंद्र कुमार,अनिल सिंह, बलवंत सिंह राठौर,पवन कुमार शर्मा,जगदेव राम सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

समस्तीपुर

सरैया पुल चौक पर बम सेवा शिविर का आयोजन

नया वचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रत्येक साल की तरह इस साल भी प्रत्येक सोमवारी को महादेव बोलबम सेवा समिति के द्वारा बम सेवा शिविर का आयोजन सरैया पुल चौक पर किया जा रहा है। चमथा से जल लेकर मोरवा खुदनेशवर स्थान जाने वालों कांवरिया भाई लोगों की निशुल्क सेवा की जा रही है। कांवरियों के बीच निशुल्क पानी, चाय, लस्सी, नाश्ता एवं चिकित्सा सेवा दी जा रही है। सोमवार की देर शाम तक श्रद्धालुओं ने इस निशुल्क सेवा शिविर का लाभ उठाया। निशुल्क सेवा शिविर में समाजसेवी अमन कुमार झा एवं नवनीत कुमार ठाकुर सहित कई अन्य लोग सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।

समस्तीपुर

रामचरितमानस से होता है संसार की सारी समस्याओं का समाधान, गंगसारा में श्री रामलला रामचरितमानस गोष्ठी का बाईसवां वर्षगांठ समारोह

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : श्री रामचरितमानस विश्व का ऐसा दुर्लभ ग्रंथ है , जिससे संसार की सारी समस्याओं का समाधान होता है। यह बातें डॉ.अरुण कुमार गिरि के आवासीय परिसर गंगासरा में आयोजित श्री रामलला गोष्ठी के बाईसवें वर्षगांठ समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहीं। समारोह को संबोधित करते हुए केएसआर कॉलेज सरायरंजन के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो.अवधेश कुमार झा ने कहा कि यदि आज भी माता पिता दशरथ और कौशल्या, वसुदेव और देवकी तथा शिव और पार्वती बन जायें, तो घर घर में भगवान श्री राम, श्री कृष्ण और भगवान गणेश तथा कार्तिकेय का जन्म हो सकता है, फलस्वरूप समाज देश और विश्व से आतंकवाद समाप्त होकर विश्व शांति और विश्व बंधुत्व की स्थापना हो सकती है।प्रो. झा ने स्पष्ट किया कि कलयुग में हर इंसान के अंदर राम और रावण दोनों का निवास होता है। रामचरितमानस को जीवन में उतारने से रावण तत्व का सर्वनाश हो जाता है, और श्री राम तत्व का अभ्युदय होने से इंसान भगवान बन सकता है। यही नहीं, रामचरितमानस में वर्णित श्री राम के उज्जवल चरित्र को जीवन में उतारने से समाज में व्याप्त,ऊंच , नीच छूआ छूत, आपसी ईर्ष्या द्वेष,भेदभाव सहित सभी बुराइयां समाप्त हो जाती हैं और सारे संसार की समस्याओं का समाधान हो जाता है। कथा वाचक महेश कुमार झा ने रामचरितमानस में वर्णित चौपाई एवं दोहों की संख्याओं और महत्व को बताया। नित्यानंद मिश्र की अध्यक्षता एवं डॉ. अरुण कुमार गिरि के संचालन में संगीत कलाकार महासंघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष रामेश्वर राय, महामंत्री हरेंद्र सहनी, श्री भगवान,गौरी शंकर चौरसिया, नंदकिशोर झा, चन्द्रशेखर झा, मुक्ति नाथ झा,चन्देश्वर गिरि,भूषण झा, शंभू झा, तपेश्वर ठाकुर, उमेश प्रसाद सिंह,पवित्तर चौरसिया, प्रिंस कुमार, हर्षित ठाकुर आदि ने संबोधित किया। समारोह के प्रथम सत्र में सुंदर काण्ड का पाठ तथा द्वितीय सत्र में प्रवचन कीर्तन का आयोजन किया गया।मौके पर संपूर्ण क्षेत्र के सैकड़ो श्रद्धालु मौजूद थे।

समस्तीपुर

अहमदाबाद से दरभंगा के मध्य चलायी जा रही, क्लोन स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि में विस्तार अगले आदेश तक

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – यात्रियों की सुविधा हेतु दरभंगा से अहमदाबाद के लिए गाड़ी सं 09465/09466 अहमदाबाद- दरभंगा-अहमदाबाद क्लोन स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है । इस क्लोन स्पेशल ट्रेन के प्रति यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए रेलवे द्वारा इसके परिचालन अवधि में विस्तार अगले आदेश तक करने का निर्णय लिया गया है ।  1. गाड़ी सं. 09465/09466 अहमदाबाद-दरभंगा- अहमदाबाद क्लोन स्पेशल (समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर- छपरा-अयोध्या कैंट- लखनऊ-झांसी के रास्ते) –  गाड़ी सं. 09465 अहमदाबाद-दरभंगा क्लोन स्पेशल अहमदाबाद से अगले आदेश तक प्रत्येक शुक्रवार को तथा गाड़ी सं. 09466 दरभंगा-अहमदाबाद क्लोन स्पेशल दरभंगा से अगले आदेश तक प्रत्येक सोमवार को परिचालित की जाएगी । अहमदाबाद स्टेशन पर निर्माण कार्य के मद्देनजर लिए गए ब्लॉक के कारण वर्तमान में गाड़ी सं. 09466 दरभंगा-अहमदाबाद क्लोन स्पेशल का आंशिक समापन वटवा स्टेशन पर किया जा रहा है। विदित हो कि गाड़ी सं. 09465 अहमदाबाद-दरभंगा क्लोन स्पेशल अहमदाबाद से शुक्रवार को 20.25 बजे खुलकर रविवार को 10.30 बजे दरभंगा पहुंचती है। इसी तरह गाड़ी सं. 09466 दरभंगा-अहमदाबाद क्लोन स्पेशल दरभंगा से सोमवार को 03.00 बजे खुलकर मंगलवार को अहमदाबाद के बजाए 16.25 बजे वटवा स्टेशन पर आंशिक समापन किया जा रहा है।  

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top