Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

ईवीएम से लेकर विधि व्यवस्था तक सभी सेक्टर पदाधिकारियों को डीएम ने सिखाए चुनावी गुर

डीएम ने कहा– प्रपत्र भरकर अभ्यास कराएं, तभी दिखेगी असली तैयारी नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर रविवार को रेलवे सामुदायिक भवन में 400 सेक्टर पदाधिकारियों को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में द्वितीय चरण का प्रशिक्षण दिया गया। डीएम ने प्रशिक्षण के दौरान सभी विधानसभा क्षेत्र में प्रतिनियुक्ति सेक्टर पदाधिकारीयों को रैंडम तरीके से सवाल-जवाब कर उनकी तैयारियों की जांच की। उन्होंने मतदान प्रक्रिया से जुड़ी बारीकियों, संवेदनशील बूथों की निगरानी और समय पर सूचना आदान-प्रदान की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही ईवीएम व वीवीपैट की कमिशनिंग की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया और किसी भी स्थिति में लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने मशीनों के संचालन की बारीकियों से सभी को अवगत कराया। इसके साथ ही प्री-पोल, ड्यूरिंग पोल और पोस्ट-पोल की विस्तृत कार्यप्रणाली समझाते हुए मतदान केंद्रों तक समय पर पहुंच, माॅक पोल की प्रक्रिया, मतदान कार्य की निगरानी और मतपेटियों की सुरक्षित वापसी जैसे अहम पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील दायित्व है, जिसे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाना है। उन्होंने सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने सेक्टर के मतदान केंद्रों का बार-बार निरीक्षण करें, संभावित चुनौतियों की सूची बनाएं और उसका समाधान समय रहते सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि निर्वाचन कार्य जनविश्वास से जुड़ा संवेदनशील दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्वाची पदाधिकारी अपने स्तर से सेक्टर पदाधिकारियों के प्रशिक्षण की समझ की जांच करें और उन्हें प्रपत्र भरकर अभ्यास भी कराएं, ताकि पोल डे पर किसी भी तरह की कठिनाई न हो। साथ ही उन्होंने निर्वाची पदाधिकारियों को यह भी हिदायत दी कि मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं की सुविधा, समयपालन और संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर डीडीसी शैलजा पांडेय, नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, ओएसडी अली एकराम, सदर एसडीएम दिलीप कुमार, एसडीओ दलसिंहसराय, एसडीओ रोसड़ा, एसडीओ पटोरी सहित सभी सहायक निर्वाचक पदाधिकारी व अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। मौके पर सभी अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर से सेक्टर पदाधिकारियों को चुनावी ड्यूटी में बरती जाने वाली सावधानियों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी न केवल मतदान केंद्रों के नोडल अधिकारी होंगे, बल्कि मतदाताओं का विश्वास कायम करने और चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

ताजा ख़बर, बिहार, मुख्य खबर, समस्तीपुर

एकजुट प्रयास एवं माइक्रो मैनेजमेंट से विस चुनाव में मिलेगी जीत : अमित शाह

नया विचार न्यूज सरायरंजन : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को सरायरंजन प्रखंड के नरघोघी स्थित अभियंत्रण महाविद्यालय के सभागार में भाजपा नेताओं के साथ संवाद में विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर विस्तृत चर्चा की। इसमें समस्तीपुर, वैशाली,मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी,शिवहर, मधुबनी,दरभंगा और झंझारपुर क्षेत्र के 12 सांगठनिक जिलों के वरीय नेताओं ने हिस्सा लिया। अमित शाह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सीटों का बंटवारा एनडीए घटक दलों के नेता आपसी सहमति से तय करेंगे, लेकिन स्थानीय नेताओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बूथ स्तर पर जीत सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं को माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीति समझायी। उन्होंने कहा कि हर नेता अपने –अपने स्तर से कार्यकर्ताओं को इस रणनीति से अवगत करायें। बैठक में शामिल अधिकांश नेताओं और कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन बाहर ही जमा करा दिए गए थे। गृह मंत्री ने अगले 50 दिनों में पूरे किए जाने वाले कार्यों का गुरु मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि 225 सीटों का लक्ष्य बड़ा जरूर है, लेकिन बूथ स्तर तक एकजुट प्रयास और माइक्रो मैनेजमेंट के सहारे इसे हासिल करना कठिन नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार में चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को घर-घर अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि प्रशासन और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आत्मनिर्भर हिंदुस्तान और हर घर स्वदेशी अभियान से संबंधित विशेष जिम्मेदारियां भी सभी को सौंपी। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने की। संचालन समस्तीपुर दक्षिणी भाजपा जिलाध्यक्ष शशिधर झा ने किया। मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिंहा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री हरि सहनी, भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री संजय सरावगी, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री डॉ.राजभूषण निषाद,दरभंगा के भाजपा सांसद गोपाल जी ठाकुर आदि मौजूद रहे। केंद्र की योजनाओं एवं प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को घर-घर पहुंचना कार्यकर्ताओं का मुख्य दायित्व: शाह प्रखंड के नरघोघी स्थित अभियंत्रण महाविद्यालय में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए सीधा संदेश दिया। उन्होंने चुनाव में सफलता के लिए एकजुटता, अनुशासन और संगठन की मजबूती सबसे अहम बताया है। शाह करीब डेढ घंटे तक चली बैठक में उपस्थित नेताओं और पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश देते रहे। बैठक को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में पुलिस-प्रशासन औ सुरक्षा बलों की तैनाती देखी गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया था। वहीं कार्यक्रम स्थल पर सेना के हेलीकॉप्टर से अमित शाह पहुंचे। नरघोघी हाई स्कूल के स्पोर्ट्स मैदान में अस्थायी हेलीपैड बनाया गया था। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद शाह सीधे कॉलेज ऑडिटोरियम पहुंचे। जहां बैठक आयोजित की गई। बैठक में 12 संगठन जिलों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल थे। इनमें सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक, विधान परिषद सदस्य, पूर्व सांसद, पूर्व विधान परिषद सदस्य, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय सह प्रभारी, जिला कोर कमेटी, जिला महामंत्री, विधानसभा प्रभारी, संयोजक और विस्तारक तक मौजूद थे। शाह ने सभी से कहा कि पार्टी को मजबूत करने में हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम है। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन के फैसले को सर्वोपरि रखना होगा। बैठक में शाह ने नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन की लाइन से हटकर व्यक्तिगत बयानबाजी और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा किकार्यकर्ताओं का भरोसा और जनता की उम्मीदें ही चुनावी सफलता का आधार हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर तक की तैयारी सुनिश्चित करनी होगी। शाह ने विशेष तौर पर यह भी कहा कि केंद्र प्रशासन की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को जनता तक पहुंचाना ही कार्यकर्ताओं का मुख्य दायित्व है। विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी गांव-गांव तक ले जाने से विपक्ष की साजिशों को जवाब दिया जा सकता है। बैठक के दौरान संगठन – विस्तार, चुनावी रणनीति, स्थानीय समीकरण और विपक्ष की चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। शाह ने नेताओं से कहा कि चुनाव सिर्फ टिकट पाने का स्पोर्ट्स नहीं है, बल्कि जनता का विश्वास जीतने की प्रक्रिया है। इस प्रक्रिया में अनुशासन और एकजुटता की कसौटी पर खरा उतरना होगा। करीब एक घंटे की इस बैठक के बाद अमित शाह पुनः हेलीकॉप्टर से लौट गए। हालांकि मीडिया से उन्होंने कोई औपचारिक बातचीत नहीं की, लेकिन बैठक से बाहर निकले नेताओं ने माना कि शाह का संदेश स्पष्ट और सख्त था कि पार्टी पहले और व्यक्ति बाद में है।  

समस्तीपुर

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के खातों में राशि अंतरण

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – आज मुख्यमंत्री स्त्री रोजगार योजना के अंतर्गत समस्तीपुर जिला की स्त्रीओं के खातों में राशि अंतरण किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में राशि अंतरण प्रक्रिया की शुरुआत की। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार भी उपस्थित रहे। समाहरणालय स्थित कपूरी सभागार, समस्तीपुर में आयोजित कार्यक्रम में स्त्रीएँ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुईं। इस मौके पर जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा ने बताया कि प्रत्येक परिवार की एक स्त्री सदस्य को मुख्यमंत्री स्त्री रोजगार योजना का लाभ दिया जा रहा है। योजना के तहत प्रारंभिक चरण में प्रत्येक लाभार्थी को ₹10,000 की राशि बैंक खाते में दी जा रही है। आगे व्यवसाय की प्रगति एवं आकलन उपरांत आवश्यकता अनुसार ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि स्त्रीएँ इस योजना से प्राप्त राशि से स्वयं का रोजगार एवं स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनेंगी। इससे स्त्रीओं को अपनी आय का साधन सृजित करने के साथ गरिमा के साथ जीवन जीने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में माननीय मंत्री श्री महेश्वर हज़ारी, उप विकास आयुक्त सुश्री शैलजा पांडे, नगर आयुक्त एवं नगर परिषद अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। जीविका की बीपीएम ने बताया कि समस्तीपुर जिले में अब तक लगभग 4 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। आज जिले की कुल 3,68,084 स्त्रीओं को ₹368 करोड़ 80 लाख की राशि अंतरण की गई। ग्रामीण क्षेत्र : 3,48,084 स्त्रीएँ शहरी क्षेत्र : 20,000 स्त्रीएँ इस अवसर पर जिले के सभी 20 प्रखंडों, 69 संकुल स्तरीय संघों और 3445 ग्राम संगठनों में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें कुल 4,20,975 स्त्रीएँ शामिल हुईं। स्त्रीओं के बीच योजना के प्रचार-प्रसार हेतु पंचायत स्तर पर जागरूकता वाहन, ऑडियो-वीडियो फिल्म, स्क्रीनिंग आदि के माध्यम से लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

समस्तीपुर

सरायरंजन में गृह मंत्री अमित शाह का आगमन आज, करेंगे क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद

आगामी 20 चुनाव को लेकर होगी अहम चर्चा  नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज शनिवार को प्रखंड के नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में पहुंचेंगे। यहां वे क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम में समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा एवं झंझारपुर से 12 संघटनात्मक जिलों के 400 कार्यकर्ता शामिल होंगे । यह कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा को लेकर आयोजित की गई है। बता दें कि गृह मंत्री शनिवार को पूर्वाह्न 11:50 बजे हेलीकॉप्टर से नरघोघी हाई स्कूल के स्पोर्ट्स मैदान में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। जहां से वे कार से इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए प्रस्थान करेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेज के सभा कक्ष में वे करीब एक से सवा घंटे तक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। फिर 1: 30 बजे अपराह्न में वे नरघोघी से प्रस्थान कर जाएंगे। ये लोग होंगे बैठक में शामिल : गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिंह एवं सम्राट चौधरी,भाजपा सांसद नित्यानंद राय के अलावा क्षेत्रीय महामंत्री, क्षेत्रीय प्रभारी,क्षेत्रीय सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष,जिला महामंत्री, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, विधानसभा विस्तारक आदि इस बैठक में शामिल होंगे। जानकारों के अनुसार अमित शाह की यह सक्रियता भाजपा की चुनावी तैयारी में गति लाने के उद्देश्य से है। राज्य में चुनावी माहौल को देखते हुए पार्टी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को समय पर निर्देश दे रही है। इस संबंध में समस्तीपुर दक्षिणी भाजपा जिला अध्यक्ष शशिधर झा ने बताया कि समस्तीपुर सहित 12 संगठन जिले के कार्यकर्ताओं से अमित शाह संवाद करेंगे। उनकी तैयारी पूरी कर ली गई है। अमित शाह के कार्यक्रम को ले सुरक्षा व्यवस्था चाक –चौबंद  अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। डीएम रोशन कुमार कुशवाहा एवं एसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों के टीम ने शुक्रवार की शाम में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने वैरिकेडिंग,सुaरक्षा व्यवस्था,पार्किंग, हेलीपैड,मंच व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस संबंध में एसपी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक –चौबंद रहेगी। सुरक्षा का परीक्षण करते हुए सेना का हेलीकॉप्टर ट्रायल लैंडिंग किया गया है। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह 400 कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारी में लगे कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह और जोश देखने को मिला। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शुक्रवार की देर शाम तक तैयारी को अंतिम रूप दिया। मौके पर डीएम रोशन कुशवाहा एवं एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अलावा एसपी संजय पांडे,सदर एसडीओ दिलीप कुमार, नजारत उपसमाहर्ता रजनीश कुमार, बीडीओ सुनील कुमार, अंचलाधिकारी निशांत कुमार, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम के व्यवस्थापकों में भाजपा जिलाध्यक्ष शशिधर झा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह सरायरंजन विधानसभा प्रभारी रामाकांत झा,प्रखंड अध्यक्ष बबलू झा, भाजपा सांसद के स्थानीय प्रतिनिधि शिव कुमार सिंह, महेश रजक, दीपक महाराज आदि मौजूद रहे।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार प्रशासन के स्वच्छता ही सेवा 2025 कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत मुसरीघरारी में शुक्रवार को मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को समाजसेवी मो. नौशाद ने उपहार स्वरूप एक-एक स्मार्टफोन भेंट किया। वहीं मुख्य पार्षद की ओर से प्रथम स्थान विजेता को ₹5100, द्वितीय स्थान को ₹4100 एवं तृतीय स्थान को ₹3100 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में मुख्य पार्षद दिव्या कुमारी, उपमुख्य पार्षद मंजू देवी, कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह समेत वार्ड पार्षद फरहान, होरील कुमार, रमेश यादव, दीपक कुमार, अशोक कुमार, जगदीश राम, मो.राजा, मो.अजमल, सत्यनारायण चौधरी, समाजसेवी विद्याकार कुमार झा, विजय बैठा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे।

अपराध, समस्तीपुर

समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड के करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी की गोली मारकर ह”त्याः बदमाशों ने नजदीक से सीने में मारी 3 गोलियां, वारदात के बाद बदमाश फरार

मुखिया समर्थकों ने शव को रख समस्तीपुर बेगूसराय एनएच 28 को किया जाम  नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर : जिले में गुरुवार की शाम अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए उजियारपुर प्रखंड के करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार, मुखिया मनोरंजन गिरी पिछले दो टर्म से लगातार करिहारा पंचायत के मुखिया पद पर थे। उस पर पिछले महीने उजियारपुर में ही विक्रम गिरी के हुए हत्याकांड में मामले मुख्य आरोपी होने का आरोप था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। गुरुवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने हत्या की पुष्टि की है।घटनास्थल से पुलिस ने कई खोखा बरामद किया है। मिली जानकारी के अनुसार, मुखिया मनोरंजन गिरी के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज था और वह लंबे समय से विवादों में घिरा रहता था। हत्या की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। मनोरंजन गिरी की क्षेत्र में दबंग वाली छबी थी।वहीं पुलिस स्थिति को नियंत्रण करने मे जुटी है!

समस्तीपुर

समस्तीपुर मंडल में “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025” का आयोजन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर- समस्तीपुर रेल मंडल में दिनांक 17 सितम्बर 2025 से 02 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस पखवाड़े का उद्देश्य रेल परिसर, स्टेशनों, कार्यालयों, कॉलोनियों तथा यात्री सुविधाओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के साथ-साथ आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है। पखवाड़े के दौरान मंडल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिसके तहत आज 25 सितम्बर 2025 (गुरुवार) को समस्त मंडल में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान दिवस का आयोजन किया गया। इस“एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान के दौरान सभी कार्यालयों में श्रमदान अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में भी जन सहभगिता से रेल परिसर को सुंदर बनाने का यह श्रमदान अभियान चला जिसमें काफी लोगों ने भागीदारी की और परिसर को साफ सुथरा बनाने में अपना श्रमदान किया।उल्लेखनीय है कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 02 ऑक्टुबर, 2025 तक चलेगा जिसके तहत कई अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

समस्तीपुर

दुर्गा पूजा को लेकर जिला अधिकारी ने की बैठक

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – जिलाधिकारी समस्तीपुर  रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार समस्तीपुर में निर्वाचन कार्यों की समीक्षा एवं आगामी दुर्गा पूजा तथा दशहरा पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संबंधी बैठक आयोजित की गई।बैठक में पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि – 1. निर्वाचन संबंधी तैयारी निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारी को अपने दायित्वों का पूर्णतः निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया। अति संवेदनशील एवं संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता एवं निगरानी रखने को कहा गया। आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। 2. दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व की विधि-व्यवस्था सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात विभाग को पूर्व से ही आवश्यक योजना बनाने को कहा गया। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित गश्त एवं सतत निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया। किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने तथा शांति समिति की सक्रियता बनाए रखने को कहा गया। अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य एवं पर्व-त्योहार दोनों ही प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, अतः सभी अधिकारी परस्पर समन्वय स्थापित कर दायित्वों का निर्वहन करें ताकि जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनी रहे.

समस्तीपुर

सरायरंजन के नरघोघी में सेना के हेलीकॉप्टर ने किया मॉकड्रिल 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 27 को सरायरंजन के नरघोघी में आगमन से पूर्व गुरुवार की दोपहर सेना के हेलीकॉप्टर ने पूर्वाभ्यास किया। सेना के हेलीकॉप्टर को नरघोघी हाई स्कूल मैदान में हैलिपैड पर उतार कर हैलिपैड को देखा और परखा।सेना के हेलीकॉप्टर आते देखकर क्षेत्र के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने मैदान में हेलिकॉप्टर को देखने पहुंच गए।

समस्तीपुर

डीएम, एसपी ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए कई निर्देश 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । प्रखंड के नरघोघी गांव स्थित अभियंत्रण महाविद्यालय में 27 सितंबर को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा पांच जिला के विधायक दस जिलाध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों एवं अन्य भाजपा के संगठित पदाधिकारियों के साथ बैठक को संबोधित करेगें। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आयोजित कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को कालेज के सभागार में डीएम रौशन कुशवाहा,एसपी अरविंद प्रताप सिंह एवं एन आई टी टीम ने जिला एवं प्रखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में डीएम,एसपी एवं एन आई टी टीम ने अधिकारियों को की आवश्यक निर्देश दिया। श्री शाह के कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों से पूछे जाने पर कुछ भी बताने से इंकार किया है। बैठक में विधान पार्षद डा. तरूण कुमार, समस्तीपुर दक्षिणी जिलाध्यक्ष शशिधर झा, एसडीओ दीलीप कुमार आदि दर्जनों अधिकारी मौजूद थे।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top