Hot News

Rain Havoc: दिल्ली-पुणे में ढही इमारतें! वायनाड में लैंडस्लाइड, कई राज्यों में बारिश से तबाही

Rain Havoc: देश के कई हिस्सों में बुधवार को मानसून ने जमकर कहर बरपाया. लगातार हुई भारी बारिश से कई राज्यों में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए, जबकि सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. दिल्ली, मुंबई, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में जलभराव, भूस्खलन और इमारत ढहने जैसी घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया.

दिल्ली के रोहिणी में गिरी इमारत

दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में बुधवार (8 जुलाई) शाम सेक्टर-16 स्थित एमसीडी स्कूल के पास एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 से 6 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती राहत एवं बचाव अभियान के दौरान मलबे से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. लोगों का कहना है कि भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन इमारत गिरी है.

पुणे में इमारत ढही, 16 लोगों के दबे होने की आशंका

महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी इलाके में भारी बारिश के दौरान कचरे का एक बड़ा ढेर तीन मंजिला इमारत पर गिर गया, जिससे पूरी इमारत ढह गई. अधिकारियों के अनुसार, मलबे में करीब 16 लोगों के दबे होने की आशंका है. यह इमारत एक निजी कंपनी के प्रशासनिक कार्यालय के रूप में इस्तेमाल की जा रही थी, जो नगर निगम की ओर से कचरा प्रसंस्करण का काम करती थी.

केरल में सुरंग परियोजना स्थल पर हादसा

केरल के वायनाड जिले की मेप्पाडी पंचायत में सुरंग परियोजना स्थल पर बारिश से भीगी मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया. इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, 10 लोग घायल हुए हैं, जबकि पांच अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है.

दिल्ली में जलभराव, रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

दिल्ली में बुधवार को हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. सदर बाजार, नसीरपुर, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर और कुशक रोड सहित कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं. कई जगह लोगों को घुटनों तक पानी में होकर गुजरना पड़ा. हिंदुस्तान मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 14.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा. इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.

मुंबई में बारिश से रेल सेवाएं प्रभावित

मुंबई में थोड़े विराम के बाद बुधवार सुबह फिर तेज बारिश शुरू हो गई. लगातार बारिश के कारण उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे कार्यालय जाने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, पालघर के वसई-विरार क्षेत्र और दक्षिण गुजरात में जलभराव के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित हुईं. इसके अलावा भोर घाट क्षेत्र में सोमवार को हुए भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर सेवाएं अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी हैं.

महाराष्ट्र में नदियां उफान पर, कई जगह रेल सेवाएं बाधित

महाराष्ट्र के नासिक जिले में लगातार बारिश के कारण गोदावरी, कडवा और गिरना नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है. रायगढ़ जिले में उल्हास नदी का जलस्तर बढ़ने और रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण नेरल और कर्जत स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं करीब एक घंटे तक प्रभावित रहीं.

राजस्थान में कई जगह भारी बारिश

राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के साथ कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. सबसे अधिक 96 मिलीमीटर बारिश कोटा जिले के रामगंज मंडी में दर्ज की गई. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है.

हिमाचल प्रदेश में अचानक बाढ़ से सड़क संपर्क टूटा

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बीच शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में अचानक आई बाढ़ से कई इलाकों का सड़क संपर्क टूट गया. जलस्तर बढ़ने से गानवी खड्ड नाले पर बना अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्याओ और कुट पंचायतों को जोड़ने वाला मार्ग बंद हो गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में स्थानीय लोग और राहगीर नाले के दोनों ओर फंसे दिखाई दिए.

Also Read: दिल्ली में भारी बारिश के बीच गिरी बिल्डिंग, मलबे से दो लोगों को निकाला गया, राहत-बचाव जारी

The post Rain Havoc: दिल्ली-पुणे में ढही इमारतें! वायनाड में लैंडस्लाइड, कई राज्यों में बारिश से तबाही appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top