जमशेदपुर : झारखंड के जंगलों से लाल आतंक का चैप्टर अब अपने आखिरी पन्नों पर पहुंच चुका है. 2.20 करोड़ का इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश की गिरफ्तारी हो गयी है. सूत्रों के मुताबिक, कभी खौफ का पर्याय रहे पूर्वी सिंहभूम के जंगलों में अब नक्सलियों का पूरा साम्राज्य ढह चुका है. वहां सिर्फ दो ही सक्रिय नक्सली – मंगल और मालती बचे हैं. फिलहाल दोनों नक्सली घाटशिला के पास झारखंड-बंगाल के सीमावर्ती घने जंगलों में अपनी जान बचाकर छिपे हुए हैं. दोनों पर कुल 30-35 मामले दर्ज हैं. दोनों 25-30 वर्ष के बीच के बताये जा रहे हैं.
फिल्मी अंदाज में वेश बदलकर बंगाल भागा था असीम
खुलासे के मुताबिक, गिरफ्तारी से कुछ समय पहले तक असीम मंडल, मंगल और मालती एक ही दस्ते में साथ सक्रिय थे. सुरक्षाबलों की बढ़ती दबिश से घबराए असीम मंडल ने घाटशिला के जंगलों में अपने खतरनाक हथियार जमीन के भीतर छिपा दिए. इसके बाद उसने एक शातिर चाल चलते हुए माओवादी लिबास उतारा और आम स्थानीय ग्रामीण का रूप धर लिया. इसी हुलिए में वह झारखंड से निकलकर सीधा पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के ललाट गांव जा पहुंचा. वहां वह पूरी तरह छिपकर एक साधारण नागरिक की जिंदगी जी रहा था. लेकिन, कोलकाता एसटीएफ की पैनी और सतर्क नजरों से वह बच नहीं सका और आखिरकार शिकंजे में आ गया.
गिरोह के कई चेहरों का हुआ खौफनाक अंत
दूसरी ओर, इस गिरोह के कई चेहरों का अंत बेहद खौफनाक रहा. जहां एक तरफ श्याम सिंह की बीमारी से तड़पकर मौत हो गई, वहीं समीर सिंह सारंडा के जंगलों में सुरक्षाबलों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में ढेर हो गया. साथ ही पिछले ही महीने दलमा की तराई से मदन महतो, सागर सिंह उर्फ विरेन और मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया गया था.
The post असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद बचे सिर्फ ये दो नक्सली, इन जंगलों में छिपे हैं, जानें असीम ने कहां छिपा रखा है हथियार appeared first on Naya Vichar.

