Bihar Flood: बिहार में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए हरियाणा से पहुंचे एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग राहत सामग्री के रूप में लाये गये फलों के डिब्बों पर चढ़कर फल उठाते और वहां से जाते नजर आ रहे हैं. इस दौरान हरियाणा से पहुंचे युवक उन्हें बार-बार समझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं. वह लोगों से कहते नजर आते हैं कि यह सामान वह इतनी दूर से उनकी मदद के लिए लेकर आये हैं, फिर इस तरह अफरातफरी क्यों मचायी जा रही है.
मैं इतनी दूर से सिर्फ आपके लिए आया हूं
जरूरतमंदों के बीच फल बांटने पहुंचे एनजीओ ‘हर मैदान फतेह सोसाइटी’ के अध्यक्ष सहज दुग्गल इस स्थिति से काफी परेशान नजर आये. उन्होंने घटना से जुड़ा वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया है. वीडियो में वह बिखरे हुए फलों के डिब्बों और लोगों की भीड़ के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं. वह लोगों से बार-बार पूछते नजर आते हैं कि फल लेने के दौरान इस तरह की अफरातफरी क्यों मचायी गयी.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा समाचारों के लिए यहां क्लिक करें..
डिब्बों पर चढ़कर फल लेने लगी भीड़
सहज दुग्गल के वीडियो में बड़ी संख्या में लोग फल लेने के लिए आगे बढ़ते दिख रहे हैं. इस दौरान कुछ लोग डिब्बों पर चढ़ गये और उनमें रखे फल निकालकर ले जाने लगे. सहज लोगों को ऐसा करने से रोकने और समझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. वह कहते दिख रहे हैं कि इस तरह फल लेने से वितरण के लिए लाये गये डिब्बे खराब हो जायेंगे. वीडियो में सहज एक बुजुर्ग स्त्री की ओर भी इशारा करते हैं, जिसके हाथ में फल नजर आ रहे हैं. वहीं, कुछ लड़कों से जब वह इस बारे में सवाल करते हैं, तो वे मुस्कुराते हुए दिखाई देते हैं. बिखरे हुए डिब्बों की ओर इशारा करते हुए सहज बार-बार सवाल करते हैं, “आप सब डिब्बे क्यों खराब कर रहे हैं? क्या आप अपनी हरकतों से खुश हैं?”
बेटियों के साथ भी धक्का-मुक्की
सहज अपनी दो बेटियों के साथ बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री लेकर पहुंचे थे। उनका दावा है कि फल वितरण के दौरान भीड़ के अचानक टूट पड़ने से स्थिति बेकाबू हो गय. इस दौरान उनकी बेटियों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई. सहज ने कहा कि जिन लोगों की मदद के लिए वह सामान लेकर पहुंचे थे, उसी सामान को लेने की कोशिश में उनकी बेटियों को भी धक्का दिया गया. वह इस घटना से काफी निराश नजर आये. उन्होंने कहा, “मेरी बेटियां भी मेरे साथ थीं. जो सामान हमने उनके लिए खरीदा था, उसे लेने की कोशिश में लोगों ने उन्हें बहुत धक्का दिया. इससे मैं बहुत निराश हूं.” इसके बाद सहज ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह इतनी दूर से सिर्फ जरूरतमंदों की मदद के लिए बिहार आये हैं. उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “मैं इतनी दूर से सिर्फ आपके लिए आया हूं. आप मेरे साथ ऐसा क्यों कर रहे हैं?”
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस
सहज के वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. कुछ यूजर्स ने कहा कि राहत सामग्री बांटने के दौरान इस तरह की अफरातफरी से जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए पहुंचने वाले स्वयंसेवकों का मनोबल प्रभावित हो सकता है. वहीं, कुछ लोगों ने भीड़ के व्यवहार पर सवाल उठाये. कुछ यूजर्स का कहना था कि राहत सामग्री वितरण के दौरान कतार और उचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि सभी जरूरतमंदों तक सामान पहुंच सके. हालांकि, घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
बिहार में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित
बिहार में सितंबर की शुरुआत से ही कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. राज्य के 15 जिलों में 50 लाख से अधिक लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आयी है. ऐसे हालात में अलग-अलग राज्यों से सामाजिक संगठन और स्वयंसेवी समूह राहत सामग्री लेकर बिहार पहुंच रहे हैं. इसी क्रम में हरियाणा से सहज दुग्गल भी अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच फल बांटने पहुंचे थे. राहत सामग्री के वितरण के दौरान हुई अफरातफरी का उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
Also Read बाढ़ में डूबा बिहार, राहत पर गरमाई सियासत; पप्पू यादव का तेजस्वी पर हमला, PK ने BJP को घेरा
The post बिहार में राहत बांटने पहुंचे शख्स के फलों के डिब्बों पर टूट पड़ी भीड़, बेटियों से भी हुई धक्का-मुक्की appeared first on Naya Vichar.

