नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर | जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने गुरुवार को ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का निर्धारित मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा, साफ-सफाई तथा प्रवेश और निकास व्यवस्था का जायजा लिया।
डीएम ने गोदाम में रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा और सुरक्षित रख-रखाव से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरश: पालन करने को कहा।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने भी गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा में तैनात कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने अग्निशमन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने संबंधित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी रमेश कुमार वर्णवाल, अग्निशमन पदाधिकारी, विभिन्न नेतृत्वक दलों के प्रतिनिधि एवं गोदाम की सुरक्षा में तैनात कर्मी मौजूद थे।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट का सुरक्षित भंडारण और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं हमेशा दुरुस्त रखने को कहा।