नया विचार न्यूज़ सरायरंजन – मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लगूनिया डीह टोल में श्रीश्री 108 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजन उत्सव एवं श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर गुरुवार को आदर्श युवा संघ के नेतृत्व में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 1100 कुंवारी कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कलश यात्रा में गांव की स्त्रीओं, बुजुर्गों, युवाओं समेत हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान राधे-कृष्ण के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
कलश शोभायात्रा की शुरुआत यज्ञ स्थल से हुई। 1100 कुंवारी कन्याएं सिर पर कलश लेकर गांव की परिक्रमा करते हुए तालाब परिसर पहुंचीं। यहां पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई। इसके बाद कलश में पवित्र जल भरा गया। जल भरने के बाद सभी कन्याएं पुनः गांव की परिक्रमा करते हुए यज्ञ स्थल पहुंचीं। पूरे रास्ते श्रद्धालु राधे-कृष्ण के जयकारे लगाते रहे। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
आयोजन समिति के अनुसार, आदर्श युवा संघ लगूनिया डीह के तत्वावधान में 10 दिवसीय श्रीश्री 108 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजन उत्सव एवं श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्रीराम कथा का संगीतमय वाचन श्रीश्री 1008 स्वामी प्रणव पुरी जी महाराज एवं श्रीश्री 1008 कृष्ण बिहारी दास जी महाराज के मुखारविंद से किया जाएगा। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।
मेले में दिखेगी वृंदावन के प्रेम मंदिर की झलक
आयोजकों ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले मेले में श्रद्धालुओं के लिए कई आकर्षण होंगे। मेले में विभिन्न प्रकार की यांत्रिक झांकियों के साथ श्रीकृष्ण जन्मलीला की विशेष झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को वृंदावन के प्रेम मंदिर जैसा भव्य और धार्मिक वातावरण देखने को मिलेगा। श्रीराम कथा, कृष्ण जन्मलीला की झांकी और अन्य आकर्षणों के कारण मेले में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
आयोजन को सफल बनाने में मेला मालिक मुरलीधर पाठक, शिवनाथ चौधरी, हरिशंकर पोद्दार, नागराज झा, प्रिंस कुमार झा, रामकुमार राय, देवेंद्र पोद्दार, हरिशंकर भगत समेत गांव के सैकड़ों लोग सक्रिय रूप से जुटे हैं। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि दस दिनों तक चलने वाले धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।