गोड्डा से निरभ किशोर की रिपोर्ट
Godda News: गोड्डा जिला सदर अस्पताल में सोमवार की अहले सुबह इलाज के दौरान एक शिक्षक की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. परिजनों के आक्रोश को देखते हुए ऑन-ड्यूटी चिकित्सक और नर्स मौके से फरार हो गए. बाद में नगर थाना पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ. मृतक की पहचान मेहरमा थाना क्षेत्र के हुलूकपुर गांव निवासी 48 वर्षीय आशुतोष कुमार निराला (पिता- नौरंगी पंडित) के रूप में की गई है. आशुतोष कुमार निराला देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के एक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. उनकी नियुक्ति महज 6 महीने पहले ही हुई थी. वह अपने पीछे पत्नी नीलम देवी, एक पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं.
रविवार शाम को अचानक गिरे थे आशुतोष
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम को आशुतोष कुमार निराला के सीने में अचानक तेज दर्द हुआ और वह घर में ही गिर पड़े. आनन-फानन में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी जब उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो परिजन रात करीब 2:30 बजे उन्हें मेहरमा से सदर अस्पताल गोड्डा के लिए लेकर रवाना हुए.
इंजेक्शन लगाते ही बिगड़ने लगी स्थिति.
परिजनों ने बताया कि वे सुबह करीब 4:00 बजे सदर अस्पताल गोड्डा पहुंचे. वहां उन्होंने दरवाजा खटखटा कर चिकित्सक को जगाया. डॉक्टर ने मरीज की जांच करने के बाद नर्स को एक इंजेक्शन लगाने का निर्देश दिया. परिजनों का आरोप है कि नर्स द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद ही आशुतोष की स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी. मरीज की हालत गंभीर होते देख चिकित्सकों ने उसे आनन-फानन में आईसीयू वार्ड में ट्रांसफर कर दिया. हालांकि, परिजन जब आशुतोष को लेकर आईसीयू वार्ड पहुंचे, तो वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के कर्मियों और डॉक्टरों की घोर लापरवाही के कारण ही मरीज की जान गई है. सही समय पर सही इलाज मिलने के बजाय गलत कदम उठाए गए.
हंगामे के बाद डॉक्टर व एएनएम फरार, पुलिस ने संभाला मोर्चा
शिक्षक की मौत की समाचार सुनते ही परिजनों का धैर्य टूट गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में ही हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते हंगामा इतना बढ़ गया कि खुद को घिरता देख मौके पर मौजूद चिकित्सक और एएनएम वार्ड से गायब हो गए. घटना की जानकारी तुरंत नगर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस के समझाने के बाद परिजन शांत हुए और बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को लेकर अपने पैतृक गांव हुलूकपुर के लिए निकल पड़े. इस घटना के बाद से मृतक के गांव और परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
यह भी पढ़ें : गढ़वा में ‘आपन सरस्वतिया’ बना जनआंदोलन, ड्रोन से नदी को नया आकार देने का प्रयास
यह भी पढ़ें : Jamshedpur: कोवाली थाना प्रभारी पर वृद्ध से मारपीट और रिश्वत मांगने का आरोप, एसएसपी से शिकायत
The post गोड्डा सदर अस्पताल में शिक्षक की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप appeared first on Naya Vichar.

