Rajya Sabha Election : बीजेपी ने इस तीसरी सीट पर कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ राज्य के मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को उम्मीदवार घोषित किया है. इस घोषणा के साथ ही तीसरी सीट पर जीत के लिए दोनों दलों में मुकाबला होना सुनिश्चित है. बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार के नाम की घोषणा से पहले भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी नेताओं ने एक बैठक कर स्थिति की समीक्षा की. पार्टी सूत्रों ने बताया कि इसी बैठक में तीसरे उम्मीदवार के रूप में केवट को मैदान में उतारने की सहमति बनी, जिसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने इसे हरी झंडी दिखाई.
मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की ओर से राज्यसभा प्रत्याशी
बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार रात तीसरे उम्मीदवार के रूप में महेश केवट के नाम की घोषणा की. इससे पहले शनिवार (6 जून) को बीजेपी प्रत्याशी तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था. कांग्रेस की ओर से राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन सोमवार (8 जून) को अपना नामांकन दाखिल करेंगी. एक दिन पहले शनिवार को भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई थी, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता का दावा करते हुए नटराजन को जीत का दंभ भरा था.
किस पार्टी के पास कितने विधायक
वर्तमान में मध्यप्रदेश की कुल 230 सदस्यीय विधानसभा में प्रभावी वोटों की संख्या 228 है. इसमें बीजेपी के 164 और कांग्रेस के 64 विधायक हैं. बीना से विधायक निर्मला सप्रे के मतदान को लेकर स्थिति स्पष्ट ना होने और उनका झुकाव बीजेपी की तरफ होने जबकि विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान पर लगी रोक जैसी तकनीकी वजहों से कांग्रेस का प्रभावी आंकड़ा 62 पर सिमट गया है.
यह भी पढ़ें : बंद कमरे का ‘क्लाइमेक्स’: JMM और कांग्रेस के बीच कैसे सुलझा विवाद? पढ़ें पूरी इनसाइ़ड स्टोरी
क्यों बढ़ गई है कांग्रेस की टेंशन, जानें
राज्यसभा की तीन सीटों पर प्रत्येक उम्मीदवार को जीत के लिए 58 वोटों की जरूरत है. इस हिसाब से दो सीटें जीतने के लिए बीजेपी को 116 वोट की जरूरत है. कुल 164 में से 116 वोट देने के बाद बीजेपी के पास 48 वोट बचेंगे. तीसरी सीट जीतने के लिए उसे 58 वोट चाहिए यानी बीजेपी को 10 अतिरिक्त वोटों की जरूरत है. कांग्रेस के पास जीत के लिए आवश्यक आंकड़े हैं लेकिन बीजेपी की ओर से तीसरे उम्मीदवार की घोषणा से उसकी चिंता बढ़ा दी है. नटराजन की जीत की राह मुश्किल कर दी है. मध्यप्रदेश की राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा.
The post राज्यसभा चुनाव: मध्य प्रदेश में क्यों टेंशन में आ गई कांग्रेस? जानें विधायकों का गणित appeared first on Naya Vichar.

