West Bengal Cyber Crime: पश्चिम बंगाल में जालसाज और साइबर अपराधी लोक भवन के नाम पर वीआईपी (VIPs) और वरिष्ठ प्रशासनी अधिकारियों को फोन कॉल कर रहे हैं. लोक भवन ने इस संबंध में कोलकाता पुलिस के साइबर अपराध प्रकोष्ठ (Cyber Crime Cell) में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. राज्यपाल कार्यालय ने शनिवार (18 जुलाई 2026) को यह जानकारी दी. लोक भवन से जारी बयान के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति किसी विशेष मोबाइल नंबर से खुद को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल या लोक भवन का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लगातार प्रतिष्ठित लोगों और आला अफसरों को फोन कर रहा है.
लोक भवन ने जारी की एडवाइजरी
इस पूरे मामले को राजभवन प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है. लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस फर्जीवाड़े को बहुत ही गंभीरता से लेते हुए उचित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. लोक भवन ने कहा है- हम आम जनता और अधिकारियों से अनुरोध करते हैं कि राज्यपाल या लोक भवन के नाम पर आने वाले ऐसे किसी भी संदिग्ध फोन या संदेश (Messages) पर कोई भी कदम उठाने से पहले उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि जरूर कर लें.
साइबर सेल खंगाल रही है कॉल डिटेल्स
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शिकायत दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की टेक्निकल जांच शुरू कर दी गयी है. जिस मोबाइल नंबर से फोन किये जा रहे हैं, उसका टावर लोकेशन और कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द दबोचा जा सके.
The post सावधान! राज्यपाल बनकर अधिकारियों को फोन कर रहा जालसाज, लोक भवन ने कोलकाता पुलिस में दर्ज करायी शिकायत appeared first on Naya Vichar.

