गीतांजलि ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से दूसरी जगह शिफ्ट करने की अनुमति मांगी है. इसके लिए रविवार (19 जुलाई) को तुरंत सुनवाई की अपील की गई है. गीतांजलि ने कहा कि किसी भी परिवार को अपने प्रियजन का इलाज किस अस्पताल में कराया जाए, यह तय करने के लिए प्रशासन से संघर्ष करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए.
गीतांजलि ने कहा कि सफदरजंग अस्पताल वांगचुक को उनकी पसंद के प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने की ‘अनुमति नहीं दे रहा है’, सफदरजंग अस्पताल पर अब भरोसा नहीं रहा.
अस्पताल में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात
गीतांजलि जे. आंग्मो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि सफदरजंग अस्पताल ने जारी हेल्थ बुलेटिन में सोनम वांगचुक के पोटेशियम लेवल की असली जानकारी शामिल नहीं की. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार अनुरोध करने के बावजूद अस्पताल न तो सोनम वांगचुक को छुट्टी दे रहा है और न ही किसी प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने की अनुमति मिल रही है. उन्होंने कहा कि अस्पताल में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं और उनकी आवाजाही पर भी सख्त रोक है. उनके मुताबिक, यह इलाज नहीं बल्कि अवैध हिरासत जैसी स्थिति है.
ये भी पढ़ें: अस्पताल से सोनम वांगचुक का पहला मैसेज, कहा- आजादी का दूसरा आंदोलन, संसद चलो
दिल्ली पुलिस सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले गई
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल शनिवार (18 जुलाई) को 21वें दिन में पहुंच गई. इसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले गई. वांगचुक 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. वह नीट में कथित गड़बड़ियों और इस विवाद से जुड़े छात्रों की मौत के खिलाफ चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं.
The post सोनम वांगचुक के इलाज पर विवाद: हाईकोर्ट पहुंचीं पत्नी गीतांजलि, बोलीं- सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं appeared first on Naya Vichar.

