Hot News

गलत है बगराम पर नियंत्रण की अमेरिकी जिद

Bagram : अफगानिस्तान फिर वैश्विक रणनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बगराम एयरबेस पर पुनः नियंत्रण पाने की मांग ने पूरे क्षेत्र में चिंता और असहमति को जन्म दिया है. वर्ष 2021 में अमेरिकी सैनिकों की जल्दबाजी में हुई वापसी के बाद अमेरिका ने इस अति-महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाने को छोड़ दिया था. अब ट्रंप की यह कोशिश केवल अमेरिका की सैन्य शक्ति के प्रदर्शन का प्रयास नहीं है, बल्कि चीन को नियंत्रित करने और मध्य तथा दक्षिण एशिया में अमेरिकी प्रभाव को पुनः स्थापित करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है. पर हिंदुस्तान, चीन, रूस, ईरान, यहां तक कि पाकिस्तान जैसे देशों के लिए यह कदम क्षेत्रीय स्थिरता के लिए एक गंभीर चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.

वर्ष 2020 में ट्रंप प्रशासन द्वारा तालिबान के साथ दोहा समझौते पर हस्ताक्षर अमेरिका की लंबी और महंगी अफगान लड़ाई के अंत का संकेत था. पर 2020 का चुनाव हारने के बाद जब बाइडेन राष्ट्रपति बने, तो उन्होंने अमेरिकी सैनिकों की वापसी का काम पूरा किया. उसी के साथ बगराम एयरबेस, जो ‘वार ऑन टेरर’ के दौरान अमेरिकी अभियानों का मुख्य केंद्र था, अमेरिकी नियंत्रण से बाहर चला गया. चार साल बाद, ट्रंप बार-बार ‘बगराम वापस चाहिए’ जैसी बातें कर रहे हैं. पिछले महीने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर उन्होंने लिखा, ‘अगर अफगानिस्तान ने बगराम वापस नहीं दिया, तो बुरे नतीजे होंगे’. तालिबान की प्रतिक्रिया तत्काल और स्पष्ट थी. उन्होंने कहा कि अफगान भूमि का एक इंच भी किसी विदेशी शक्ति को नहीं सौंपा जायेगा. बगराम का भू-सामरिक महत्व असंदिग्ध है. यह काबुल से करीब 50 किलोमीटर उत्तर में स्थित है और चीन के पश्चिमी प्रांत शिंजियांग से महज एक घंटे की उड़ान दूरी पर है, जहां चीन की परमाणु और रक्षा परियोजनाएं स्थित हैं.

अमेरिकी दृष्टिकोण से देखें, तो बगराम पर पुनः नियंत्रण पाना चीन की गतिविधियों पर निगरानी रखने, मध्य एशिया में प्रभाव बनाये रखने और क्षेत्र में शक्ति संतुलन स्थापित करने का साधन बन सकता है. यह ठिकाना ट्रंप की ‘नये शीतयुद्ध’ जैसी रणनीति का केंद्र हो सकता है. पर वर्तमान क्षेत्रीय परिस्थितियां 20वीं सदी के शीतयुद्ध जैसी नहीं हैं. कभी अमेरिकी अभियानों में सहयोगी रहा पाकिस्तान अब चीन के साथ अपने गहरे सामरिक संबंधों के कारण अमेरिका को ऐसी कोई सुविधा नहीं दे सकता. मध्य एशिया के देश रूस व चीन के प्रभाव में हैं, इसलिए वे भी अमेरिकी उपस्थिति का समर्थन नहीं करेंगे. खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकाने हैं, पर वे बहुत दूर हैं और पश्चिमी चीन या मध्य एशिया के लिए उपयोगी नहीं. ट्रंप की इस योजना के खिलाफ क्षेत्र में असामान्य एकता देखने को मिली है.

हाल ही में मास्को में आयोजित सातवें मास्को फॉर्मेट कंसल्टेशन ऑन अफगानिस्तान में हिंदुस्तान, चीन, रूस, ईरान, पाकिस्तान और मध्य एशियाई देशों ने एक संयुक्त बयान जारी किया कि ‘अफगानिस्तान या उसके पड़ोसी देशों में किसी विदेशी शक्ति का सैन्य ढांचा अस्वीकार्य है’. यद्यपि बयान में अमेरिका या बगराम का नाम नहीं लिया गया, पर संकेत स्पष्ट था. यह उल्लेखनीय है कि उस हिंदुस्तान ने भी, जो हाल के वर्षों में अमेरिका का निकट रणनीतिक साझेदार रहा है, तालिबान और चीन के साथ इस मुद्दे पर एक स्वर में विरोध दर्ज किया. यह क्षेत्रीय असंतोष की गहराई और बदलते सुरक्षा समीकरणों को दर्शाता है. हिंदुस्तान की आपत्ति उसके सिद्धांतों पर आधारित है. नयी दिल्ली हमेशा अफगानिस्तान की संप्रभुता और स्वतंत्र निर्णय प्रक्रिया का समर्थन करती रही है. वह ‘अफगान नेतृत्व वाले, अफगान स्वामित्व वाले’ समाधान की पक्षधर है. हिंदुस्तान को भय है कि यदि अमेरिकी सैन्य ढांचा लौटता है, तो अफगानिस्तान पुनः महाशक्तियों के संघर्ष का अखाड़ा बन जायेगा, जिससे आतंकवाद, अस्थिरता और चरमपंथ को बढ़ावा मिलेगा. यह न केवल हिंदुस्तान की सुरक्षा के लिए खतरा होगा, बल्कि उसके विकास और संपर्क परियोजनाओं- जैसे ईरान के चाबहार बंदरगाह या अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे- पर भी प्रतिकूल असर डालेगा.

चीन का विरोध उसकी सुरक्षा चिंताओं से प्रेरित है. बगराम से चीन के पश्चिमी क्षेत्रों की निगरानी आसानी से की जा सकती है, जो बीजिंग के लिए अस्वीकार्य है. उसे आशंका है कि अमेरिका इस ठिकाने का उपयोग उइगुर उग्रवाद या अन्य असंतोषी समूहों को समर्थन देने के लिए कर सकता है. रूस और ईरान इसे अमेरिकी सैन्य घेराबंदी की पुरानी रणनीति के पुनरुत्थान के रूप में देखते हैं. पाकिस्तान भी इस विचार से असहज है, क्योंकि वह न तो चीन को नाराज करना चाहता है, न अपने यहां किसी नये नेतृत्वक संकट को जन्म देना चाहता है. ट्रंप और उनके सलाहकारों के लिए बगराम अमेरिकी शक्ति का प्रतीक है. इसके दो लंबे रन-वे बड़े विमानों के लिए उपयुक्त हैं, और इसका स्थान पूरे मध्य और दक्षिण एशिया पर निगरानी रखने के लिए रणनीतिक रूप से आदर्श है. किंतु अब भू-नेतृत्वक परिदृश्य बदल चुका है. अमेरिका का प्रभाव इस क्षेत्र में कम हुआ है, जबकि क्षेत्रीय देश अपनी संप्रभुता और गैर-हस्तक्षेप की नीति पर एकमत हो रहे हैं. वर्ष 2021 में काबुल से वापसी ने अमेरिका की रणनीतिक अधीरता और असंगत नीति को उजागर किया था. यदि अब वह पुनः बगराम में लौटने की कोशिश करता है, तो यह न केवल अफगान संप्रभुता का उल्लंघन होगा, बल्कि अमेरिका की विश्वसनीयता को भी और कमजोर करेगा. वर्तमान समय जब क्षेत्रीय सहयोग विकास, संपर्क और स्थिरता पर आधारित हो रहा है, तब सैन्य दबाव की वापसी प्रतिकूल परिणाम ही लायेगी.

बगराम विवाद इस व्यापक प्रश्न को भी सामने लाता है कि क्या अमेरिका अब भी सैन्य शक्ति को ही अपना प्रमुख उपकरण मानता है? चीन के साथ प्रतिस्पर्धा में केवल सैन्य साधनों से जीत नहीं मिल सकती. आज की प्रतिस्पर्धा कूटनीति, तकनीक, वित्तीय स्थिति और वैश्विक नेतृत्व में है. ट्रंप की बगराम के प्रति जिद घरेलू नेतृत्व के लिए उपयोगी हो सकती है, पर क्षेत्र के लिए यह अस्थिरता के एक नये चक्र की शुरुआत होगी. बगराम पर ट्रंप की महत्वाकांक्षा ने एक दुर्लभ क्षेत्रीय सहमति को जन्म दिया है- हिंदुस्तान, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान और तालिबान इस मुद्दे पर एक साथ खड़े हैं. यह कोई वैचारिक एकता नहीं, व्यावहारिक समझ है कि अफगानिस्तान की स्थिरता ही क्षेत्रीय शांति की कुंजी है. यदि इतिहास से कोई सीख मिलती है, तो वह यह कि इस क्षेत्र में शांति की राह बगराम के रन-वे से नहीं, कूटनीति, संप्रभुता के सम्मान और वास्तविक क्षेत्रीय सहयोग से होकर गुजरती है.
(ये लेखक के निजी विचार हैं.)

The post गलत है बगराम पर नियंत्रण की अमेरिकी जिद appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top